साहिबाबाद मंडी में दिनदहाड़े फायरिंग, मामूली विवाद में तड़तड़ाईं गोलियां, सामने आया खौफनाक VIDEO

Sahibabad Firing Video: साहिबाबाद नवीन फल एवं सब्जी मंडी में सोमवार को एक बैठक के दौरान तीन लोगों ने फायरिंग कर दी। जिसका एक दहला देने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
ghaziabad-daylight-firing-in-sahibabad-mandi-shocking-video
साहिबाबाद मंडी में फायरिंग (सोर्स- वीडियो)
Published on: 
Updated on: 

Sahibabad Firing Video: गाजियाबाद के साहिबाबाद नवीन फल एवं सब्जी मंडी में सोमवार को एक बैठक के दौरान तीन लोगों ने फायरिंग कर दी। इसमें एक व्यक्ति घायल हो गया। फायरिंग के बाद हमलावर काले रंग की स्कॉर्पियो कार में सवार होकर फरार हो गए।

जानकारी के अनुसार, सचिव सुनील कुमार शर्मा ने मंडी में किसानों के लिए आरक्षित चबूतरे पर कब्जे को लेकर बैठक बुलाई थी। इस बैठक में व्यापारियों से कब्जा हटाने को लेकर बातचीत चल रही थी। तभी किसी बात को लेकर बहस हो गई। जिसके बाद यह फायरिंग की घटना हुई है।

स्कॉर्पियो से आए तीन लोगों ने की फायरिंग

इसी दौरान एक काले रंग की स्कॉर्पियो में सवार तीन लोग आए और तीन राउंड फायरिंग की। बैठक में बैठे लोगों को निशाना बनाकर गोलियां चलाई गईं, जिसमें पल्लेदार सचिन के पैर में गोली लग गई। गोली की आवाज सुनते ही हड़कंप मच गया। इसके बाद हमलावरों ने वहां तोड़फोड़ की और कई व्यापारियों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा।

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो

इस घटना का एक वीडियो भी वायरल हो रहा है। जिसमें साफ दिख रहा है कि सफेद रंग का कुर्ता-पायजामा पहने एक व्यक्ति हाथ में असलहा लिए हुए है। हमलावर लोनी के बताए जा रहे हैं। इस घटना के बाद समूचे इलाके मे अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। वहीं, उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था पर भी सवालिया निशान लग गए।

घटना पर क्या बोले ट्रांस हिंडन डीसीपी?

गोलीबारी की सूचना पर डीसीपी ट्रांस हिंडन निमिष पाटील और एसीपी अभिषेक श्रीवास्तव घटना स्थल पर पहुंचे और मामले की जानकारी देते हुए बताया कि गोली चलाने वाले बाहरी व्यक्ति थे। घटना में घायल हुए व्यक्ति को जिला एमएमजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

दुकान आवंटन को लेकर चली गोलियां: डीसीपी

उन्होंने बताया कि खुलेआम दिनदहाड़े हुई गोलीबारी की इस घटना के पीछे दुकान के आवंटन को लेकर विवाद सामने आ रहा है। उन्होंने बताया कि वीडियो व साक्ष्यों के आधार पर फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है। डीसीपी ने आश्वस्त किया कि सभी आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com