बाबा सिद्दीकी हत्याकांड: एसटीएफ-मुंबई क्राइम ब्रांच को मिली बड़ी कामयाबी, नेपाल भाग रहा शातिर शूटर बहराइच से गिरफ्तार

महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री और एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या के मामले में 5 और लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इस मामले में शूटर शिवकुमार और उसे शरण देने वालों को रविवार को गिरफ्तार किया गया।
बाबा सिद्दीकी की हत्या में यूपी एसटीएफ-मुंबई क्राइम ब्रांच को मिली बड़ी कामयाबी, नेपाल भाग रहा शातिर शूटर गिरफ्तार
बाबा सिद्दीकी का शूटर बहराइच से गिरफ्तार (सोर्स-सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

लखनऊ: महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री और एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या के मामले में 5 और लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इस मामले में शूटर शिवकुमार और उसे शरण देने वालों को रविवार को गिरफ्तार किया गया। एसटीएफ उत्तर प्रदेश और मुंबई क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने इस शूटर को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने उसे नानपारा बहराइच से गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि आरोपी शूटर शिवकुमार नेपाल भागने की फिराक में था। लेकिन एसटीएफ ने उसे पहले ही पकड़ लिया। एसटीएफ टीम का नेतृत्व प्रमेश कुमार शुक्ला की मुख्यालय स्थित टीम के सब इंस्पेक्टर जावेद आलम सिद्दीकी कर रहे थे।

शिवकुमार के साथ चार और गिरफ्तार

शूटर शिवकुमार को गिरफ्तार करने के अलावा पुलिस ने उसे शरण देने और नेपाल भागने की कोशिश में मदद करने के आरोप में अनुराग कश्यप, ज्ञान प्रकाश त्रिपाठी, आकाश श्रीवास्तव और अखिलेशेंद्र प्रताप सिंह को भी गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि बहराइच के गंडारा निवासी शिवा बाबा सिद्दीकी की हत्या में शामिल था।

मुंबई पुलिस एक महीने से मुख्य आरोपी की तलाश कर रही थी। महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री बाबा सिद्दीकी की हत्या के सिलसिले में लगातार जांच चल रही है और आरोपियों को गिरफ्तार कर उनसे पूछताछ की जा रही है।

गुरुवार को भी हुई थी गिरफ्तारी

इससे पहले गुरुवार 7 नवंबर को मुंबई क्राइम ब्रांच ने पुणे से दो और लोगों को गिरफ्तार किया था। जबकि बुधवार को मुंबई क्राइम ब्रांच ने पुणे से गौरव अप्पुने (23) को गिरफ्तार किया था। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि गौरव ने बाबा सिद्दीकी की हत्या की योजना बनाने के लिए कई बार अन्य आरोपियों से मुलाकात की थी।

12 अक्टूबर को हुई बाबा सिद्दीकी की हत्या

आपको बता दें कि एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी की 12 अक्टूबर को मुंबई के बांद्रा में उनके बेटे जीशान सिद्दीकी के दफ्तर के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। बाइक पर आए तीन शूटरों ने उन्हें तीन गोलियां मारी थीं। इस हत्या की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली थी।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com