भाई दूज पर अलीगढ़ जिला कारागार में उमड़ा बहनों का सैलाब, 650 से अधिक महिलाओं और बच्चों ने भाइयों को किया तिलक

Aligarh District Jail: मुलाकात के लिए बड़े स्थान पर टेंट लगवाकर कारपेट बिछाया गया था। बहनों को अपने भाइयों का तिलक करने में परेशानी न हो, इसके लिए अलग-अलग स्थानों पर रोली और चावल की व्यवस्था की गई।
Bhai Dooj In Jail
जेल में मना भाई दूज(सोर्स: नवभारत लाइव)
Published on: 
Updated on: 

Highlights:

  • भाई दूज पर अलीगढ़ जिला कारागार में उमड़ा बहनों का सैलाब

  • 650 से अधिक महिलाओं और बच्चों ने भाइयों को किया तिलक

Bhai Dooj in Jail: भाई-बहन के अटूट प्रेम और विश्वास का प्रतीक भाई दूज का पर्व जिला कारागार में भी भावुक माहौल के बीच मनाया गया। अपनों से दूर जेल में बंद भाइयों के माथे पर तिलक लगाने के लिए सुबह से ही बहनों की भीड़ उमड़ पड़ी। किसी के हाथ में रोली-चावल की थाली थी तो किसी के साथ छोटे बच्चे अपने मामा और परिजनों से मिलने पहुंचे थे। जेल की ऊंची दीवारों और सलाखों के बीच त्योहार की खुशियां मनाने पहुंचे इन परिवारों के चेहरों पर मिलने की खुशी साफ दिखाई दी।

भाई दूज के अवसर पर जिला कारागार प्रशासन की ओर से विशेष मुलाकात व्यवस्था की गई थी। जेल अधीक्षक पंकज सिंह के निर्देशन में मुलाकात के लिए आने वाली महिलाओं और बच्चों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए व्यापक इंतजाम किए गए। कारागार के बाहर धूप से बचाव के लिए टेंट लगवाए गए, वहीं पीने के लिए आरओ के ठंडे पानी और महिलाओं के लिए सूक्ष्म जलपान की व्यवस्था की गई। बच्चों को चॉकलेट भी वितरित की गईं।

कारागार परिसर के भीतर भी मुलाकात के लिए बड़े स्थान पर टेंट लगवाकर कारपेट बिछाया गया था। बहनों को अपने भाइयों का तिलक करने में परेशानी न हो, इसके लिए अलग-अलग स्थानों पर रोली और चावल की व्यवस्था की गई। पीने के पानी का भी पर्याप्त इंतजाम किया गया, जिससे मुलाकात के दौरान किसी को असुविधा का सामना न करना पड़े।

Bhai Dooj In Jail
घर में बजनी थीं शहनाइयां, उससे पहले उठीं 3 अर्थियां; झांसी में बहन की शादी का कार्ड बांटने गया था भाई

सुरक्षा के साथ सुविधाओं पर भी रहा जोर

त्योहार के दौरान बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी रखी गई। अलीगढ़ पुलिस प्रशासन के सहयोग से महिला और पुरुष पुलिसकर्मियों के साथ उपनिरीक्षकों की तैनाती की गई। वहीं सीसीटीवी कंट्रोल रूम के माध्यम से पूरे परिसर और बंदियों की गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी गई, जिससे मुलाकात की प्रक्रिया व्यवस्थित बनी रहे।

जेल अधीक्षक पंकज सिंह के अनुसार, भाई दूज के अवसर पर विभिन्न चरणों में अब तक 650 से अधिक महिलाएं और बच्चे अपने बंदी भाइयों तथा परिजनों से मुलाकात के लिए पहुंच चुके थे।

Bhai Dooj In Jail
जेल में भाई से मिलने पहुंची बहनें(सोर्स: नवभारत लाइव)

सलाखें भी नहीं रोक पाईं रिश्तों की गर्माहट

भाई दूज का पर्व उन लोगों के लिए और भी भावुक हो जाता है, जिनके अपने किसी कारणवश परिवार से दूर हैं। जिला कारागार में भी कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिला। बहनों ने भाइयों के माथे पर तिलक लगाकर उनकी लंबी उम्र और बेहतर भविष्य की कामना की।

जेल प्रशासन और सामाजिक संस्था के सहयोग से किए गए इंतजामों ने इस दिन बहनों के लिए मुलाकात को सुविधाजनक बनाया। त्योहार के इस अवसर पर एक बार फिर संदेश मिला कि परिस्थितियां चाहे कितनी भी कठिन क्यों न हों, भाई-बहन के रिश्ते की डोर कमजोर नहीं पड़ती।

Bhai Dooj In Jail
भाई दूज पर जरूर देखें बॉलीवुड की ये 5 फिल्में, कहीं भाई बना बहन की ताकत तो कहीं बहन ने लड़ी भाई के लिए जंग