

अखिलेश यादव रामपुर जेल में आजम खान से मुलाकात करने जाएंगे
जेल प्रशासन ने मुलाकात के लिए 45 मिनट का समय दिया है
आजम खान की नाराजगी को लेकर सपा में राजनीतिक चर्चाएं तेज हैं
Akhilesh Yadav-Azam Khan Meeting: उत्तर प्रदेश की राजनीति और खासकर समाजवादी पार्टी (सपा) के लिए आज का बहुत महत्वपूर्ण होने वाला है। सपा सुप्रीमो और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव आज रामपुर जाएंगे, जहां वो जेल में बंद सपा नेता आजम खान से मिलने जाने वाले हैं। माना जा रहा है कि आजम खान सपा प्रमुख के कुछ फैसलों से नाराज हैं।
जानकारी के मुताबिक, जेल प्रशासन ने अखिलेश यादव को आजम खान से मिलने के लिए 45 मिनट का समय दिया है। अखिलेश दोपहर 12:20 बजे प्राइवेट हेलीकॉप्टर से जौहर यूनिवर्सिटी के हेलीपैड पर पहुंचेंगे और फिर वहां से सीधे रामपुर जेल में आजम खान से मिलने पहुंचेंगे। अगले साल उत्तर प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव को देखते हुए इस मीटिंग को काफी अहम माना जा रहा है।
माना जा रहा है कि आजम खान अखिलेश यादव के पिछले कुछ समय से आजम परिवार की अनदेखी करने और इलाके में उनके विकल्प के तौर पर दूसरे मुस्लिम चेहरों को तवज्जो देने से काफी नाराज हैं। हालांकि इसके बाद भी आजम खाम उत्तर प्रदेश के बड़े मुस्लिम नेताओं में से एक हैं। अगले साल प्रदेश में विधानसभा चुनाव होने वालें हैं ऐसे में अखिलेश नहीं चाहते कि आजम खान जैसा बड़ा नेता उनसे नाराज रहे और मुस्लिम वोटर्स उनके हाथ से निकल जाएं।
इससे पहले पिछले महीने अखिलेश यादव के चाचा और आजम खान के पुराने साथी शिवपाल यादव ने भी रामपुर जेल जाकर उनसे मुलाकात की थी। मुलाकात के बाद उन्होंने ऐलान किया था 2027 में विधानसभा चुनाव में जीत के बाद अखिलेश मुख्यमंत्री बनेंगे और आजम खान को गृह मंत्री का पद दिया जाएगा। शिवपाल ने इस दौरान राज्य की योगी आदित्यनाथ सरकार पर आजम खान को जानबूझकर जेल में परेशान करने का आरोप लगाया था।
इसी बीच अखिलेश के रामपुर दौरे पर मौलाना शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी ने सपा पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि अखिलेश 370 दिन बाद आजम खान से मिलने आ रहे हैं, उनका यह दौरा चुनाव से पहले मुसलमानों को लुभाने की रणनीति है। उनकी यह कोशिश नाकाम रहेगी क्योंकि आजम का प्रभाव खत्म हो चुका है।
आजम खान इस समय उत्तर प्रदेश की रामपुर जिला जेल में बंद हैं। उन पर वर्तमान में 100 से अधिक मामले दर्ज हैं। वहीं उनके परिवार पर करीब 300 मामले दर्ज हैं। आजम खान पर लखनऊ में हज समिति की जमीन के नियमों विपरीत आमिश डेवलपर्स के नाम रजिस्ट्री कराने, मनी लॉन्ड्रिंग और जौहर यूनिवर्सिटी के लिए किसानों की जमीनों पर जबरदस्ती कब्जा करने और भड़काऊ भाषण देने जैसे आरोप हैं। इसके अलावा उन पर अपने बेटे अब्दुल्ला आजम खान के लिए दो फर्जी जन्म प्रमाण पत्र और पैन कार्ड बनावाने के आरोप हैं।