कांग्रेस के संविधान सम्मेलन में जमकर चले लात-घूंसे, बीजेपी ने वीडियो शेयर कर कसा तंज

यूपी के प्रयागराज में आयोजित कांग्रेस के संविधान सम्मेलन में जमकर हंगामा हुआ। सम्मेलन में कांग्रेस कार्यकर्ता आपस में भिड़ भी गए। मंच पर बैठे वरिष्ठ कांग्रेस नेता लोगों से शांत रहने की अपील करते रहे लेकिन कार्यकर्ता एक दूसरे पर लात-घूंसे बरसाते रहे।
कांग्रेस के संविधान सम्मेलन में जमकर चले लात-घूंसे, बीजेपी ने वीडियो शेयर कर कसा तंज
कांग्रेस के कार्यक्रम में हंगामा (सोर्स-वीडियो)
Published on
Updated on

लखनऊ: यूपी के प्रयागराज में आयोजित कांग्रेस के संविधान सम्मेलन में जमकर हंगामा हुआ। सम्मेलन में कांग्रेस कार्यकर्ता आपस में भिड़ भी गए। मंच पर बैठे वरिष्ठ कांग्रेस नेता लोगों से शांत रहने की अपील करते रहे लेकिन कार्यकर्ता एक दूसरे पर लात-घूंसे बरसाते रहे। यह मामला काफी देर तक चलता रहा। कांग्रेस कार्यकर्ताओं के आपस में भिड़ने के कई वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं।

प्रयागराज जिले के सहसों स्थित लाल बाजार में रविवार को कांग्रेस संविधान सम्मेलन का आयोजन किया गया था। इस कार्यक्रम में प्रदेश के कई जिलों से कार्यकर्ताओं के अलावा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय समेत कई वरिष्ठ नेता पहुंचे थे। कार्यकर्ताओं ने एक-एक कर वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं को माला पहनाकर स्वागत करना शुरू किया। इस दौरान कुछ कार्यकर्ताओं ने पहले माला पहनाने की बात कही। इसे लेकर पहले बहस शुरू हुई। फिर कार्यकर्ताओं के दो गुट आपस में भिड़ गए और हाथापाई शुरू हो गई।

मंच पर बैठे प्रदेश अध्यक्ष अजय राय समेत वरिष्ठ नेता कार्यकर्ताओं को समझाने लगे लेकिन कार्यकर्ता एक दूसरे पर लात-घूंसे बरसाते रहे। यह मामला काफी देर तक चलता रहा। बाद में कार्यकर्ताओं के बीच मारपीट का मामला शांत हो गया। बहरहाल, कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच हुई मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

बीजेपी ने कसा तंज

बीजेपी उत्तर प्रदेश ने इस घटना का वीडियो शेयर करते हुए एक्स पर लिखा कि 'मोहब्बत की दुकान' में खूब चला सपाई रंग। सपाइयों से यारी के बाद कांग्रेस पार्टी के लोगों में 'लाल' रंग सिर चढ़कर बोल रहा है। कांग्रेस द्वारा प्रयागराज में आयोजित किए गए संविधान सम्मेलन का ये दृश्य शहजादे की 'जोड़ने' की दलीलों के खोखले होने का पर्याप्त सुबूत है।

संविधान की रक्षा के लिए अंतिम सांस तक लड़ने को तैयार उधर, संविधान सम्मान सम्मेलन में पहुंचे कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अविनाश पांडेय ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर ने संविधान में समानता के अधिकार के साथ ही सभी वर्गों को न्याय पाने का अधिकार दिया है। प्रदेश में बेरोजगारी और महंगाई चरम पर है। कानून व्यवस्था पूरी तरह से लचर है। आए दिन एनकाउंटर हो रहे हैं। गठबंधन से जो भी प्रत्याशी आएगा। हम सभी उसका सम्मान करेंगे और उसे विजयी बनाने का काम करेंगे।

प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि हमारे कार्यकर्ता बूथ स्तर पर मजबूत हों। ताकि फूलपुर विधानसभा उपचुनाव में गठबंधन मजबूती से लड़ सके। हम सभी यहां राहुल गांधी और प्रियंका गांधी का संदेश लेकर आए हैं। सम्मेलन को सांसद अमेठी किशोरी लाल शर्मा, सांसद प्रयागराज उज्ज्वल रमण सिंह, विधायक मोना मिश्रा, शेखर बहुगुणा आदि ने भी संबोधित किया।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com