एक शहर, कई अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर और अब मनल चौहान; एशिया कप में पाकिस्तान के खिलाफ चमका आगरा का सितारा

Manal Chauhan Played Key Role Indian Team Victory: पाकिस्तान के खिलाफ मनल ने 3 छक्कों और 3 चौकों की मदद से 47 रनों की शानदार पारी खेली और भारतीय टीम की जीत में अहम योगदान दिया।
Cricketer Manal Chauhan's parents and relatives
क्रिकेटर मनल चौहान के माता- पिता और संबंधी (सोर्स : नवभारत लाइव)
Published on: 
Updated on: 

Highlights:

  • पाकिस्तान के खिलाफ चमका मनल 3 छक्के और 3 चौकों से बनाए 47 रन

  • अंडर-14 और अंडर-16 के बाद अंडर-19 टीम तक पहुंचे मनल

  • दीप्ति शर्मा, ध्रुव जुरैल और दीपक चाहर के बाद मनल ने बढ़ाया शहर का गौरव

Agra Star Manal Chauhan Asia Cup Against Pakistan: क्रिकेट के मैदान पर जब मुकाबला भारत और पाकिस्तान के बीच हो तो हर गेंद के साथ रोमांच बढ़ता जाता है। एशिया कप में भारतीय अंडर-19 टीम की जीत ने देशभर के क्रिकेट प्रेमियों को जश्न मनाने का मौका दिया। इस रोमांचक मुकाबले में आगरा के लाल मनल चौहान ने भी अपने बल्ले से ऐसी छाप छोड़ी कि हर तरफ उनकी चर्चा होने लगी।

पाकिस्तान के खिलाफ मनल ने 3 छक्कों और 3 चौकों की मदद से 47 रनों की शानदार पारी खेली और भारतीय टीम की जीत में अहम योगदान दिया। बेटे की इस उपलब्धि की खबर जैसे ही परिवार तक पहुंची, घर में खुशियों का माहौल बन गया। परिजनों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत का जश्न मनाया।

अंडर-14 और अंडर-16 के बाद अंडर-19 टीम का सफर

मनल चौहान की यह सफलता अचानक नहीं मिली है, बल्कि इसके पीछे वर्षों की मेहनत, लगन और परिवार का सहयोग है। मनल के पिता सुदीप चौहान मैनपुरी के नगला जुला गांव के प्रधान हैं, जबकि मां प्रीति चौहान गृहिणी हैं।

पिता सुदीप बताते हैं कि मनल को बचपन से ही क्रिकेट का शौक था। बेटे की रुचि देखकर उन्होंने उसका दाखिला क्रिकेट एकेडमी में कराया। शुरुआत में पढ़ाई और क्रिकेट के बीच संतुलन को लेकर चिंता जरूर थी, लेकिन मनल ने भरोसा दिलाया कि वह दोनों को साथ लेकर चलेगा। इसके बाद मनल ने अंडर-14 और अंडर-16 क्रिकेट में अपनी प्रतिभा दिखाई और अब अंडर-19 टीम तक पहुंचकर देश का प्रतिनिधित्व कर रहा है।

पिता के मुताबिक, मनल ऑस्ट्रेलिया और श्रीलंका में भी क्रिकेट खेल चुका है और वहां मेडल जीतकर परिवार का गौरव बढ़ा चुका है। अब पाकिस्तान के खिलाफ उसकी 47 रनों की पारी ने उसकी प्रतिभा को एक नई पहचान दी है।

मां से किया था जीतकर लौटने का वादा

मनल की मां प्रीति चौहान बेटे की सफलता का श्रेय ठाकुर बांके बिहारी जी की कृपा को देती हैं। उन्होंने बताया कि बेटा जब घर से खेलने के लिए निकला था तो जीतकर लौटने का वादा करके गया था। उसने मां से कहा था कि अपनी जिंदगी दांव पर लगा दूंगा, लेकिन जीतकर आऊंगा।

मां बताती हैं कि मैच के दौरान वह बेटे की पूरी बल्लेबाजी भी नहीं देख पाईं। मां होने के नाते मन में एक अजीब सा डर था, लेकिन जैसे ही भारतीय टीम की जीत की खबर मिली, दिल खुशी से भर गया। अब उनकी इच्छा है कि बेटा भारतीय सीनियर टीम में जगह बनाए और देश के लिए विश्व कप जीतकर लौटे।

क्रिकेट की अंतरराष्ट्रीय दुनिया में पहले से चमक रहा है आगरा

दरअसल, मनल आगरा का पहला क्रिकेट खिलाड़ी नहीं है, जो अंतरराष्ट्रीय मंच पर ताजनगरी का नाम रोशन कर रहा है। आगरा की मिट्टी ने भारतीय क्रिकेट को कई बेहतरीन खिलाड़ी दिए हैं।

महिला क्रिकेट में दीप्ति शर्मा और पूनम यादव ने अपने शानदार प्रदर्शन से देश-दुनिया में पहचान बनाई है। पूर्व भारतीय महिला क्रिकेटर हेमलता काला और प्रीति डिमरी ने भी भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व कर आगरा में महिला क्रिकेट की मजबूत नींव रखी। राशि कनौजिया ने भी भारतीय महिला टीम तक पहुंचकर शहर का गौरव बढ़ाया है।

Cricketer Manal Chauhan's parents and relatives
महिला क्रिकेट में दीप्ति शर्मा का रिकॉर्ड, बनीं तीनों फॉर्मेट में 5 विकेट हॉल लेने वाली दुनिया की चौथी गेंदबाज

पाकिस्तान के विरुद्ध मनल ने खेली बेहतरीन पारी

पुरुष क्रिकेट में विकेटकीपर बल्लेबाज ध्रुव जुरैल ने भारतीय टीम में अपनी जगह बनाकर ताजनगरी को नई पहचान दी है। वहीं अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में दीपक चाहर और राहुल चाहर भी आगरा का नाम रोशन कर चुके हैं। इन खिलाड़ियों की उपलब्धियां इस बात का प्रमाण हैं कि आगरा में क्रिकेट प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है।

अब मनल चौहान का नाम भी इसी कड़ी में जुड़ता दिखाई दे रहा है। पाकिस्तान के विरुद्ध उनकी बेहतरीन पारी ने एक बार फिर यह सिद्ध कर दिया है कि ताजनगरी की क्रिकेट प्रतिभाएं बड़े मंच पर अपनी चमक बिखेरने का दम रखती हैं।

आगरा के क्रिकेट प्रेमियों और मनल के परिवार को अब उस दिन का इंतजार है, जब यह युवा खिलाड़ी भारतीय सीनियर टीम की जर्सी पहनकर अंतरराष्ट्रीय मैदान पर उतरेगा और देश के लिए विश्व कप जीतने का सपना पूरा करेगा।

Cricketer Manal Chauhan's parents and relatives
क्रिकेट सिखाओ, आगे बढ़ाओ...पसीना बहाकर भारतीय टीम की दहलीज तक पहुंचने को बेताब हैं आगरा की बेटियां