

IAS Officer Divya Mittal Resigned: उत्तर प्रदेश कैडर की तेज तर्रार आईएस अधिकारी दिव्या मित्तल ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। साल 2013 बैच की भारतीय प्रशासनिक सेवा अधिकारी दिव्या मित्तल ने सर्विस से खुद को अलग करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक बेहद भावुक पोस्ट लिखी हैं। वर्तमान में वह यूपी सरकार के राजस्व विभाग में विशेष सचिव के पद पर कार्यरत थीं।
दिव्या मित्तल देवरिया में करीब 2 साल तक डीएम रहीं। 6 मई को उनका देवरिया से ट्रांसफर हुआ था। डीएम दिव्या मित्तल को राजस्व विभाग में विशेष सचिव नियुक्त किया गया था। उनके खिलाफ स्थानीय जनप्रतिनिधि विरोध कर रहे थे। उनकी कई शिकायतें सरकार तक पहुंची थीं। देवरिया में डीएम रहते हुए वह कई बार चर्चा में आई थीं।
दिव्या मित्तल ने पुल निर्माण में लापरवाही को लेकर पीडब्ल्यूडी (PWD) के अधिकारी को फटकार लगाई थी। इस दौरान ADM ने तेज धूप का हवाला देकर उनसे छांव में बैठकर बात करने का आग्रह किया। डीएम ने चुटकी लेते हुए कहा- ‘अरे यार, धूप ही तो है, रुको पिघल थोड़ी जाएंगे...।’
इसके अलावा, अवैध कब्जे की शिकायत पर कानूनगो-लेखपाल को फटकार लगाने का उनका वीडियो वायरल हुआ था। कहा था- ‘तमाशा बना रखा है...। एसडीएम, आप पूरे मैटर की जांच करें और रिपोर्ट दें। दोबारा इस तरह की हरकत मत करिएगा। सच में जेल भेज दूंगी आप लोगों को।’
दिव्या मित्तल जब मिर्जापुर की जिलाधिकारी थीं, तब उन्होंने एक ऐसा काम किया जिसकी हर तरफ जमकर चर्चा हुई। मिर्जापुर के हलिया ब्लॉक के लहुरियादह गांव में आजादी के 75 साल बीतने के बाद भी पानी की कोई व्यवस्था नहीं थी। दिव्या मित्तल ने कड़े प्रयासों से इस गांव में आजादी के 75 साल बाद पहली बार पीने के पानी की व्यवस्था कराई।
अपनी पोस्ट में उन्होंने इस भावुक पल को याद करते हुए लिखा कि आज भी उनकी आंखों में लहुरिया दह की पहाड़ी की उस वृद्ध मां का दृश्य बसा हुआ है, जो अपने गांव में पहली बार पानी पहुंचता देख कुछ नहीं बोलीं। उस बूढ़ी अम्मा ने बस कांपते हाथों से दिव्या का सिर छूकर आशीर्वाद दिया था।
उत्तर प्रदेश कैडर की आईएएस अधिकारी दिव्या मित्तल केवल अपनी तेज तर्रार कार्यप्रणाली के लिए ही नहीं, बल्कि सोशल मीडिया पर अपनी सक्रियता के लिए भी जानी जाती हैं। वह सोशल मीडिया पर बहुत एक्टिव रहती हैं और हाल ही में उनकी पहली किताब भी बाजार में आई थी।
अपनी पोस्ट के अंत में उन्होंने अपने उन सभी सहयोगियों, अधिकारियों और कर्मचारियों का भी आभार व्यक्त किया जिन्होंने हर कठिन समय में उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम किया।