आगरा में छह साल बाद भी किसानों की मांगें अधूरी, फतेहाबाद रोड पर धरने पर बैठे किसान

Agra Bhartiya Kisan Union (Tikait) Stages Protest: प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि किसानों के आंदोलन को छह साल हो चुके हैं, लेकिन केंद्र और राज्य सरकार ने अब तक उनकी मांगों को अमलीजामा नहीं पहनाया है।
Agra Bhartiya Kisan Union (Tikait)
आगरा भारतीय किसान यूनियन (टिकैत)(सोर्स: सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Highlights:

  • मंडलायुक्त कार्यालय का ताला खुलवाने पर अड़े भारतीय किसान यूनियन के नेता

  • रातभर सड़क पर कीर्तन करने का ऐलान

  • किसानों का आरोप- नहीं मिल पा रहा है उचित मूल्य और मुआवजा

Farmers Protest Outside Divisional Commissioner Office: देश का अन्नदाता अपनी मांगों को लेकर वर्ष 2020 में सड़कों पर उतरा था। पंजाब, हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश सहित देशभर के किसानों ने केंद्र सरकार के कृषि कानूनों के खिलाफ लंबा आंदोलन चलाया था। किसानों की प्रमुख मांग थी कि सरकार विवादित कृषि कानूनों को वापस ले और आलू, गेहूं, सरसों सहित अन्य फसलों का न्यूनतम समर्थन मूल्य बढ़ाकर उन्हें उनकी उपज का उचित दाम दिलाया जाए। इस आंदोलन को छह साल बीत चुके हैं, लेकिन किसानों का आरोप है कि उनकी कई प्रमुख समस्याओं का आज तक समाधान नहीं हुआ है। इसी नाराजगी के चलते भारतीय किसान यूनियन के नेता एक बार फिर आंदोलन की राह पर हैं।

मौके पर डटे किसान

किसानों की विभिन्न मांगों को लेकर भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के पदाधिकारी और कार्यकर्ता आगरा में फतेहाबाद रोड स्थित मंडलायुक्त कार्यालय के बाहर धरने पर बैठ गए। किसानों ने मंडलायुक्त कार्यालय के अंदर शांतिपूर्ण तरीके से धरना देने की मांग की। हालांकि, कार्यालय का ताला बंद होने के कारण किसान बाहर ही धरने पर बैठ गए। खबर लिखे जाने तक किसान मौके पर डटे हुए थे। स्थिति को देखते हुए एसीपी ताज सुरक्षा यतेंद्र सिंह नागर, सिटी मजिस्ट्रेट के साथ कई थाना क्षेत्रों का पुलिस फोर्स भी मंडलायुक्त कार्यालय पर तैनात रहा।

किसानों की समस्याएं जस की तस

नवभारत से विशेष बातचीत में भारतीय किसान यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष राजपाल शर्मा ने कहा कि किसानों के आंदोलन को छह साल हो चुके हैं, लेकिन केंद्र और राज्य सरकार ने अब तक उनकी मांगों को अमलीजामा नहीं पहनाया है। किसानों की समस्याएं आज भी जस की तस बनी हुई हैं। इसी कारण मजबूर होकर उन्हें मंडलायुक्त कार्यालय पर धरना देने के लिए आना पड़ा है।

उन्होंने कहा कि प्रशासन मंडलायुक्त कार्यालय का ताला खुलवा दे, ताकि किसान अंदर बैठकर शांतिपूर्वक धरना-प्रदर्शन कर सकें। यदि कार्यालय नहीं खोला गया तो किसान फतेहाबाद रोड पर ही बैठकर रातभर कीर्तन करेंगे। इसके बाद सुबह मंडलायुक्त नागेंद्र प्रताप को अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपकर वापस चले जाएंगे।

आलू किसान की परेशानी आज भी बरकरार

भारतीय किसान यूनियन के अन्य नेताओं ने नवभारत से बातचीत में कहा कि छह साल गुजर जाने के बाद भी किसानों की समस्याओं का कोई ठोस समाधान नहीं हुआ है। आगरा का आलू किसान आज भी अपनी उपज के उचित दाम के लिए परेशान है।

किसानों का आरोप है कि उन्हें आलू का उचित मूल्य और मुआवजा नहीं मिल पा रहा है। कई बार लागत तक नहीं निकलती और खेतों से लेकर भंडारण तक किसानों को नुकसान उठाना पड़ता है। उचित कीमत नहीं मिलने के कारण आलू खराब होने और सड़ने की समस्या भी किसानों के सामने बनी हुई है।

Agra Bhartiya Kisan Union (Tikait)
बरेली में किसान ने दी जान, गोरखपुर यूनिवर्सिटी के कुलपति पर उकसाने का आरोप, 12 एकड़ जमीन कब्जाने से जुड़ा मामला

किसानों को मेहनत के अनुरूप मिले कीमत

किसान नेताओं ने कहा कि सिर्फ आलू ही नहीं, बल्कि गेहूं, सरसों और अन्य फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य में भी बढ़ोतरी होनी चाहिए, ताकि किसानों को उनकी मेहनत और लागत के अनुरूप कीमत मिल सके। इसके साथ ही बिजली से जुड़ी समस्याओं और किसानों की अन्य मांगों को भी ज्ञापन में शामिल किया गया है।

जमीनी स्तर पर किसान कर रहा संघर्ष

किसानों का कहना है कि सरकारें अन्नदाता की आय बढ़ाने और उसकी आर्थिक स्थिति मजबूत करने के दावे तो करती हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर किसान आज भी अपनी उपज का उचित मूल्य पाने के लिए संघर्ष कर रहा है।

छह साल पुराने आंदोलन की मांगों को लेकर आगरा में शुरू हुआ यह धरना एक बार फिर किसान और सरकार के बीच अधूरी मांगों का सवाल खड़ा कर रहा है। अब देखना होगा कि प्रशासन किसानों की मांग पर क्या कदम उठाता है और मंडलायुक्त स्तर पर उनकी समस्याओं के समाधान को लेकर क्या पहल होती है।

Agra Bhartiya Kisan Union (Tikait)
भाजपा में तालमेल का अभाव या संगठनात्मक अनुशासन पर सवाल? किसान मोर्चा की सूची से गरमाई गोरखपुर की सियासत