भोपाल में BJP की पदयात्रा के चलते कई स्कूलों में छुट्टी, 40 हजार से ज्याद हजारों लोगों के जुटने का अनुमान

Four Schools Closed Tomorrow in Bhopal: भोपाल में BJP की पदयात्रा के कारण 4 बड़े स्कूलों में छुट्टी, जेपी नड्डा करेंगे शुरुआत। जीतू पटवारी ने कसा तंज, भारी ट्रैफिक डायवर्जन की चेतावनी।
BJP Padayatra Bhopal Wednesday four school closed
बुधवार को भोपाल में भाजपा की विशाल पदयात्रा(सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

HIGHLIGHTS:

  • BJP की पदयात्रा के चलते भोपाल के 4 स्कूलों में छुट्टी।

  • सेंट जोसेफ, सेंट थॉमस, कैंपियन और सेंट जेवियर बंद रहेंगे।

  • सुबह 10 बजे अटल पथ से शुरू होगी पदयात्रा।

  • 40 से 50 हजार लोगों के जुटने का अनुमान।

BJP Padayatra Bhopal Wednesday: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में बुधवार, 4 नवंबर को होने वाली भाजपा की विशाल लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ पदयात्रा का असर अब स्कूली बच्चों की पढ़ाई पर भी पड़ने लगा है। कार्यक्रम और शहर में संभावित ट्रैफिक जाम को देखते हुए चार बड़े स्कूलों ने बुधवार को विद्यार्थियों के लिए छुट्टी घोषित कर दी है। इनमें सेंट जोसेफ, सेंट थॉमस, कैंपियन स्कूल और सेंट जेवियर स्कूल शामिल हैं।

वहीं, अन्य स्कूलों को भी अपने स्तर पर स्थिति का आकलन कर छुट्टी या स्कूल के समय में बदलाव करने की छूट दी गई है। इस मुद्दे पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने भाजपा पर निशाना साधते हुए इसे बच्चों और उनके अभिभावकों का नुकसान बताया है।

जेपी नड्डा की मौजूदगी में निकलेगी पदयात्रा, शहर में जुटेंगे हजारों लोग

भाजपा की इस पदयात्रा का शुभारंभ केंद्रीय मंत्री और पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की मौजूदगी में होगा। बुधवार सुबह 10 बजे टीटी नगर स्थित अटल पथ पर सभा आयोजित की जाएगी। इसके बाद पदयात्रा न्यू मार्केट होते हुए रोशनपुरा चौराहे तक पहुंचेगी। कार्यक्रम में भोपाल और नर्मदापुरम संभाग से बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और आम लोगों के शामिल होने की संभावना है। इसके चलते शहर के प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रभावित होने का अनुमान है।

चार स्कूलों में छुट्टी, अन्य स्कूलों को भी निर्णय लेने की छूट

पदयात्रा के मद्देनजर सेंट जोसेफ, सेंट थॉमस, कैंपियन स्कूल और सेंट जेवियर स्कूल प्रबंधन ने विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए 4 नवंबर को अवकाश घोषित किया है। वहीं, जिला शिक्षा अधिकारी ने 3 नवंबर को आदेश जारी कर जिले के सभी सरकारी और निजी स्कूलों को अपने स्तर पर निर्णय लेने के निर्देश दिए हैं। स्कूल प्रबंधन को विद्यार्थियों के आवागमन के रास्तों, स्कूल बसों के रूट और संभावित यातायात बाधाओं का आकलन करने को कहा गया है। जरूरत पड़ने पर स्कूलों के समय में बदलाव या अवकाश घोषित किया जा सकता है।

BJP Padayatra Bhopal Wednesday four school closed
भोपाल में 4 नवंबर को BJP की विशाल पदयात्रा, राजनाथ सिंह की जगह जेपी नड्डा करेंगे शुभारंभ, तैयारियां तेज

1200 बसों और 2 हजार कारों के आने की संभावना

यातायात पुलिस के मुताबिक, पदयात्रा में करीब 40 से 50 हजार लोगों के शामिल होने का अनुमान है, जबकि भाजपा ने लगभग एक लाख लोगों के पहुंचने का दावा किया है। इनके लिए करीब 1200 बसों और 2 हजार चार पहिया वाहनों के भोपाल आने की संभावना है। सुबह 8 बजे से भदभदा चौराहा, भारत माता चौराहा, जवाहर चौक, माता मंदिर, रोशनपुरा, लिंक रोड-1 और पॉलिटेक्निक चौराहे पर यातायात का दबाव बढ़ सकता है।

जीतू पटवारी ने उठाए सवाल, बोले- बच्चों और पैरेंट्स का नुकसान

भाजपा की पदयात्रा के कारण स्कूलों में छुट्टी और समय परिवर्तन की स्थिति को लेकर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने सवाल उठाए हैं। उन्होंने इसे बच्चों और अभिभावकों के लिए नुकसानदायक बताया है। इधर, जिला शिक्षा अधिकारी ने स्कूल प्रबंधन को अपने निर्णय की जानकारी अभिभावकों, विद्यार्थियों और वाहन संचालकों तक पहुंचाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही, स्कूलों को अपने फैसले की सूचना जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में भी अनिवार्य रूप से भेजनी होगी।