आगरा में जनप्रतिनिधियों की लंबी फौज, फिर भी सड़कों पर गड्ढों का राज; सड़क पर लेटे हिंदूवादी नेता

Agra Pothole Roads Traffic Problems: सड़क की बदहाली केवल आवागमन की समस्या नहीं है, बल्कि इससे उनका कारोबार भी प्रभावित हो रहा है। सड़क से लगातार उड़ने वाली धूल और मिट्टी दुकानों के अंदर पहुंच रही है।
Agra Road Condition
आगरा राजपुर चुंगी शमसाबाद रोड की स्थिति(सोर्स: नवभारत लाइव)
Published on: 
Updated on: 

Highlights:

  • राजपुर चुंगी-शमसाबाद रोड की बदहाली पर फूटा आक्रोश

  • नेताओं ने टूटी-फूटी और गड्ढों से भरी सड़क पर धरना देकर जताया विरोध

  • व्यापारियों ने भी खोला मोर्चा; 24 घंटे का अल्टीमेटम

Agra Road Condition: ताजनगरी आगरा को स्मार्ट सिटी बनाने के दावे किए जाते हैं। शहर के विकास और बेहतर बुनियादी सुविधाओं को लेकर सरकार से लेकर स्थानीय जनप्रतिनिधियों तक तमाम बातें होती हैं, लेकिन जमीनी हकीकत इन दावों से बिल्कुल अलग दिखाई दे रही है। आगरा में नौ विधायक, दो सांसद, 100 पार्षद, एक महापौर, जिला पंचायत अध्यक्ष, दो एमएलसी और दो राज्यसभा सांसद होने के बावजूद शहर की सड़कों की बदहाली दूर नहीं हो पा रही है। हालात यह हैं कि कहीं आम जनता सड़कों की मरम्मत के लिए आवाज उठा रही है तो कहीं हिंदूवादी संगठनों के नेताओं को सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करना पड़ रहा है।

ऐसा ही एक मामला राजपुर चुंगी-शमसाबाद रोड पर देखने को मिला, जहां सड़क की बदहाल स्थिति से नाराज योगी यूथ ब्रिगेड के प्रदेश अध्यक्ष कुंवर अजय तोमर और राष्ट्रीय हिंदू परिषद भारत के अध्यक्ष गोविंद पाराशर सड़क पर ही लेट गए। दोनों नेताओं ने टूटी-फूटी और गड्ढों से भरी सड़क पर धरना देकर विरोध जताया। उनका कहना था कि सड़क की स्थिति इतनी खराब हो चुकी है कि यहां से निकलना लोगों के लिए मुश्किल हो रहा है, लेकिन जिम्मेदार विभागों और अधिकारियों का इस ओर ध्यान नहीं है।

सड़क निर्माण की मांग पर अड़े नेता

धरने की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिसकर्मियों ने दोनों नेताओं को समझाने और धरना समाप्त कराने का प्रयास किया। करीब आधा से एक घंटे तक मान-मनौव्वल का दौर चलता रहा, लेकिन दोनों नेता सड़क निर्माण की मांग पर अड़े रहे।

जब वे धरने से उठने को तैयार नहीं हुए तो पुलिस को उन्हें जबरन सड़क से हटाना पड़ा। इस दौरान मौके पर काफी देर तक गहमागहमी बनी रही।

व्यापारियों का भी छलका दर्द, धूल-मिट्टी से कारोबार प्रभावित

इस विरोध प्रदर्शन में राजपुर चुंगी के स्थानीय व्यापारी भी समर्थन में उतर आए। व्यापारियों का कहना है कि सड़क की बदहाली केवल आवागमन की समस्या नहीं है, बल्कि इससे उनका कारोबार भी प्रभावित हो रहा है। सड़क से लगातार उड़ने वाली धूल और मिट्टी दुकानों के अंदर पहुंच रही है।

दुकानदारों को बार-बार सफाई करनी पड़ती है। वहीं, सड़क की खराब स्थिति के कारण ग्राहक भी दुकानों तक पहुंचने से कतरा रहे हैं। व्यापारियों का आरोप है कि लंबे समय से सड़क की समस्या बनी हुई है, लेकिन जिम्मेदार विभागों की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही।

Agra Road Condition
आगरा में सर्दी के साथ जहरीली हवा का कहर, AQI 535 तक पहुंचा; ईदगाह में धुंध की चादर ने बढ़ाई लोगों की मुश्किलें

टोरेंट, गंगाजल पाइपलाइन और मेट्रो के काम पर उठाए सवाल

योगी यूथ ब्रिगेड के प्रदेश अध्यक्ष कुंवर अजय तोमर ने शहर की सड़कों की दुर्दशा को लेकर जिम्मेदार विभागों पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि पूरे आगरा को नरक बना दिया गया है। शहर में जगह-जगह सड़कें खोदकर छोड़ दी गई हैं।

टोरेंट पावर, गंगाजल पाइपलाइन और मेट्रो के कार्यों के चलते सड़कों की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है। विकास कार्यों के नाम पर सड़कों को खोद तो दिया जाता है, लेकिन काम पूरा होने के बाद उन्हें व्यवस्थित तरीके से दुरुस्त करने की जिम्मेदारी कोई नहीं निभा रहा।

उन्होंने कहा कि सड़कों पर बने गहरे गड्ढे कभी भी बड़े हादसे की वजह बन सकते हैं। दोपहिया वाहन चालक आए दिन जोखिम उठाकर इन रास्तों से गुजरते हैं। इसके अलावा यदि किसी मरीज को एंबुलेंस से अस्पताल ले जाना पड़े तो खराब सड़कों और जाम के कारण उसकी जान पर भी संकट खड़ा हो सकता है।

24 घंटे का अल्टीमेटम, दोबारा आंदोलन की चेतावनी

कुंवर अजय तोमर ने सड़क निर्माण की मांग को लेकर प्रशासन को 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समय में सड़क निर्माण की दिशा में ठोस कदम नहीं उठाए गए तो हिंदूवादी संगठन दोबारा आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।

अब सवाल यह है कि जब आगरा में जनप्रतिनिधियों की इतनी बड़ी संख्या मौजूद है, तब भी शहर के लोगों को अपनी सड़क बनवाने के लिए धरना-प्रदर्शन और आंदोलन का सहारा क्यों लेना पड़ रहा है? क्या शहर की सड़कों की बदहाली किसी एक विभाग की जिम्मेदारी है या फिर विभिन्न कार्यदायी संस्थाओं के बीच समन्वय की कमी का खामियाजा आम जनता भुगत रही है?

स्मार्ट सिटी और पर्यटन नगरी के रूप में पहचान रखने वाले आगरा में सड़कों की यह तस्वीर निश्चित तौर पर विकास के दावों और जमीनी हकीकत के बीच की खाई को उजागर करती है।

Agra Road Condition
आगरा में छह साल बाद भी किसानों की मांगें अधूरी, फतेहाबाद रोड पर धरने पर बैठे किसान