

Akash Anand BSP Return: बहुजन समाज पार्टी (BSP) में आकाश आनंद की एक बार फिर वापसी हो गई है। पार्टी में वापसी के साथ उन्हें राष्ट्रीय संयोजक (नेशनल कन्वेनर) की जिम्मेदारी भी दी गई है। बसपा प्रमुख मायावती ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर इसकी जानकारी दी।
मायावती ने अपने पोस्ट में कहा कि पार्टी ने काफी सोच-विचार के बाद आकाश आनंद को फिर से बसपा में काम करने का मौका देने का फैसला किया है। उन्होंने कहा कि यह फैसला पार्टी और बहुजन आंदोलन के हित में लिया गया है।
मायावती ने कहा कि आकाश आनंद का व्यक्तित्व पार्टी में काफी हद तक ठीक रहा है, लेकिन पिछले दिनों उनसे जुड़े कुछ ऐसे कारण रहे, जिनकी वजह से पार्टी संगठन में कई बार जरूरी बदलाव करने पड़े। उन्होंने कहा कि इसके बाद आकाश आनंद के ससुर अशोक सिद्धार्थ को राजनीति से संन्यास लेना पड़ा।
बसपा प्रमुख ने कहा कि इसके बाद से आकाश आनंद के व्यक्तित्व और कार्यशैली में काफी बदलाव देखने को मिला है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पार्टी में वापसी के लिए आकाश आनंद की ओर से किए गए हालिया पोस्ट का भी जिक्र किया।
मायावती ने बताया कि पार्टी के अधिकांश लोगों का कहना था कि आकाश आनंद के अनुरोध को स्वीकार करते हुए उन्हें उनकी पहले दी गई जिम्मेदारियों के साथ दोबारा पार्टी में काम करने का मौका दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि आकाश आनंद के पिता आनंद कुमार और उनके छोटे भाई ईशान आनंद ने भी इस पर अपनी सहमति जताई।
मायावती के मुताबिक, ईशान आनंद ने कहा कि वह बिना किसी पद के भी पार्टी में उनके दिशा-निर्देशन में मिलने वाली जिम्मेदारी को पूरी ईमानदारी और निष्ठा से निभाएंगे।
मायावती ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि अशोक सिद्धार्थ के राजनीति से संन्यास लेने के बाद पार्टी में सब कुछ ठीक और सुचारू रूप से चलेगा और संगठन में बार-बार बदलाव करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि यह काफी हद तक आकाश आनंद पर निर्भर करेगा।
बसपा प्रमुख ने आकाश आनंद के राजनीतिक उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें, उनके छोटे भाई ईशान आनंद और पिता आनंद कुमार को अपना प्यार और आशीर्वाद दिया। साथ ही उन्होंने पिछले दिनों हर परिस्थिति में साथ देने के लिए बहुजन समाज के लोगों और अपने शुभचिंतकों का आभार जताया।