

Agra Swine Flu Isolation Ward: देश और प्रदेश में स्वाइन फ्लू के बढ़ते मामलों के बीच स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है। लखनऊ के बाद हाथरस में स्वाइन फ्लू का मरीज मिलने की सूचना के बाद उत्तर प्रदेश में स्वास्थ्य महकमा अलर्ट मोड पर है। भारत सरकार और उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से जारी एडवाइजरी के बाद आगरा में भी स्वास्थ्य विभाग ने संक्रमण से निपटने के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं।
जिला अस्पताल में संदिग्ध और संक्रमित मरीजों के उपचार के लिए अलग से 20 बेड का आइसोलेशन वार्ड तैयार किया गया है। इसके साथ ही स्वाइन फ्लू की जांच और टेस्टिंग की व्यवस्था भी शुरू कर दी गई है। अस्पताल प्रशासन का कहना है कि किसी भी संभावित स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी की जा रही हैं।
जिला अस्पताल के अधीक्षक डॉ.केसी धाकड़ ने बताया कि स्वाइन फ्लू को लेकर अस्पताल प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। संदिग्ध मरीजों को अन्य मरीजों से अलग रखने के लिए आइसोलेशन वार्ड तैयार किया गया है। स्वास्थ्य विभाग स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और आवश्यकता पड़ने पर व्यवस्थाओं को और मजबूत किया जाएगा।
अस्पताल प्रशासन ने लोगों से स्वाइन फ्लू के संभावित लक्षणों को लेकर विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। लगातार बुखार रहना, लंबे समय तक खांसी-जुकाम बने रहना, अत्यधिक कमजोरी या सुस्ती महसूस होना तथा वजन कम होना जैसे लक्षण दिखाई देने पर तत्काल चिकित्सक से परामर्श लेने की सलाह दी गई है।
जिला अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों और उनके तीमारदारों से मास्क पहनने और संक्रमण से बचाव के लिए जरूरी सावधानियां बरतने को कहा गया है। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि किसी भी तरह की लापरवाही न बरतें और लक्षण दिखाई देने पर खुद इलाज करने के बजाय चिकित्सकीय सलाह लें।
स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि फिलहाल स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। जांच और उपचार की सुविधाओं को जरूरत के अनुसार बढ़ाया जाएगा। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि स्वाइन फ्लू को लेकर किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और स्वास्थ्य संबंधी परेशानी होने पर समय रहते चिकित्सक से संपर्क करें।