CEO पर फैसला टला, इन संतों को सौंपी गई मंदिर की कमान...राम मंदिर ट्रस्ट की बैठक में क्या-क्या हुआ?

Ayodhya Ram Mandir Update: अयोध्या में राम मंदिर ट्रस्ट की बैठक में CEO चयन, प्रवक्ता नियुक्ति, धार्मिक समिति के पुनर्गठन, चढ़ावा व्यवस्था और SBI के साथ एमओयू की समीक्षा पर अहम फैसले लिए गए हैं।
Decision on CEO deferred; temple's command handed over to these seers... What transpired at the Ram Mandir Trust meeting?
अयोध्या में राम मंदिर ट्रस्ट की बैठक (सोर्स- IANS)
Updated on

Ram Mandir Trust Meeting: श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की न्यासी मंडल की बैठक बुधवार को अयोध्या में आयोजित हुई। बैठक में श्रावण मास के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के संभावित आगमन की तैयारियों, मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) की नियुक्ति, चढ़ावा राशि की गणना से जुड़े मुद्दों, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के साथ हुए एमओयू की समीक्षा, ट्रस्ट में रिक्त पदों की पूर्ति और धार्मिक समिति के पुनर्गठन सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर निर्णय लिए गए।

ट्रस्ट ने मीडिया के साथ नियमित संवाद बनाए रखने के लिए प्रवक्ता नियुक्त करने का भी फैसला किया। बैठक में बताया गया कि मुख्य कार्यकारी अधिकारी के चयन के लिए गठित समिति को बड़ी संख्या में आवेदन प्राप्त हुए हैं। समिति ने चयन प्रक्रिया पूरी करने के लिए एक माह का अतिरिक्त समय मांगा, जिसे न्यासी मंडल ने स्वीकार कर लिया।

सचिव नियुक्त करने की मिली मंजूरी

राम मंदिर में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए इस अवधि में प्रशासनिक कार्य प्रभावित न हों, इसके लिए एक सचिव नियुक्त करने की भी मंजूरी दी गई। न्यास ने बताया कि चढ़ावा राशि की गणना में कथित अनियमितताओं की जांच कर रहे विशेष जांच दल (एसआईटी) की अंतिम रिपोर्ट अभी प्राप्त नहीं हुई है। इसी कारण इस विषय पर विस्तृत चर्चा नहीं हो सकी। बैठक में इस मामले से संबंधित उच्चतम न्यायालय में लंबित याचिकाओं और न्यायालय के आदेशों का भी संज्ञान लिया गया।

बैंक की जिम्मेदारी और सामने आई त्रुटियों पर विस्तृत चर्चा

बैठक में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के साथ हुए एमओयू के तहत बैंक की जिम्मेदारियों और उनके पालन में सामने आई त्रुटियों पर विस्तार से चर्चा हुई। न्यासी मंडल ने अनियमितताओं के सामने आने के बाद बैंक की प्रतिक्रिया और गंभीरता पर निराशा व्यक्त की। ट्रस्ट की वित्त समिति को बैंक के साथ भविष्य के संबंधों और मानक प्रक्रियाओं की समीक्षा कर उचित निर्णय लेने के निर्देश दिए गए।

CCTV कैमरों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा

न्यासियों ने राम मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। बैठक में बताया गया कि राम मंदिर में चढ़ावा गणना कक्ष सहित सभी कैमरों की पहुंच संबंधित सुरक्षा अधिकारियों को पहले से उपलब्ध है। इस व्यवस्था पर न्यासी मंडल ने संतोष व्यक्त किया।

ट्रस्ट ने भारतीय रिजर्व बैंक की सहायक संस्था की टकसाल (मिंट) के साथ स्वर्ण और रजत चढ़ावे की मात्रा एवं शुद्धता की जांच की मौजूदा व्यवस्था को लगातार जारी रखने का निर्णय लिया।

प्रवक्ता नियुक्त करने पर बनी सहमति

समाज और मीडिया के साथ नियमित संवाद बनाए रखने की आवश्यकता को देखते हुए न्यासी मंडल ने ट्रस्ट के लिए आधिकारिक प्रवक्ता नियुक्त करने का निर्णय लिया। बैठक में न्यासी मंडल के रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया की भी समीक्षा की गई। ट्रस्ट के अनुसार, इस प्रक्रिया को पूरा होने में अभी कुछ और सप्ताह का समय लगेगा।

गोविंद देव गिरि होंगे धार्मिक समिति के अध्यक्ष

मंदिर परिसर में पूजा-अर्चना की पारंपरिक प्रामाणिकता और शुद्धता बनाए रखने के उद्देश्य से ट्रस्ट ने धार्मिक समिति का पुनर्गठन किया है। इस समिति के अध्यक्ष स्वामी गोविंद देव गिरि होंगे।

समिति में जगद्गुरु शंकराचार्य ज्योतिष्पीठाधीश्वर स्वामी वासुदेवानंद सरस्वती महाराज, मध्वपीठाधीश्वर स्वामी विश्वप्रसन्नतीर्थ महाराज, स्वामी युगपुरुष परमानंद, स्वामी धीरेंद्रदास (निर्मोही अखाड़ा), स्वामी कमलनयनदास (मणिराम छावनी), महंत राजकुमार दास (रमावल्लभ कुंज), स्वामी रामानंद दास (राम कथा कुंज) और स्वामी मिथिलेश्नंदिनी शरण को सदस्य बनाया गया है।

एजेंसी इनपुट के साथ...

Navbharat Live
navbharatlive.com