संभल को 569 करोड़ की मिली सौगात, CM योगी बोले- अब तुर्क की तुर्कई नहीं चलेगी, हरिहर मंदिर का होगा आदेश

Uttar Pradesh News: संभल दौरे पर सीएम योगी ने 569 करोड़ की 66 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास किया। सपा-कांग्रेस पर हमला बोलते हुए विरासत और कानून व्यवस्था पर बड़ा बयान दिया।
Sambhal receives a gift worth ₹569 crore; CM Yogi declares—"The 'Turk's way' will no longer prevail; the Harihar Temple will be restored."
आदित्यनाथ योगी (सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Yogi Adityanath Sambhal Visit: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संभल दौरे पर थे। दौरे में करीब आधे घंटे से अधिक के संबोधन में उन्होंने सपा और कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। मुख्यमंत्री ने कहा कि 1526 में विदेशी आक्रांताओं ने हरिहर मंदिर को ध्वस्त कर धर्म और संस्कृति को नष्ट करने का प्रयास किया, 19 कूपों पर कब्जा किया और संभल के अस्तित्व से खिलवाड़ किया। उन्होंने कहा कि वर्षों तक तीर्थों की उपेक्षा होती रही, जबकि अब डबल इंजन सरकार उन्हें पुनर्जीवित कर रही है।

उन्होंने कहा कि बहन-बेटियों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों को डबल इंजन की सरकार किसी भी कीमत पर बख्शने वाली नहीं है। उन्होंने कहा कि अब तुर्क की तुर्कई नहीं चलेगी, संभल में वही होगा, जो हरिहर मंदिर का आदेश होगा। मुख्यमंत्री ने संभल और चंदौसी विधानसभा क्षेत्रों के लिए 569 करोड़ रुपये की 66 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास के दौरान ये बातें कहीं।

श्रीराम की 51 फुट ऊंची प्रतिमा का अनावरण

सीएम योगी ने कहा कि भगवान कल्कि की इस पावन भूमि पर संभल और चंदौसी की विकास परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्यक्रम में आने का मुझे सौभाग्य प्राप्त हुआ। चंदौसी, जिसे क्षेत्र का वृंदावन भी कहा जाता है, यहां 145 फुट ऊंची भगवान गणपति की प्रतिमा तथा मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्रीराम की 51 फुट ऊंची प्रतिमा के अनावरण का भी मुझे मौका मिला ये बड़े भाग्य की बात है। मुख्यमंत्री ने कहा कि संभल में पुलिस लाइन का निर्माण कराया जा रहा है। यहां पीएसी की एक बटालियन का गठन किया जा रहा है और इंटीग्रेटेड डिस्ट्रिक्ट हेडक्वार्टर भी बनाया जा रहा है।

बेहतर कनेक्टिविटी से विकास में तेजी

संभल के विकास को ध्यान में रखते हुए विभिन्न मार्गों को फोरलेन सड़कों से जोड़ा जा रहा है। साथ ही गंगा एक्सप्रेसवे को मेरठ, हरिद्वार और प्रयागराज से जोड़ने का कार्य भी आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जब भगवान कल्कि का अवतार होगा, तब देश और दुनिया के लोग यहां एक प्रमुख तीर्थ के रूप में हरिहर मंदिर के दर्शन कर सकेंगे और भगवान कल्कि के दर्शन का भी सौभाग्य प्राप्त करेंगे।

विरासत का अपमान करने वाले लोग कांवड़ियों पर लगाते थे प्रतिबंध

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अपनी विरासत का संरक्षण करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। जिन लोगों ने इस विरासत का अपमान किया, वही लोग कांवड़ यात्रा पर प्रतिबंध लगाते थे। उन्होंने आरोप लगाया कि श्रीकृष्ण जन्माष्टमी और रामनवमी की शोभायात्राओं को रोका जाता था तथा दुर्गा पूजा के पंडाल तक नहीं लगने दिए जाते थे। ऐसे लोग गुलामी की मानसिकता में जीने वाले हैं और उनका विरासत से कोई लेना-देना नहीं है। उन्हें हर कीमत पर सत्ता चाहिए, चाहे उसकी कीमत देश, गरीब, दलित या वंचित समाज को ही क्यों न चुकानी पड़े।

