

Highlights:
भाजपा की सहयोगी दलों के साथ सियासी केमिस्ट्री मजबूत करने की कवायद
पंकज चौधरी के साथ डॉ. संजय निषाद से की मुलाकात
पूर्वांचल के निषाद वोट बैंक पर भाजपा की नजर
गठबंधन को मजबूत करने की कोशिश
Nitin Nabin Meeting With Sanjay Nishad: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच भाजपा ने अपने सहयोगी दलों और उनके प्रभावशाली सामाजिक आधार को साधने की कवायद तेज कर दी है। इसी क्रम में गोरखपुर दौरे के दूसरे दिन भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने सहयोगी दल निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद से मुलाकात की।
नितिन नवीन यूपी भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के साथ गोरखपुर पादरी बाजार स्थित डॉ. संजय निषाद के आवास पहुंचे। यहां डॉ. संजय निषाद ने सपरिवार उनका स्वागत किया। इस दौरान चौरी चौरा के विधायक श्रवण निषाद और पूर्व सांसद प्रवीण निषाद समेत परिवार के अन्य सदस्य भी मौजूद रहे।
इस मुलाकात को केवल शिष्टाचार भेंट के बजाय 2027 के सियासी समीकरणों के लिहाज से भी अहम माना जा रहा है। भाजपा की राजनीति में सहयोगी दलों को साथ लेकर चलने और सामाजिक समीकरणों को मजबूत करने की रणनीति लगातार महत्वपूर्ण रही है। ऐसे में निषाद पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के आवास पर राष्ट्रीय अध्यक्ष का पहुंचना गठबंधन के भीतर समन्वय और राजनीतिक रिश्तों को मजबूती देने का संदेश देता है।
दरअसल, पूर्वांचल की राजनीति में निषाद समुदाय का प्रभाव कई विधानसभा क्षेत्रों में निर्णायक भूमिका निभाता है। गोरखपुर, संतकबीरनगर, महराजगंज, देवरिया और आसपास के जिलों में निषाद मतदाताओं की अच्छी भागीदारी है। कई सीटों पर इस समुदाय का समर्थन चुनावी जीत-हार का अंतर तय करने की क्षमता रखता है। यही वजह है कि 2027 के चुनाव से पहले भाजपा के लिए निषाद समाज का भरोसा बनाए रखना महत्वपूर्ण रणनीतिक जरूरत है।
डॉ. संजय निषाद की निषाद पार्टी एनडीए की सहयोगी है और समुदाय के बीच उनका राजनीतिक प्रभाव गठबंधन के लिए अहम माना जाता है। ऐसे में नितिन नबीन की यह मुलाकात 'कोई रूठे नहीं, कोई छूटे नहीं, कोई टूटे नहीं' की राजनीतिक रणनीति के तौर पर भी देखी जा रही है। भाजपा का संदेश साफ है कि मिशन-2027 में सहयोगियों को साथ लेकर ही चुनावी मैदान में उतरने की तैयारी है।
रिपोर्ट:- अनुराग मिश्रा