

Agra Inter Society League 2026: शहर की आवासीय सोसायटियों के बीच खेल भावना, आपसी संवाद और सामाजिक समन्वय को बढ़ावा देने के उद्देश्य से Agra Inter Society League (AISL) 2026-Season 1 का आयोजन किया जा रहा है। स्वर्गीय श्री बृजमोहन बंसल की स्मृति को समर्पित और Dhoom Payal द्वारा प्रस्तुत इस क्रिकेट लीग की शुरुआत 6 सितंबर 2026 से होगी, जबकि फाइनल मुकाबला 1 नवंबर को खेला जाएगा।
लीग के पहले सीजन में आगरा की प्रमुख आवासीय सोसायटियों का प्रतिनिधित्व करने वाली आठ टीमें मैदान में उतरेंगी। इनमें Anthela, Radha Rani Heights, Anthem, Tulsi Sky City, Aparna Prem, Aparna Panchsheel, IMHH और Ganpati Classique शामिल हैं। टूर्नामेंट के लीग चरण में प्रत्येक टीम छह मुकाबले खेलेगी। बेहतर प्रदर्शन करने वाली टीमें अगले चरण में प्रवेश करेंगी।
Anthela Avatars के कप्तान गौरव शर्मा ने कहा कि AISL महज क्रिकेट प्रतियोगिता नहीं, बल्कि आगरा की अलग-अलग सोसायटियों को एक साझा मंच पर लाने की पहल है। क्रिकेट के माध्यम से आपसी भाईचारा, सामाजिक समन्वय और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देना इसका प्रमुख उद्देश्य है।
वहीं Radha Rani Challengers के कप्तान आकाश सक्सेना ने बताया कि कम समय में AISL से जुड़ने वाली सोसायटियों की संख्या 15 से अधिक हो गई है। इसके माध्यम से करीब 2,000 फ्लैट्स और 5,000 से 7,000 लोगों तक सीधा जुड़ाव स्थापित हुआ है।
उन्होंने बताया कि टूर्नामेंट में किसी सोसायटी अथवा खिलाड़ी से आयोजन के नाम पर कोई धनराशि नहीं ली गई है। लीग को सहयोग, सहभागिता और समर्थकों के योगदान से आगे बढ़ाया जा रहा है। आयोजकों का कहना है कि AISL को भविष्य में आगरा की सोसायटियों के बीच स्थायी खेल एवं सामाजिक मंच के रूप में विकसित किया जाएगा।
प्रेस वार्ता में नवदीप पसरीचा, शशांक शेखर, कामेश जैन, राजवीर वर्मा, पंकज परवानी, अजय बुलानी, पुष्पराज नेगी, अंकित कौशिक, राहुल, शिवा द्विवेदी, चिराग और आकाश जैन समेत AISL से जुड़े सदस्य एवं विभिन्न सोसायटियों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।