

त्योहारी सीजन में यात्रियों की बढ़ी मुश्किलें
44 विशेष ट्रेनों का संचालन करेगा रेलवे
हवाई सफर 20 से 25 प्रतिशत तक महंगा
Increased Difficulties During Festive Season : देशभर में दीपावली की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। बाजारों में रौनक बढ़ने के साथ ही नौकरीपेशा लोगों में भी अपने परिवार के साथ दीपावली मनाने के लिए घर पहुंचने की उत्सुकता है। लेकिन इस बार त्योहार पर घर पहुंचने की राह आसान नजर नहीं आ रही है। एक तरफ हवाई सफर 20 से 25 प्रतिशत तक महंगा हो गया है, वहीं दूसरी ओर रेलवे की आरक्षित टिकटों की प्रतीक्षा सूची 200 के पार पहुंच चुकी है।
ऐसे में यात्रियों के सामने अपने घर और परिजनों तक पहुंचने की चुनौती खड़ी हो गई है।हवाई किरायों में बढ़ोतरी के चलते अब बड़ी संख्या में यात्रियों की उम्मीदें रेलवे पर टिकी हैं। त्योहारों के दौरान ट्रेनों में बढ़ती भीड़ और आरक्षित टिकटों की लंबी प्रतीक्षा सूची ने यात्रियों की चिंता बढ़ा दी है। दीपावली, छठ पूजा, गोवर्धन पूजा और भाई दूज जैसे प्रमुख त्योहारों पर घर जाने वालों को टिकट मिलने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ सकती है।
त्योहारी सीजन में यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए रेलवे हर वर्ष की तरह इस बार भी विशेष ट्रेनों का संचालन कर रहा है। दीपोत्सव, छठ पूजा और अन्य त्योहारों पर यात्रियों की सुविधा के लिए करीब 44 विशेष ट्रेनों की व्यवस्था की गई है। इन ट्रेनों के माध्यम से विभिन्न शहरों और प्रमुख रेल मार्गों पर यात्रियों को अतिरिक्त सुविधा उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।
उत्तर मध्य रेलवे, आगरा रेल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी संजय गौतम ने बताया कि यात्रियों की सुविधा और सुरक्षित यात्रा रेलवे की प्राथमिकता है। त्योहारों के दौरान यात्रियों की संख्या में होने वाली वृद्धि को देखते हुए विशेष ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। यदि यात्रियों का दबाव और बढ़ता है तो विशेष ट्रेनों की संख्या में भी इजाफा किया जा सकता है।
त्योहारी भीड़ के बीच यात्रियों की सुरक्षा को लेकर भी रेलवे सतर्क है। आगरा रेल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी संजय गौतम के मुताबिक, रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
रेलवे स्टेशनों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी की जा रही है। इसके साथ ही आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीमें रेलवे स्टेशन, सर्कुलेटिंग एरिया और ट्रेनों के अंदर सघन चेकिंग अभियान चला रही हैं, ताकि यात्रियों को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराया जा सके और किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
रेलवे की ओर से संचालित की जा रही विशेष ट्रेनों में गोमती नगर-वलसाड, बढ़नी-बांद्रा टर्मिनस, भगत की कोठी-दानापुर, जोधपुर-मऊ, निजामुद्दीन-दादर, खजुराहो-रूंधी, जबलपुर-हरिद्वार, जबलपुर-हजरत निजामुद्दीन, आगरा कैंट-रूंधी, सूबेदारगंज-भगत की कोठी, प्रयागराज-निजामुद्दीन, बांद्रा टर्मिनस-गोरखपुर, कोलकाता-प्रताप नगर और हावड़ा-खातीपुरा सहित करीब 44 विशेष ट्रेनें शामिल हैं।
रेलवे का कहना है कि त्योहारों के दौरान यात्रियों की संख्या और ट्रेनों में बढ़ते दबाव पर लगातार नजर रखी जा रही है। जरूरत के अनुसार अतिरिक्त ट्रेनों का संचालन कर यात्रियों को राहत देने का प्रयास किया जाएगा।