एक तुर्क यहां के देसी मुसलमानों का भी करता था अपमान

उन्होंने कहा कि आज डबल इंजन की सरकार होने के कारण यह कार्य संभव हो पा रहे हैं। उन्होंने सवाल किया कि क्या वर्ष 2017 से पहले यह सब संभव था? क्या उस समय कोई संभल का नाम लेने की भी हिम्मत करता था? उन्होंने कहा कि उस दौर में एक तुर्क आकर यहां लोगों का अपमान करता था। वह यहां के देसी मुसलमानों का भी अपमान करता था और अपनी टोपी को अपनी आंख में लगा करके उनको चिढ़ाने का काम करता था।

मांग स्वीकृत की जाएगी, बस प्रस्ताव भेजिए: योगी

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले 10 वर्षों में डबल इंजन की सरकार ने विकास कार्यों का नया मॉडल प्रस्तुत किया है। उन्होंने कहा कि क्या किसी ने कभी सोचा था कि गंगा एक्सप्रेसवे यहां से होकर जाएगा। अब यहां से प्रयागराज और दिल्ली की दूरी काफी आसान हो गई है। यदि कोई हरिद्वार जाना चाहे तो गंगा एक्सप्रेसवे को हरिद्वार से भी जोड़ा जा रहा है। उन्होंने कहा कि जब सड़क, रेलवे और एयर कनेक्टिविटी बेहतर होती है, तभी प्रगति और समृद्धि का मार्ग प्रशस्त होता है। संभल के उत्पादों को वैश्विक पहचान मिल रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मंत्री गुलाब देवी को बता दिया है कि फ्लाई ओवर की मांग स्वीकृत की जाएगी। बस प्रस्ताव भेज दीजिए। गुलाब देवी स्वयं माध्यमिक शिक्षा मंत्री हैं, मैं उनसे कहता हूं कि वे यहां के लिए भी एक विद्यालय स्वीकृत कर दें। उन्होंने कहा कि चंदौसी में इंटर कॉलेज अवश्य बनना चाहिए, जिसे वे स्वयं बनवाएंगी।

चेहरा देखकर नहीं किया भेदभाव

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जिसने भाजपा को वोट दिया हो या नहीं दिया हो, किसी का चेहरा देखकर कभी भेदभाव नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि भाजपा के जिला अध्यक्ष, विधायक या जिला पंचायत अध्यक्ष। कभी किसी ने चेहरा देखकर यह नहीं कहा कि उसने वोट नहीं दिया, इसलिए उसे सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिलेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के "सबका साथ, सबका विकास" के मंत्र के अनुसार बिना किसी भेदभाव के 16 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन दिया जा रहा है।

कोई हिस्सा लेने की नहीं करेगा कोशिश

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिल्ली से और वह स्वयं लखनऊ से बटन दबाते हैं तो 100 रुपये के 100 रुपये सीधे लाभार्थी के खाते में पहुंचते हैं। बीच में कोई रोक-टोक नहीं है। इसमें हिस्सा लेने की कोशिश करेगा तो समझिए वह जेल जाने की तैयारी कर रहा है।

आज प्रदेश में सुरक्षा और व्यापारिक वातावरण से कोई छेड़छाड़ नहीं कर सकता। उन्होंने कहा कि पहले सपा के समय दंगा होता था और कांग्रेस के समय भी दंगे होते थे। संभल से अधिक दंगों के बारे में कौन जानता है। वर्ष 1978 में यहां बड़ा दंगा हुआ था, लोग जलाए गए, मारे गए, लेकिन पूछने वाला कोई नहीं था।

