मथुरा-आगरा कैंट रेलखंड पर लागू हुआ ‘मानक कवच’; रेल यात्रियों की सुरक्षा होगी और मजबूत, लगाए गए 766 RFID टैग

Mathura-Agra Railway: रेल यात्रियों की सुरक्षा को अधिक मजबूत करने की दिशा में मथुरा-आगरा कैंट रेलखंड के 53.790 रूट किमी हिस्से में अत्याधुनिक स्वदेशी ‘मानक कवच’ सिस्टम कमीशन हुआ। 766 RFID टैग लगाए गए।
Kavach Train Protection System Commissioned on Mathura Agra Cantt Rail Section
मथुरा-आगरा कैंट रेलखंड(सोर्स- फोटो नवभारत)
Published on
Updated on

Kavach Train Protection System: रेल यात्रियों की सुरक्षा को और अधिक मजबूत करने की दिशा में आगरा मंडल ने महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। मथुरा जंक्शन–आगरा कैंट रेलखंड के 53.790 रूट किलोमीटर हिस्से में भारतीय रेलवे की अत्याधुनिक स्वदेशी ट्रेन सुरक्षा प्रणाली ‘मानक कवच’ का सफलतापूर्वक कमीशनिंग किया गया है। आगरा मंडल में पहली बार इस प्रणाली को कमीशन किया गया है।

उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह और आगरा मंडल के मंडल रेल प्रबंधक गगन गोयल के मार्गदर्शन में यह कार्य पूरा किया गया। पीआरओ संजय गौतम के अनुसार, मानक कवच की स्थापना आगरा मंडल में आधुनिक रेल तकनीक और उन्नत संरक्षा व्यवस्था को विस्तार देने की दिशा में अहम कदम है।

टक्कर समेत कई खतरों से बचाव में मददगार

मथुरा-आगरा कैंट रेलखंड पर लगाई गई मानक कवच प्रणाली ट्रेन परिचालन के दौरान संभावित दुर्घटनाओं को रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। इसमें आमने-सामने की टक्कर और पीछे से होने वाली टक्कर से बचाव, रोल-अवे प्रिवेंशन, स्टैंडस्टिल सुरक्षा जैसी सुविधाएं शामिल हैं। इसके अलावा आपात स्थिति में मैनुअल एसओएस जनरेशन की सुविधा भी उपलब्ध है।

Kavach Train Protection System Commissioned on Mathura Agra Cantt Rail Section
कानपुर देहात में गोकशी का खुलासा; पुलिस मुठभेड़ में दो गोकशों के पैर में लगी गोली, अवैध हथियार बरामद

766 RFID टैग लगाए गए

परियोजना के तहत मथुरा-आगरा कैंट रेलखंड पर कुल 766 RFID टैग स्थापित किए गए हैं। सिस्टम को सुरक्षित और प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए कमीशनिंग से पहले लोको पायलटों, अन्य रनिंग स्टाफ तथा सिग्नल एवं दूरसंचार विभाग के कर्मचारियों को आवश्यक प्रशिक्षण भी दिया गया।

उत्तर मध्य रेलवे में 122.20 रूट किमी हुआ कवच नेटवर्क

मानक कवच के इस सफल कमीशनिंग के बाद उत्तर मध्य रेलवे में कमीशन किए गए मानक कवच नेटवर्क की कुल लंबाई बढ़कर 122.20 रूट किलोमीटर हो गई है।

भारतीय रेलवे द्वारा विकसित मानक कवच एक स्वदेशी स्वचालित ट्रेन सुरक्षा प्रणाली है। इसका उद्देश्य ट्रेन संचालन के दौरान मानवीय अथवा तकनीकी कारणों से होने वाली दुर्घटनाओं की आशंका को कम करना और रेल परिचालन को अधिक सुरक्षित एवं विश्वसनीय बनाना है।

आगरा मंडल की ओर से आधुनिक तकनीक और उन्नत संरक्षा प्रणालियों को अपनाकर यात्रियों को सुरक्षित एवं बेहतर रेल यात्रा उपलब्ध कराने पर लगातार जोर दिया जा रहा है। मथुरा–आगरा कैंट खंड में मानक कवच का सफल कमीशनिंग इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com