अयोध्या घूमने के लिए UP सरकार का टूर पैकेज, 1 नवंबर से शुरू होगी डिवाइन हेरिटेज ट्रेल यात्रा, ऐसे करें बुकिंग

Ayodhya Tour Package: अयोध्या में यूपीएसटीडीसी 1 नवंबर से छह घंटे का 'डिवाइन हेरिटेज ट्रेल' टूर पैकेज शुरू कर रहा है, जिसमें रामायण वैक्स म्यूजियम और सरयू आरती सहित प्रमुख स्थलों का भ्रमण कर सकेंगे।
Ayodhya Divine Heritage Trail: UP Government Launches One-Day Tour Package from November 1
अयोध्या(सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Highlights:

  • दीपोत्सव-2026 से पहले अयोध्या में यूपीएसटीडीसी की सौगात

  • छह घंटे में होंगे प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन

  • श्रद्धालुओं के लिए अयोध्या की सुगम आध्यात्मिक यात्रा कराएगी योगी सरकार

  • वरिष्ठ नागरिकों-दिव्यांगजनों के लिए आसान होगी यात्रा

  • रामायण सर्किट में अयोध्या की महत्ता और बढ़ाएगा नया टूर पैकेज

Ayodhya Divine Heritage Trail: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में अयोध्या में दीपोत्सव के दशक की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम (यूपीएसटीडीसी) ने श्रद्धालुओं व पर्यटकों के लिए एक दिवसीय 'अयोध्या डिवाइन हेरिटेज ट्रेल' टूर पैकेज शुरू किया है।

इसके तहत गाइड की अगुवाई में रामनगरी के 14 कोसी परिक्रमा मार्ग से जुड़े प्रमुख मंदिरों, घाटों और धार्मिक स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा। यह यात्रा 1 नवंबर से शुरू होगी। इसके लिए प्रतिदिन दो बैच संचालित होंगे। पहला बैच सुबह 10 से शाम 4 बजे और दूसरा दोपहर 1 से शाम 7 बजे तक चलेगा।

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि अयोध्या की धार्मिक परंपराओं में 14 कोसी परिक्रमा का विशेष महत्व है। श्रद्धालु यह परिक्रमा आस्था और भक्ति की अभिव्यक्ति के रूप में पूरी करते हैं। 'अयोध्या डिवाइन हेरिटेज ट्रेल' के जरिये योगी सरकार इस आध्यात्मिक अनुभव को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना चाहती है। साथ ही, रामायण सर्किट में अयोध्या की महत्ता को और मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है।

Ayodhya Divine Heritage Trail: UP Government Launches One-Day Tour Package from November 1
अयोध्या में दिवाली मनाने की कर रहे हैं प्लानिंग; जानें यात्रा और प्लानिंग के लिए जरूरी टिप्स

टूर पैकेज में शामिल ये प्रमुख स्थल

अयोध्या के लता मंगेशकर चौक से शुरू होने वाली इस यात्रा में पर्यटकों को सबसे पहले 'रामायण वैक्स म्यूजियम' ले जाया जाएगा। यहां पर्यटकों को भगवान श्रीराम, माता सीता सहित रामायण के अन्य पात्रों की मोम से बनी प्रतिमाओं के जरिये महाकाव्य के प्रसंगों को जीवंत रूप में देखने का मौका मिलेगा।

इसके बाद यात्रा सूर्य कुंड, गिरिजा कुंड और पंचमुखी महादेव मंदिर पहुंचेगी। पर्यटकों को गुप्तार घाट, झुनकी घाट, लक्ष्मण किला और शेषावतार मंदिर के भी दर्शन कराए जाएंगे। यात्रा में स्वर्गद्वार, राम की पैड़ी और नागेश्वरनाथ मंदिर भी शामिल हैं। इस भ्रमण में पर्यटक अयोध्या की धार्मिक विरासत, पौराणिक प्रसंगों और आध्यात्मिक महत्व को करीब से देखेंगे।

यात्रा का समापन सरयू आरती के साथ होगा। नदी तट पर दीप प्रज्ज्वलन, पूजा-अर्चना और भक्ति गीतों के बीच मां सरयू की आरती की जाएगी। इस भक्तिमय आयोजन के बाद पर्यटकों को वापस लता मंगेशकर चौक पहुंचाया जाएगा। इसके साथ ही अयोध्या की छह घंटे की आध्यात्मिक यात्रा पूरी होगी।

Ayodhya Divine Heritage Trail: UP Government Launches One-Day Tour Package from November 1
दिवाली-छठ पूजा पर पश्चिम रेलवे की मुंबई-गोरखपुर स्पेशल ट्रेन, कल से शुरू होगी बुकिंग; जानिए पूरा शेड्यूल

ऐसे करें बुकिंग

पैकेज के तहत पर्यटकों को सभी स्थलों तक आने-जाने के लिए एसी वाहन की सुविधा मिलेगी। साथ ही स्थानीय टूर गाइड या कोऑर्डिनेटर भी साथ रहेंगे, जो रास्ते में पड़ने वाले स्थलों के इतिहास, धार्मिक महत्व और उनसे जुड़े रोचक प्रसंगों की जानकारी देंगे। हालांकि, पैकेज में होटल में ठहरने और भोजन की व्यवस्था शामिल नहीं है। इच्छुक पर्यटक यूपीएसटीडीसी की आधिकारिक वेबसाइट upstdc.co.in पर ऑनलाइन बुकिंग कर सकते हैं। इसके अलावा 8130966118 नंबर पर संपर्क कर जानकारी व बुकिंग की जा सकती है।

वरिष्ठ नागरिकों-दिव्यांगजनों के लिए सुविधाजनक यात्रा

यूपीएसटीडीसी के अध्यक्ष अमृत अभिजात ने बताया कि 'अयोध्या डिवाइन हेरिटेज ट्रेल' को इस तरह तैयार किया गया है कि पर्यटक एक ही दिन में गाइड के साथ शहर के प्रमुख धार्मिक स्थलों का सुविधाजनक भ्रमण कर सकें। यह पैकेज खासतौर पर वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों के लिए उपयोगी होगा, जिन्हें लंबी धार्मिक यात्रा स्वतंत्र रूप से करने में परेशानी होती है। इस पहल का उद्देश्य आध्यात्मिक यात्राओं को अधिक सुगम और आरामदायक बनाने के साथ पर्यटकों को अयोध्या की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराना है।