मस्ती से चल रहा है संभल

उन्होंने कहा कि आज संभल मस्ती के साथ चल रहा है। न कर्फ्यू है न दंगा, सब चंगा है। उन्होंने कहा कि सरकार पहले ही स्पष्ट कर चुकी है कि यदि किसी ने बेटी की सुरक्षा में सेंध लगाने का प्रयास किया तो उसके लिए केवल दो ही जगह हैं जेल या जहन्नुम। इसके अलावा तीसरी कोई जगह नहीं है।

पूर्व की सरकार पर दंगाइयों को सम्मानित करने का लगाया आरोप

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले गरीबों, किसानों और महिलाओं के बारे में कोई सोचने वाला नहीं था। उन्होंने कहा कि उस समय सरकार के मुखिया दोपहर 12 बजे सोकर उठते थे, दो बजे तैयार होते थे, पांच बजे जिम जाने का समय हो जाता था और सात बजे जिम से वापस आने के बाद महफिल जम जाती थी। वह महफिल कब तक चलती थी, इसका कोई हिसाब नहीं था। उन्होंने कहा कि उस समय प्रदेश अराजकता के दौर से गुजर रहा था। दंगे होते थे और दंगाइयों पर कार्रवाई करने के बजाय उन्हें मुख्यमंत्री आवास बुलाकर सम्मानित किया जाता था।

बरेली के मचलने वाले मौलाना का हुआ उपचार

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज डबल इंजन की सरकार में पिछले नौ वर्षों में एक भी दंगा नहीं हुआ। दंगाइयों को पता है कि यदि दंगा करेंगे तो उसकी क्या कीमत चुकानी पड़ेगी। उन्होंने कहा कि बरेली में भी एक मौलाना बहुत मचल रहा था, उसका कैसा उपचार हुआ, यह सभी ने देखा है। उन्होंने कहा कि हमने पहले ही कहा था कि माफिया मिट्टी में मिलेंगे और वे मिट्टी में मिल गए।

बहन-बेटियों की इज्जत से खिलवाड़ करने वालों ने चुकाई कीमत

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत में रहना है तो अपनी मानसिकता को दुरुस्त रखना होगा और भारत की संस्कृति एवं परंपरा का सम्मान करना सीखना होगा। उन्होंने कहा कि बहन-बेटियों की इज्जत के साथ खिलवाड़ करने की कीमत क्या चुकानी पड़ती है, यह सभी जानते हैं।

विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को चेक, कार्ड व प्रमाणपत्र वितरित किए

  • देवपाल को ट्रैक्टर एवं कृषि संयंत्र के लिए 24 लाख का डेमो चेक प्रदान किया गया।
  • हरमुखी देवी को 2.25 लाख की सहायता राशि प्रदान की गई।
  • शालिनी शर्मा को प्रिंटिंग प्रेस के लिए 5 लाख का डेमो चेक दिया गया।
  • मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के तहत मसाला उद्योग के लिए भारत सिंह को 5 लाख का डेमो चेक प्रदान किया गया।
  • मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत अनीस रज्जाक को आवास की चाबी सौंपी गई।
  • राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत ज्योति शर्मा और विनीता यादव को संयुक्त रूप से 10 करोड़ 20 लाख रुपए का डेमो चेक देकर सम्मानित किया गया।
  • सीमा रानी को कैशलेस चिकित्सा कार्ड प्रदान किया गया।
  • संभल जिला प्रशासन द्वारा लगभग सवा करोड़ रुपये मूल्य की पांच बीघा बंजर भूमि को अतिक्रमण मुक्त कर 24 घंटे के भीतर भूमि पट्टा स्वीकृत किया गया। रानी, बृजेश और नन्हे को भूमि आवंटन पट्टे का स्वीकृति पत्र प्रदान किया गया।

ये प्रमुख नेता रहे उपस्थित

कार्यक्रम में माध्यमिक शिक्षा मंत्री गुलाब देवी, सहकारिता मंत्री जे.पी.एस. राठौर, मंत्री सरदार बलदेव सिंह औलख, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष सतपाल सिंह सैनी, प्रदेश उपाध्यक्ष दुर्विजय सिंह शाक्य, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. अनामिका यादव, विधान परिषद सदस्य डॉ. जयपाल सिंह व्यस्त सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com