

Highlights:
न्यू टूंडला स्टेशन के सीसीटीवी कंट्रोल रूम से लेकर संवेदनशील स्थानों तक सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा
रेलवे और पुलिस के बीच बेहतर समन्वय पर जोर
ADG और फिरोजाबाद SSP के साथ हुई बैठक
DFCCIL Railway Security: त्योहारों के दौरान रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (डीएफसीसीआईएल) ने सतर्कता बढ़ा दी है। मालगाड़ियों के निर्बाध संचालन और कॉरिडोर की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सुरक्षा अधिकारियों ने रेलवे तथा पुलिस विभाग के साथ समन्वय बैठक कर सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की। इसी क्रम में महानिरीक्षक सह समूह महाप्रबंधक (सुरक्षा), पूर्वी कॉरिडोर, प्रयागराज आशीष मिश्रा ने न्यू टूंडला स्टेशन का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
आशीष मिश्रा ने अपर पुलिस महानिदेशक आगरा जोन एसके भगत और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक फिरोजाबाद आदित्य लांग्हे के साथ सुरक्षा से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। बैठक में भारतीय रेलवे और डीएफसीसीआईएल कॉरिडोर पर मालगाड़ियों का संचालन बाधित न होने देने तथा त्योहारों के दौरान संभावित सुरक्षा चुनौतियों से निपटने के लिए पुलिस को सतर्क रखने पर विशेष जोर दिया गया।
मंगलवार को न्यू टूंडला स्टेशन पहुंचे आईजी आशीष मिश्रा ने स्टेशन परिसर में स्थापित सीसीटीवी कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया। उन्होंने सुरक्षा निगरानी की व्यवस्था का जायजा लेते हुए डीजीआर गार्डों को संवेदनशील स्थानों पर लगातार गश्त करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई के लिए सतर्क रहने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान न्यू भाऊपुर से न्यू बोराकी तक कॉरिडोर के अंतर्गत आने वाले स्टेशन भवनों, रिले रूम और अन्य महत्वपूर्ण भवनों की सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को सभी संवेदनशील परिसरों में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से प्रभावी निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
सुरक्षा निरीक्षक पंकज कुमार, रेलवे सुरक्षा बल थाना प्रभारी निरीक्षक अवधेश गोस्वामी और अपराध सूचना शाखा निरीक्षक ए.के. पांडे के साथ हुई चर्चा में स्थानीय पुलिस के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया गया।
अधिकारियों का उद्देश्य त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के साथ मालगाड़ियों के संचालन में किसी भी तरह की बाधा को रोकना है। निरीक्षण के दौरान डीएफसीसीआईएल के सुरक्षा कर्मचारी और रेलवे सुरक्षा बल के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।