

Akhilesh Yadav Independence Day Speech: 80वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शनिवार को लखनऊ स्थित पार्टी मुख्यालय में ध्वाजारोहण किया। इसके बाद उन्होंने कार्यक्रम को संबोधित किया। आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए अखिलेश यादव ने पार्टी कार्यकर्ता और नेताओं को खास संदेश दिया।
कार्यक्रम में अखिलेश यादव ने 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए कार्यकर्ताओं को तैयार रहने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि समय बहुत कम है, सभी को अपनी-अपनी तैयारी पूरी रखनी है। उन्होंने बताया कि चुनाव शुरू हो गया है, अब केवल टिकट तय करना बाकी है।
पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं को नसीहत देते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि कोई भी ऐसा बयान न दें जिससे बीजेपी को राजनीतिक फायदा मिले। उन्होंने नेताओं से कहा कि अब अपने हर बयान को लेकर सावधान रहना है। समय कम बचा है, हमें सोच समझकर बोलना होगा। कार्यकर्ताओं को नसीहत देते हुए उन्होंने कहा कि हम छोटे-बड़े नेताओं के लिए पर्चा छपवा देंगे। उनको पर्चा वाला ही बोलना है। बाकी कुछ नहीं बोलना।
इस दौरान अखिलेश यादव ने बीजेपी और RSS पर जमकर हमला बोला। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि बीजेपी और आजादी एक दूसरे के विलोम हैं। बीजेपी और संघ पर गंभीर आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि बीजेपी और उसके संघी साथी स्वतंत्रता दिवस की तैयारी नहीं कर रहे थे, वे विभाजन विभीषिका दिवस मना रहे थे।
आगे उन्होंने कहा कि उनके लिए विभाजन ही उत्सव है। तंज कसते हुए उन्होंने कहा इन्होंने देश की आजादी की लड़ाई में योगदान दिया हो या न दिया हो, लेकिन उसके विभाजन में योगदान जरूर दिया। उन्होंने कहा कि जो लोग कभी तिरंगे का सम्मान नहीं करते थे, आज वो तिरंगा लेकर घूम रहे हैं। ऐसे लोगों से हमें सावधान रहने की जरूरत है।