

Ayodhya Ram Mandir Donation Theft: उत्तर प्रदेश पुलिस अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में तेजी से कार्रवाई कर रही है। पुलिस रविवार को मामले के मुख्य आरोपी टिन्नू यादव समेत सभी आठ आरोपियों के घरों और ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। जानकारी के मुताबिक, पुलिस ने अब तक इस मामले में आरोपियों के घर से अब तक करीब 79 लाख 85 हजार रुपये की बरामदगी भी कर ली है।
जानकारी के मुताबिक, श्रीराम जन्मभूमि मंदिर ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष गोविंदानंद सरस्वती आज मामले को लेकर एक प्रेस कॉन्फ्रेंस करने वाले हैं। माना जा रहा है कि वह प्रेस कॉन्फ्रेंस में चंदा/धन अनियमितता मुद्दे पर ट्रस्ट पक्ष रखेंगे।
यूपी पुलिस की टीम आज राम मंदिर दान चोरी मामले में हिरासत में लिए गए सभी आठ आरोपियों के घरों पर छापेमारी कर रही है। पुलिस ने सभी के घरों पर एक साथ छापा मारा है। सुत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस छापेमारी के साथ आरोपियों के परिजनों का बयान भी दर्ज करेगी। इसके अलावा उनके प्रॉपर्टियों की जांच और घर में मिले दस्तावेजों की जांच होगी। पुलिस इस मामले में किसी भी प्रकार की कोई भी चूक की गुंजाइश नहीं रहने देना चाहती है।
वहीं, श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सभी सदस्यों से ट्रस्ट में बदलाव के लिए सुझाव मांगे गए हैं। अगामी 11 जुलाई को अयोध्या में ट्रस्ट की एक अहम बैठक होने वाली है। इसमें चंपत राय और डा.अनिल मिश्रा के इस्तीफे के बाद ट्रस्ट में होने वाले बदलाव को लेकर फैसले लिए जाएंगे। माना जा रहा है चंदा चोरी कांड के बाद ट्रस्ट का पूरा ढांचा बदलने की तैयारी है। जिसमें सचिव और सीईओ की नियुक्ति के साथ चार्टड एकाउंटेंट, पूर्व बैंक अधिकारियों, मैनेजमेंट ग्रेजुएट जैसे प्रफेशनल्स को ही चढ़ावे की गिनती, मैनेजमेंट और हिसाब किताब का जिम्मा दिए जाने बात कही जा रही है।
अयोध्या के राम मंदिर में श्रद्धालुओं के चढ़ावा चोरी का मामला दिन पर दिन गहराता जा रहा है। खासकर विशेष जांच दल (SIT) की शुरुआती जांच में चढ़ावे के प्रबंधन में कई गंभीर अनियमितताओं का खुलासा हुआ है। इस मामले में अब तक आठ लोगों को हिरासत में लिया जा चुका है। जिसमें चंपत राय के करीबी और ड्राइवर रामशंकर यादव उर्फ टिन्नू भी शामिल हैं। जानकारी के मुकाबिक, टिन्नू यादव ही इस पूरे गबन का मास्टरमाइंड था।