

Agra Jail Spiritual Program: जिला जेल की चारदीवारी गुरुवार को उस समय भक्ति के स्वरों से गूंज उठी, जब नीम करौली बाबा के जीवन, आध्यात्मिक विचारों और राम नाम के संदेश से प्रेरित फिल्म ‘हनुमान अंश’ की स्टारकास्ट जेल पहुंची। कलाकारों ने जेल में निरुद्ध कैदियों से संवाद किया और उन्हें आत्मचिंतन, सकारात्मक सोच तथा राम नाम से जुड़कर जीवन में बदलाव लाने के लिए प्रेरित किया।
फिल्म की टीम में विशाल चतुर्वेदी, शोभिनव सत्या, पूर्णिमा तिवारी, ऋषि पाठक तथा संगीतकार एवं गायक साधु तिवारी समेत अन्य सदस्य शामिल रहे। कलाकारों ने कैदियों के साथ फिल्म निर्माण की यात्रा, किरदारों की तैयारी, शूटिंग के अनुभव और फिल्म के आध्यात्मिक संदेश को साझा किया।
कार्यक्रम का सबसे भावपूर्ण क्षण उस समय आया, जब संगीतकार एवं गायक साधु तिवारी ने फिल्म का चर्चित ‘पार्वती’ गीत प्रस्तुत किया। इसके बाद ऋषि पाठक ने राम नाम से जुड़ी संगीतमय प्रस्तुति दी। फिल्म कलाकारों के साथ कैदियों ने भी राम नाम का जाप और संकीर्तन किया। कुछ देर के लिए जेल परिसर भक्ति और आध्यात्मिक माहौल में डूब गया।
कलाकारों ने कहा कि जीवन में परिस्थितियां कैसी भी हों, सकारात्मक सोच, आत्मचिंतन, सेवा और मानवता के रास्ते पर चलकर बदलाव संभव है। उन्होंने कैदियों से अतीत को पीछे छोड़कर बेहतर भविष्य की ओर बढ़ने का आह्वान किया।
इस आयोजन में प्रमुख उद्यमी पूरन डाबर और जिला जेल प्रशासन के हरिओम शर्मा का सहयोग रहा। वहीं स्वामी आनंद अग्रवाल, राजदीप सिंह, आशीष शर्मा और सुबोध की सक्रिय भूमिका से कार्यक्रम सफल हुआ।
फिल्म के सामाजिक और आध्यात्मिक संदेश को देखते हुए इसे उत्तर प्रदेश में टैक्स-फ्री किए जाने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से अनुरोध करने का प्रस्ताव भी रखा गया। साथ ही जिला जेल में निरुद्ध कैदियों के लिए फिल्म की विशेष स्क्रीनिंग कराने की अनुमति मांगी गई है। कार्यक्रम का समापन राम नाम, भजन और सकारात्मक जीवन जीने के संकल्प के साथ हुआ।