

Liquor Seized Agra: बिहार में शराबबंदी के बावजूद वहां अवैध शराब पहुंचाने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। आगरा पुलिस ने एक बार फिर शराब तस्करी के बड़े नेटवर्क पर प्रहार करते हुए खंदौली थाना क्षेत्र में हरियाणा-पंजाब मार्का शराब से लदा ट्रक पकड़ा है। ट्रक से करीब 45 लाख रुपये कीमत की 310 पेटी अवैध शराब बरामद की गई है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और अब पूरे तस्करी नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
पुलिस के मुताबिक, काउंटर इंटेलिजेंस टीम को पूर्व में पकड़ी गई शराब की खेप के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक की जांच के दौरान अहम सुराग मिले थे। सूचना के आधार पर टीम ने खंदौली क्षेत्र में घेराबंदी की। इसी दौरान संदिग्ध ट्रक को रोककर उसकी तलाशी ली गई तो उसमें भारी मात्रा में शराब बरामद हुई।
डीसीपी वेस्ट आदित्य कुमार ने बताया कि पुलिस आयुक्त के निर्देशन में अपराध और अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कार्रवाई के तहत शराब से भरे ट्रक को पकड़ा गया है। बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 45 लाख रुपये है। आरोपी की पहचान राजस्थान निवासी मनीष कुमार के रूप में हुई है।
पुलिस की जांच में सामने आया है कि शराब की यह खेप चंडीगढ़ के आसपास से लोड की गई थी और बिहार के समस्तीपुर भेजी जा रही थी। शराब से लदा ट्रक मध्य प्रदेश के एक व्यक्ति के नाम दर्ज बताया जा रहा है। अब पुलिस ट्रक मालिक, शराब की सप्लाई करने वाले और खेप को बिहार तक पहुंचाने वाले नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।
डीसीपी वेस्ट के मुताबिक बिहार ड्राई स्टेट होने के कारण तस्कर दूसरे राज्यों से शराब वहां पहुंचाने का प्रयास करते हैं। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं और इससे पहले कितनी खेप बिहार भेजी जा चुकी हैं। आरोपी का आपराधिक इतिहास भी खंगाला जा रहा है।
खास बात यह है कि दो दिन पहले भी आगरा पुलिस ने 40 लाख रुपये से अधिक कीमत की हरियाणा मार्का शराब बरामद की थी। लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से शराब तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस अब सिर्फ खेप पकड़ने तक सीमित न रहकर इसके पीछे सक्रिय पूरे नेटवर्क तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।