रेलवे के पास हादसे रोकने के लिए 'कवच', लेकिन कोहरे से लड़ने का नहीं कोई हथियार!

Railways Anti-Collision System Kavach: रेलवे के पास ट्रेन दुर्घटनाओं की आशंका को कम करने के लिए आधुनिक सुरक्षा प्रणाली है, लेकिन घने कोहरे में ट्रेनों की रफ्तार और समयबद्धता बनाए रखना बड़ी चुनौती है।
'Kavach system' prevents train accidents
'कवच सिस्‍टम' रोकता है ट्रेन हादसे(सोर्स: सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Highlights:

  • हर सर्दी में थम जाती है ट्रेनों की रफ्तार, घंटों इंतजार करते हैं यात्री

  • कई बार 48 घंटे तक लेट हो जाती हैं ट्रेनें, नेटवर्क को आधुनिक बनाने में जुटा रेलवे

  • कवच प्रणाली दुर्घटना रोकने में मददगार पर कोहरे से बचाव का प्रभावी समाधान नहीं

Kavach Prevent Accidents: सर्दियों ने दस्तक दे दी है। आने वाले दिनों में उत्तर भारत के मैदानी इलाके कोहरे की घनी चादर में लिपटे नजर आएंगे। सर्दी का मौसम शुरू होते ही रेलवे के सामने सबसे बड़ी चुनौती ट्रेनों का सुरक्षित और समयबद्ध संचालन करना होता है। आधुनिक तकनीक, नए इंफ्रास्ट्रक्चर और सुरक्षा प्रणालियों के विकास के बावजूद कोहरा आज भी भारतीय रेलवे के लिए बड़ी परेशानी बना हुआ है। हर साल सर्दियों में हजारों यात्रियों को ट्रेनों की देरी का सामना करना पड़ता है। कई बार इंतजार कुछ घंटों से बढ़कर पूरा दिन और 48 घंटे तक पहुंच जाता है।

रेलवे लगातार अपने नेटवर्क को आधुनिक बनाने में जुटा है। दुर्घटनाओं को रोकने के लिए कवच जैसी स्वदेशी सुरक्षा प्रणाली विकसित की जा रही है। इसके कई चरणों में परीक्षण भी किए जा चुके हैं। नई ट्रेनों का संचालन, स्टेशनों का पुनर्विकास और यात्री सुविधाओं का विस्तार भी तेजी से हो रहा है। लेकिन सवाल यह है कि जब रेलवे तकनीक के क्षेत्र में लगातार आगे बढ़ रहा है तो फिर कोहरे के सामने उसकी रफ्तार क्यों थम जाती है?

कवच से रुक सकते हैं हादसे, कोहरे का असर रोकना अब भी चुनौती

उत्तर मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी डॉ. शिवम शर्मा ने नव भारत से कोहरे से ट्रेनों के संचालन पर पड़ने वाले असर को लेकर साफ कहा कि फिलहाल ऐसी कोई तकनीक उपलब्ध नहीं है, जिससे कोहरे के कारण रेल परिचालन पर पड़ने वाले प्रभाव को पूरी तरह रोका जा सके। उन्होंने बताया कि कवच प्रणाली दुर्घटनाओं को रोकने में मददगार है, लेकिन इसे कोहरे से बचाव की तकनीक नहीं माना जा सकता। यानी रेलवे के पास ट्रेन दुर्घटनाओं की आशंका को कम करने के लिए आधुनिक सुरक्षा प्रणाली है, लेकिन घने कोहरे में ट्रेनों की रफ्तार और समयबद्धता बनाए रखना अब भी बड़ी चुनौती है।

Dr. Shivam Sharma
डॉ. शिवम शर्मा(सोर्स: नवभारत लाइव)
'Kavach system' prevents train accidents
प्रयागराज-वाराणसी के बीच नई मेमू ट्रेन शुरू, छात्रों और वकीलों को मिलेगी राहत; रेल मंत्री को भेजे 13 प्रस्ताव

कोहरा बढ़ते ही थम जाते हैं ट्रेनों के पहिए

सर्दियों में जैसे-जैसे कोहरा घना होता है, वैसे-वैसे रेल परिचालन प्रभावित होने लगता है। दृश्यता कम होने के कारण ट्रेनों को निर्धारित गति से चलाना मुश्किल हो जाता है। सुरक्षा के लिहाज से ट्रेनों की रफ्तार नियंत्रित करनी पड़ती है। इसका सीधा असर समयबद्धता पर पड़ता है। रेलवे स्टेशन पर बैठे यात्रियों से लेकर ट्रेनों के अंदर सफर कर रहे लोगों तक को घंटों इंतजार करना पड़ता है। लंबी दूरी की ट्रेनों में सफर करने वाले यात्रियों की परेशानी और बढ़ जाती है। कई ट्रेनों के 24 से 48 घंटे तक देरी से चलने की स्थिति भी सामने आती है।

हर साल वही परेशानी, यात्रियों को कब मिलेगी राहत?

दिलचस्प बात यह है कि रेलवे लगातार नई तकनीक और आधुनिक सुरक्षा प्रणालियों पर काम कर रहा है, लेकिन कोहरे के मौसम में यात्रियों की परेशानी लगभग हर साल दोहराई जाती है। ट्रेनों की देरी से यात्रियों की आगे की यात्रा, जरूरी काम और कनेक्टिंग ट्रेनों की योजना तक प्रभावित हो जाती है। रेलवे के सामने चुनौती केवल दुर्घटनाओं को रोकने की नहीं, बल्कि प्रतिकूल मौसम में भी यात्रियों को बेहतर और समयबद्ध सेवा देने की है।

अब निगाहें भारतीय रेलवे की भविष्य की तकनीकी योजनाओं पर टिकी हैं। देखना होगा कि आने वाले वर्षों में रेलवे कोहरे की इस पुरानी चुनौती का कोई प्रभावी समाधान तलाश पाता है या फिर हर सर्दी में यात्रियों को ट्रेनों की रफ्तार थमने और घंटों इंतजार करने की परेशानी से जूझना पड़ेगा।

'Kavach system' prevents train accidents
मिर्जापुर में टला बड़ा हादसा! तीसरी रेल-लाइन के काम के दौरान धंसी मिट्टी, कई ट्रेनें डायवर्ट और कैंसिल