

Agra Theft Gang Arrested: अपराध और अपराधियों पर अंकुश लगाने के लिए आगरा पुलिस की ओर से चलाए जा रहे अभियान के तहत कागारौल पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। संयुक्त टीम ने घरों में चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले गिरोह के एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से 3.01 लाख रुपये की नकदी बरामद की गई है। पुलिस आरोपी के अन्य साथियों की तलाश में दबिश दे रही है।
पुलिस के मुताबिक, सैंया सर्किल क्षेत्र में लगातार चोरी की वारदातें सामने आने के बाद थाना कागारौल पुलिस के साथ एसओजी और सर्विलांस टीम को गिरोह का पता लगाने के लिए लगाया गया था। इसी क्रम में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना और सर्विलांस की मदद से आरोपी को शंकरपुर रोड पर नगला परसमान के पास से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान भरत के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने पूछताछ में थाना कागारौल क्षेत्र में चोरी की कई वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया है। इनमें 16/17 जुलाई की रात एक घर में घुसकर नगदी और जेवर चोरी करने की घटना भी शामिल है।
एडिशनल डीसीपी आदित्य कुमार ने बताया कि आरोपी और उसके साथी ऐसे मकानों को निशाना बनाते थे, जो खाली रहते थे अथवा सुनसान इलाकों में स्थित होते थे। वारदात से पहले आरोपी मकान की रेकी करते थे और मौका मिलते ही चोरी की घटना को अंजाम देकर फरार हो जाते थे।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। उसके आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है। साथ ही गिरोह में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ और जांच के आधार पर चोरी की अन्य घटनाओं का भी खुलासा होने की संभावना है।