चीनी चंगुल से निकलो, अमेरिका से सीख लेकर ठोक दो 100% टैरिफ; मोदी सरकार को अखिलेश ने सिखाई विदेश नीति
सपा मुखिया Akhilesh Yadav ने मोदी सरकार को विदेश नीति पर स्वदेशी अपनाने के लिए सलाह दे डाली है। उन्होंने कहा कि अमेरिका से सीख लेकर भारत को चीनी सामान पर 100 प्रतिशत टैरिफ लगा देना चाहिए।
- Written By: सौरभ शर्मा
समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव (फोटो- सोशल मीडिया)
Akhilesh Yadav Remark on Swadeshi: समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बुधवार को भाजपा सरकार के ‘स्वदेशी’ के नारे पर तीखा हमला बोला। सपा प्रमुख ने कहा कि अगर सरकार वाकई में स्वदेशी को बढ़ावा देना चाहती है, तो उसे अमेरिका से सीख लेते हुए चीन के लिए भारतीय बाजार तुरंत बंद कर देना चाहिए, या फिर भारतीय विनिर्माताओं को प्रोत्साहित करने के लिए चीन के उत्पादों पर 100 प्रतिशत टैरिफ लगा देना चाहिए। लखनऊ स्थित सपा मुख्यालय में मीडिया से बात करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा स्वदेशी का केवल दिखावा कर रही है, जबकि दिल से वह विदेशी हैं, और उन्होंने विदेशी वस्तुओं के लिए बाजार खोल रखे हैं।
अखिलेश यादव ने जोर देकर कहा कि चीन ने भारतीय बाजार पर पूरी तरह से कब्जा कर लिया है। सपा के एक वरिष्ठ पदाधिकारी के अनुसार, हाल ही में औद्योगिक क्षेत्र के विशेषज्ञों ने अखिलेश यादव से मुलाकात की थी और स्थानीय बाजारों में भारतीय वस्तुओं के लिए जगह बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया था। उनका मानना था कि त्योहारों का मौसम स्वदेशी को बढ़ावा देने का सही समय है, और चीनी उत्पादों पर टैरिफ लगाकर कुटीर उद्योगों को फिर से खड़ा होने में मदद मिल सकती है। सपा नेता ने कहा कि कौन जानता है, हो सकता है इस दिवाली चीनी लाइटों की अनुपस्थिति भारतीय लाइटों के लिए बाजार में वापसी का मार्ग प्रशस्त कर दे।
किसानों की उपेक्षा पर वार
उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार स्वदेशी की बात सिर्फ किसानों की घोर उपेक्षा जैसे वास्तविक मुद्दों से लोगों का ध्यान भटकाने के लिए कर रही है। उन्होंने कहा कि किसान उर्वरक (खाद) पाने के लिए लंबी कतारों में इंतजार कर रहे हैं और पुलिस की लाठियां झेल रहे हैं। भाजपा सरकार ने किसानों को सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचाया है। उन्होंने कहा कि सरकार ने किसान मंडियों में सुधार के लिए कुछ नहीं किया, बल्कि सपा शासन के दौरान स्थापित मंडियां उपेक्षा का शिकार होकर रह गई हैं।
सम्बंधित ख़बरें
बंगाल और तमिलनाडु में लोकतंत्र का महाकुंभ आज, कुल 5501 उम्मीदवार आजमा रहे किस्मत; पीएम मोदी ने की ये अपील
अखिलेश यादव की दिवंगत मां पर टिप्पणी के बाद सपा कार्यकर्ताओं ने चप्पलों से पीटी मेयर की नेमप्लेट, देखें VIDEO
PM Modi को कहा था ‘आतंकवादी’, अब इलेक्शन कमीशन ने मांगा जवाब; बढ़ सकती है मल्लिकार्जुन खड़गे की मुश्किलें
52 लाख छात्रों का इंतजार! कल जारी होगा यूपी बोर्ड 10वीं-12वीं का रिजल्ट, स्क्रूटनी का भी मिलेगा मौका
यह भी पढ़ें: हरियाणा में IPS-ASI सुसाइड केस में नया एंगल, पूरन कुमार की IAS पत्नी समेत 4 पर FIR दर्ज
डिजिटल प्लेटफॉर्म का तंज
अखिलेश यादव ने सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि गरीब किसानों को धोखा देने के लिए सरकार अब किसानों के लिए डिजिटल प्लेटफॉर्म की बात कर रही है। यह विडंबना है कि जो सरकार उर्वरक उपलब्ध कराने में विफल रही है और गन्ना खरीद मूल्य में सालाना वृद्धि नहीं करती, वह डिजिटल प्लेटफॉर्म की बात कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा सरकार ने किसानों के लिए केवल खोखले वादे किए हैं, जबकि धरातल पर उनकी समस्याओं को नजरअंदाज किया जा रहा है, और चीन पर टैरिफ लगाना स्वदेशी को बढ़ावा देने का पहला ठोस कदम होगा।
