

Agra missing Person Case: आगरा के थाना बरहन क्षेत्र के अशोक नगर निवासी एक युवक के रक्षाबंधन पर ससुराल जाने के बाद रहस्यमय तरीके से लापता होने का मामला सामने आया है। युवक को लापता हुए 12 दिन बीत चुके हैं, लेकिन उसका अब तक कोई सुराग नहीं लग सका है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि थाने में तहरीर देने के बावजूद पुलिस ने न तो मुकदमा दर्ज किया और न ही युवक की तलाश के लिए प्रभावी कार्रवाई की।
परेशान पिता ने अब मुख्यमंत्री जनता दरबार और डीजीपी मुख्यालय में प्रार्थना पत्र देकर बेटे की तलाश कराने और उसकी सुरक्षा सुनिश्चित करने की गुहार लगाई है।
अशोक नगर निवासी प्रवीण कुमार का पुत्र पुष्पेंद्र कुमार रक्षाबंधन के दिन अपनी ससुराल डबरई, थाना मटसेना, जिला फिरोजाबाद गया था। परिजनों के मुताबिक ससुराल पहुंचने के बाद पुष्पेंद्र अचानक लापता हो गया। काफी तलाश के बावजूद उसका पता नहीं चला। खास बात यह है कि युवक की बाइक, कपड़े और जूते ससुराल में ही बताए जा रहे हैं, जबकि उसका मोबाइल फोन भी बंद है।
परिवार का आरोप है कि घटना की जानकारी पुलिस को देने और तहरीर सौंपने के बाद भी उन्हें एक थाने से दूसरे थाने के चक्कर लगवाए गए। बरहन और मटसेना पुलिस के बीच कार्रवाई को लेकर परिवार भटकता रहा। 12 दिन गुजर जाने के बाद भी परिजनों को बेटे के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल सकी है।
पुष्पेंद्र के पिता प्रवीण कुमार का कहना है कि बेटे के अचानक गायब होने से पूरा परिवार बेहद परेशान है। उन्होंने आशंका जताई कि कहीं उसके साथ कोई अनहोनी तो नहीं हो गई। पिता ने मुख्यमंत्री और डीजीपी मुख्यालय में दिए प्रार्थना पत्र में प्राथमिकी दर्ज कराकर बेटे की तलाश कराने और उसे सकुशल बरामद करने की मांग की है।
न्याय की उम्मीद में पीड़ित परिवार बुधवार को लखनऊ पहुंचा और मुख्यमंत्री के जनता दरबार में अपनी फरियाद रखी। इसके बाद डीजीपी मुख्यालय में भी प्रार्थना पत्र देकर मामले में तत्काल कार्रवाई की मांग की गई।
परिजनों का कहना है कि गुमशुदगी के मामलों में पुलिस को तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए, लेकिन उनके मामले में 12 दिन बीत जाने के बावजूद कार्रवाई का इंतजार है। अब परिवार को बेटे की सकुशल वापसी का इंतजार है।
पीड़ित परिवार का सवाल है कि आखिर पुष्पेंद्र की गुमशुदगी का मुकदमा कब दर्ज होगा और पुलिस उसकी तलाश कब शुरू करेगी?