

रात का गिरता तापमान और प्रदूषण का बढ़ता स्तर हृदय रोगियों और अस्थमा के मरीजों के लिए बड़ा खतरा
एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) लगभग 535 तक पहुंचा, स्थिति सामान्य प्रदूषण से कहीं अधिक चिंताजनक
मास्क और रुमाल के सहारे खुद को बचाते नजर आए लोग
Agra Air Pollution AQI 535: ताजनगरी आगरा में सर्दी का सितम लगातार बढ़ता जा रहा है। आगरा सहित समूचे उत्तर भारत में तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। दिन के मुकाबले रात के तापमान में अधिक गिरावट होने से लोगों की मुश्किलें बढ़ने लगी हैं।
एक तरफ कड़ाके की ठंड गरीब, बेसहारा और खुले आसमान के नीचे रात गुजारने वाले लोगों के लिए बड़ा संकट बनती दिखाई दे रही है, तो दूसरी तरफ प्रदूषण ने शहरवासियों की सांसों पर भी पहरा लगा दिया है। हालात ऐसे हैं कि सर्दी और जहरीली हवा का दोहरा हमला लोगों की सेहत के लिए गंभीर खतरा बनता जा रहा है।
ताजनगरी में प्रदूषण की भयावह स्थिति का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि गुरुवार देर शाम करीब 7:30 बजे एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) लगभग 535 तक पहुंच गया। यह स्थिति सामान्य प्रदूषण से कहीं अधिक चिंताजनक है।
खासतौर पर हृदय रोग, अस्थमा और सांस संबंधी बीमारियों से जूझ रहे लोगों के लिए ऐसी हवा बेहद खतरनाक साबित हो सकती है। प्रदूषित हवा के संपर्क में आने से सांस लेने में परेशानी, खांसी, गले में जलन और फेफड़ों से जुड़ी समस्याएं बढ़ सकती हैं।
शहर के ईदगाह इलाके में गुरुवार शाम प्रदूषण का जो नजारा दिखाई दिया, वह बेहद चिंताजनक था। इलाके में दूर तक धुंध की मोटी चादर दिखाई दे रही थी। पहली नजर में ऐसा लग रहा था मानो पूरे क्षेत्र में घना कोहरा छाया हुआ हो, लेकिन यह सामान्य कोहरा नहीं था।
हवा में फैले प्रदूषण के कारण दृश्यता प्रभावित होती दिखाई दे रही थी। स्थानीय लोगों के मुताबिक, शाम होते ही इलाके में अक्सर ऐसी स्थिति बन जाती है, लेकिन गुरुवार को प्रदूषण का असर सामान्य दिनों की तुलना में कहीं अधिक दिखाई दिया।
ईदगाह क्षेत्र के स्थानीय लोगों से जब नव भारत ने बातचीत की जिनमें रुपेश सोनी, इरशाद खान, धर्मेश सोनी ने बताया कि शाम के समय इलाके में प्रदूषण की समस्या लगातार बनी रहती है। गुरुवार को हालात अधिक खराब थे।
लोगों ने बताया कि प्रदूषण के कारण उन्हें सांस लेने में परेशानी महसूस हो रही है। ऐसे में कई लोग मास्क लगाकर तो कुछ लोग मुंह पर रुमाल बांधकर खुद को जहरीली हवा से बचाने का प्रयास कर रहे थे। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस समस्या के कारण रोजमर्रा के कामकाज और घरों से बाहर निकलना तक मुश्किल हो रहा है।
एक तरफ नगर निगम की ओर से प्रदूषण नियंत्रण के लिए पानी का छिड़काव कराने और अन्य उपाय किए जाने के दावे किए जाते हैं, लेकिन ईदगाह क्षेत्र की तस्वीर इन दावों पर सवाल खड़े करती दिखाई दे रही है।
अगर नियमित रूप से प्रभावी छिड़काव और धूल नियंत्रण के उपाय किए जा रहे हैं तो फिर शाम होते ही इलाके में प्रदूषण की इतनी भयावह स्थिति क्यों बन रही है? आखिर जिम्मेदार विभागों की निगरानी के बावजूद शहर के रिहायशी इलाकों में लोगों को प्रदूषित हवा में सांस लेने के लिए मजबूर क्यों होना पड़ रहा है?
आगरा की पहचान अंतरराष्ट्रीय पर्यटन नगरी के रूप में है। देश-विदेश से पर्यटक यहां ताजमहल और अन्य ऐतिहासिक स्मारकों को देखने पहुंचते हैं, लेकिन शहर की हवा का लगातार खराब होना केवल पर्यावरण का मुद्दा नहीं, बल्कि आम नागरिकों के स्वास्थ्य और ताजनगरी की छवि से भी जुड़ा सवाल है।
अब जरूरत केवल दावों और औपचारिक कार्रवाई की नहीं, बल्कि प्रदूषण के वास्तविक स्रोतों की पहचान कर प्रभावी कदम उठाने की है। खासकर ईदगाह जैसे घनी आबादी वाले क्षेत्रों में धूल, धुएं और प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए ठोस कार्रवाई जरूरी है। क्योंकि सर्दी के इस मौसम में जब तापमान लगातार नीचे जा रहा है, तब जहरीली हवा का बढ़ता स्तर शहरवासियों के लिए दोहरी मुसीबत बनता जा रहा है। सवाल यही है कि आखिर ताजनगरी के लोगों को साफ हवा में सांस लेने का अधिकार कब मिलेगा?