पांच साल की आर्या ने संस्कृत श्लोक सुनाकर जीता डीएम का दिल, गोद में उठाकर बोलीं- ‘देवी स्वरूपा है बच्ची’

Sanskrit Vedic Mantra: फतेहपुर की 5 वर्षीय आर्या अग्रवाल ने डीएम के सामने संस्कृत श्लोकों और वैदिक मंत्रों का प्रभावी पाठ किया। अब यूपी गौरव सम्मान के लिए आर्या अग्रवाल का नाम भेजने की तैयारी है।
Fatehpur 5-Year-Old Arya Wins Praise for Sanskrit and Vedic Mantra Recitation
जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स के साथ आर्या(सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Fatehpur Girl Sanskrit Vedic Mantra: उम्र महज पांच वर्ष, लेकिन संस्कृत के श्लोकों और वैदिक मंत्रों का प्रभावी उच्चारण सुनकर बड़े-बड़े भी प्रभावित हो जाएं। किशनपुर की नन्हीं आर्या अग्रवाल अपनी प्रतिभा से संस्कृत और वैदिक परंपरा को नई पीढ़ी तक पहुंचाने की मिसाल पेश कर रही हैं। जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स के समक्ष आर्या ने जब संस्कृत श्लोकों और वैदिक मंत्रों का सस्वर पाठ किया तो डीएम उसकी प्रतिभा और आत्मविश्वास से बेहद प्रभावित हुईं। उन्होंने आर्या को गोद में उठाकर शुभकामनाएं दीं और उसे ‘देवी स्वरूपा’ बताया।

डीएम के सामने किया मंत्रों का प्रभावी उच्चारण

आर्या ने जिलाधिकारी के समक्ष संस्कृत श्लोकों और वैदिक मंत्रों का आत्मविश्वास के साथ पाठ किया। इतनी कम उम्र में कठिन संस्कृत शब्दों और मंत्रों का स्पष्ट उच्चारण सुनकर वहां मौजूद लोग भी प्रभावित हुए। डीएम ने आर्या की प्रतिभा की सराहना करते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस दौरान आर्या के परिजनों ने भी उसकी उपलब्धियों के बारे में जानकारी दी।

Fatehpur 5-Year-Old Arya Wins Praise for Sanskrit and Vedic Mantra Recitation
मथुरा पहुंचे पूर्व सीएम तीरथ सिंह रावत, श्रीकृष्ण जन्मभूमि मंदिर निर्माण के संकल्प की रजत शिला का किया पूजन

राष्ट्रीय मंच पर दिखाएगी संस्कृत प्रतिभा

आर्या अब संस्कृत कलारंग के लाइव कार्यक्रम में संस्कृत श्लोकों और वैदिक मंत्रों की प्रस्तुति देने जा रही हैं। महज पांच वर्ष की उम्र में राष्ट्रीय स्तर के मंच पर प्रस्तुति का अवसर मिलना उसकी प्रतिभा और लगन को दर्शाता है। परिजनों के अनुसार आर्या को छोटी उम्र से ही संस्कृत श्लोकों और वैदिक मंत्रों में विशेष रुचि रही है। वह कई श्लोक और मंत्र कंठस्थ कर चुकी हैं और अलग-अलग मंचों पर अपनी प्रस्तुति भी दे चुकी हैं।

सम्मानों की लंबी फेहरिस्त, गौरव सम्मान के लिए तैयारी

आर्या की प्रतिभा को उत्तर प्रदेश और देश के विभिन्न मंचों पर सराहना मिल चुकी है। उसे कई पुरस्कार और सम्मान भी प्राप्त हुए हैं। अब उसकी उपलब्धियों को देखते हुए उसका नाम उत्तर प्रदेश गौरव सम्मान के लिए भेजे जाने की तैयारी की जा रही है। आर्या की उपलब्धि से उसके परिवार के साथ किशनपुर और पूरे फतेहपुर के लोग भी गौरवान्वित हैं। इतनी कम उम्र में संस्कृत और वैदिक परंपरा के प्रति उसका लगाव यह संदेश देता है कि प्रतिभा उम्र की मोहताज नहीं होती।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com