2027 से पहले सियासी संग्राम: कांग्रेस के निशाने पर कैबिनेट मंत्री बेबी रानी; अमित सिंह ने लगाए गंभीर आरोप
Agra Political News: आगरा में कांग्रेस शहर अध्यक्ष अमित सिंह ने कैबिनेट मंत्री बेबी रानी मौर्य पर परिवारवाद, विकास कार्यों की अनदेखी और सरकारी जमीन पर होटल निर्माण जैसे कई गंभीर आरोप लगाए हैं।
- Written By: स्निग्धा श्रीवास्तव
बेबी रानी मौर्य- अमित सिंह (सोर्स-सोशल मीडिया)
Agra Rural Assembly Constituency Political News: उत्तर प्रदेश में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव जैसे-जैसे नजदीक आ रहे हैं, प्रदेश की राजनीति में आरोप – प्रत्यारोप का दौर भी तेज होता जा रहा है। इसी क्रम में आगरा में कांग्रेस के शहर अध्यक्ष अमित सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की कैबिनेट में महिला एवं बाल विकास मंत्री तथा आगरा ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र से विधायक बेबी रानी मौर्य पर गंभीर आरोप लगाए हैं। इन आरोपों का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बना हुआ है।
अमित सिंह ने सोशल मीडिया पर जारी अपने वीडियो संदेश में कहा कि यदि सत्ता के दुरुपयोग का उदाहरण देखना हो तो आगरा ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र की विधायक और कैबिनेट मंत्री बेबी रानी मौर्य को देखा जा सकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि मंत्री अपने विधानसभा क्षेत्र के विकास की अपेक्षा परिवार के विकास पर अधिक ध्यान दे रही हैं।
विकास कार्यों की अनदेखी
कांग्रेस नेता ने दावा किया कि आगरा ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के कई विद्यालय बदहाल स्थिति में हैं। क्षेत्र की सड़कों तालाब बन चुकी हैं, सड़कों की हालत खराब है और ग्रामीणों को मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी अनेक समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि क्षेत्र की जनता लगातार समस्याएं उठा रही है, लेकिन जनप्रतिनिधि होने के बावजूद मंत्री इन मुद्दों के समाधान को लेकर गंभीर नजर नहीं आतीं।
सम्बंधित ख़बरें
चलती ट्रेन में गूंजी किलकारी; महिला ने दिया बच्चे को जन्म, आगरा कैंट पर मेडिकल टीम ने संभाली जिम्मेदारी
विधानसभा के मानसून सत्र में गरजे मुख्यमंत्री योगी, बोले- 25 करोड़ जनता के हितों से खिलवाड़ कर रहा विपक्ष
आगरा में नहीं थम रहा ‘लव जिहाद’; परिजनों ने पहचान छिपाकर संबंध बनाने का लगाया आरोप, जांच में जुटी पुलिस
कांग्रेस में शामिल हुए बसपा नेता नीरज शर्मा; प्रदीप माथुर ने दिलाई सदस्यता, पटुका पहनाकर किया अभिनंदन
परिवारवाद का आरोप
अमित सिंह ने एक और गंभीर आरोप लगाते हुए दावा किया कि मंत्री के परिवार द्वारा करोड़ों रुपये की लागत से एक भव्य पांच सितारा होटल का निर्माण कराया जा रहा है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उक्त निर्माण सरकारी भूमि पर किया जा रहा है। कांग्रेस नेता ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मांग की कि मंत्रियों और उनके परिजनों की संपत्तियों की निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा यह पता लगाया जाए कि उनके पास इतनी बड़ी परियोजनाएं खड़ी करने के लिए संसाधन कहां से आए।
उन्होंने कहा कि जनता के बीच पारदर्शिता बनाए रखने के लिए जनप्रतिनिधियों की संपत्तियों और निवेशों की जांच आवश्यक है। उनके अनुसार यदि निष्पक्ष जांच कराई जाए तो कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आ सकते हैं।
यह भी पढ़ें – गोरखपुर को मिलेगी नई पहचान, 100 करोड़ का मेगा बस टर्मिनल! अंग्रेजों के दौर का बस अड्डा बनेगा इतिहास
सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो अमित सिंह का वीडियो
वहीं, अमित सिंह का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो को लेकर लोगों की विभिन्न प्रकार की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कुछ लोग लगाए गए आरोपों की जांच की मांग कर रहे हैं, जबकि कुछ लोग मंत्री की कार्यशैली को लेकर सवाल उठा रहे हैं। सोशल मीडिया पर कई यूजर्स का कहना है कि यदि आरोपों में सच्चाई है तो मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। हालांकि सोशल मीडिया पर व्यक्त की जा रही प्रतिक्रियाओं की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं की जा सकती।
फिलहाल कांग्रेस नेता द्वारा लगाए गए आरोपों पर कैबिनेट मंत्री बेबी रानी मौर्य या उनके कार्यालय की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि भी नहीं हो सकी है। ऐसे में सभी की निगाहें अब मंत्री पक्ष की प्रतिक्रिया और संभावित राजनीतिक घटनाक्रम पर टिकी हुई हैं।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए प्रदेश में इस प्रकार के आरोप-प्रत्यारोप और अधिक तेज हो सकते हैं। फिलहाल वायरल वीडियो ने आगरा की राजनीति में नई बहस छेड़ दी है।
