महिला आरक्षण पर विपक्ष की सोच कुत्सित, CM योगी बोले- पाप धोने का मौका खे दिया

Women Reservation Bill: लखनऊ में सीएम योगी ने महिला आरक्षण पर विपक्ष को घेरा। उन्होंने कहा कि विपक्ष की सोच नकारात्मक है और परिसीमन पर भ्रम फैलाना अक्षम्य है। देश की आधी आबादी उन्हें माफ नहीं करेगी।
cm yogi news
सीएम योगी (Image- Social Media)
Published on
Updated on

CM Yogi on Women Reservation Bill: लखनऊ में योगी आदित्यनाथ ने महिला आरक्षण के मुद्दे पर विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण को लेकर विपक्ष की सोच “कुत्सित” है और इससे किसी का हक नहीं छीना जा रहा है।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार द्वारा महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए उठाए गए कदमों का भी जिक्र किया। सीएम योगी ने कहा कि नरेंद्र मोदी ने 2014 में सत्ता संभालते समय स्पष्ट किया था कि देश में चार प्रमुख वर्ग हैं महिला, गरीब, युवा और किसान।

अपने स्वार्थ के लिए देश को नुकसान पहुंचाया

उन्होंने आरोप लगाया कि जातिवाद की राजनीति करने वाले कुछ दलों ने अपने स्वार्थ के लिए देश को नुकसान पहुंचाया है, और यही कारण है कि वे प्रगतिशील कदमों का विरोध करते हैं। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जब भी प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में कोई बड़ा सुधारात्मक कदम उठाया गया, कांग्रेस और उसके सहयोगियों ने उसका विरोध किया।

परिसीमन को लेकर भ्रम फैलाया

उन्होंने यह भी कहा कि संसद के विशेष सत्र के दौरान विपक्ष ने महिला आरक्षण विधेयक का समर्थन नहीं किया और परिसीमन को लेकर भ्रम फैलाया। प्रधानमंत्री द्वारा यह आश्वासन दिए जाने के बावजूद कि किसी राज्य की सीटें कम नहीं होंगी, विपक्ष ने नकारात्मक रुख अपनाया।

पुराने पापों को सुधारने का मौका था

सीएम योगी ने विपक्ष पर हमला जारी रखते हुए कहा कि उनके पास अपने पुराने “पापों” को सुधारने का मौका था, लेकिन उन्होंने उसे गंवा दिया। उन्होंने विपक्षी दलों पर परिवारवाद और युवाओं के अधिकारों की अनदेखी करने का आरोप लगाया।

अंत में उन्होंने कहा कि वे प्रधानमंत्री मोदी के प्रयासों का समर्थन करते हैं और समाज के हर वर्ग के विकास के लिए उठाए गए कदमों के साथ पूरा उत्तर प्रदेश खड़ा है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि विपक्ष के इस रवैये को “अक्षम्य” माना जाएगा और देश की आधी आबादी उन्हें माफ नहीं करेगी।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com