

तेज रफ्तार कार दो बैरियर पार कर ताजमहल के पूर्वी गेट तक पहुंची
कार को रोकने के लिए सुरक्षाकर्मी उसके पीछे दौड़ते दिखे
दो युवकों को गिरफ्तार किया, पुलिस ने कार भी सीज कर दी
Agra Taj Mahal Car Barrier Incident: आगरा में ताजमहल की सुरक्षा में शनिवार शाम बड़ी चूक सामने आई। एक तेज रफ्तार कार दो सुरक्षा बैरियर पार कर ताजमहल के पूर्वी गेट तक पहुंच गई।
कार को रोकने के लिए सुरक्षाकर्मी उसके पीछे दौड़ते नजर आए। घटना का 13 सेकेंड का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस ने कार सवार दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीसरे की तलाश की जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, शनिवार शाम करीब 6:45 बजे ताजमहल पर्यटकों के लिए बंद हो चुका था। इसी दौरान आगरा नंबर की एक कार वीआईपी रोड से तेज रफ्तार में ताजमहल की ओर बढ़ी। कार होटल अमर विलास और ताज खेमा के पास लगे दो बैरियर पार कर पूर्वी गेट तक पहुंच गई। दोनों जगह सुरक्षाकर्मी तैनात थे, लेकिन कार को समय रहते नहीं रोका जा सका।
पूर्वी गेट के पास पुलिस ने कार को रोककर उसमें सवार दो युवकों को पकड़ लिया। उनकी पहचान फतेहाबाद निवासी अमित उपाध्याय और राजस्थान के धौलपुर निवासी अंकित कुशवाहा के रूप में हुई है। दोनों का मेडिकल परीक्षण कराया गया, जिसमें उनके नशे में होने की पुष्टि हुई। पुलिस ने दोनों का चालान कर कार सीज कर दी है।
घटना का वीडियो वायरल होने के बाद ताजमहल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। ताजमहल के आसपास के प्रतिबंधित क्षेत्र में वाहनों की आवाजाही नियंत्रित रहती है। ऐसे में सवाल है कि दो बैरियर पार करने के बावजूद कार को रोका क्यों नहीं जा सका।
ताजमहल की सुरक्षा में रेड और यलो जोन की व्यवस्था है। स्मारक परिसर की सुरक्षा सीआईएसएफ और आसपास के क्षेत्र की सुरक्षा पुलिस संभालती है। इस घटना ने बैरियर पर निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था की तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।