

प्राचार्य का आरोप- एग्रीमेंट की शर्तों का पालन नहीं कर रहा यूपीएमआरसी, मुआवजा भी नहीं मिला
मेट्रो द्वारा कॉलेज की जमीन पर अवैध कब्जा किया जा रहा है, जबकि यह विद्यार्थियों का खेल मैदान है
मेट्रो की ओर से कहा गया- अनुबंध के मुताबिक ही हो रहा निर्माण
College Hockey Ground Dispute With Metro Administration: ताजनगरी आगरा में मेट्रो का सपना साकार करने के लिए पिछले कुछ वर्षों से निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। शहर के लोगों को बेहतर सार्वजनिक परिवहन की सुविधा देने वाली इस महत्वाकांक्षी परियोजना के बीच अब जमीन को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। आगरा कॉलेज की जमीन पर बने मेट्रो स्टेशन और हॉकी ग्राउंड को लेकर कॉलेज प्रशासन तथा उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (यूपीएमआरसी) आमने-सामने आ गए हैं।
कॉलेज के प्राचार्य ने मेट्रो प्रशासन पर अनुबंध की शर्तों का उल्लंघन करने, निर्धारित मुआवजा नहीं देने और कॉलेज की जमीन पर अवैध अतिक्रमण करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। वहीं मेट्रो प्रशासन ने इन आरोपों को खारिज करते हुए स्पष्ट किया है कि निर्माण कार्य दोनों संस्थानों के बीच हुए अनुबंध के अनुसार ही कराया जा रहा है। शुक्रवार को विवाद ने उस समय तूल पकड़ लिया जब करीब 1000 छात्र और शिक्षक सड़क पर उतर आए। जमकर नारेबाजी हुई और प्रशासन को हस्तक्षेप करना पड़ा।
आगरा कॉलेज से मेट्रो परियोजना के लिए जमीन अधिग्रहित की गई थी। इसी जमीन पर मेट्रो स्टेशन का निर्माण कराया गया है। कॉलेज प्रशासन का कहना है कि यह जमीन विद्यार्थियों के हॉकी ग्राउंड के रूप में इस्तेमाल होती थी। आगरा कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सीके गौतम ने नव भारत से विशेष बातचीत में बताया कि जमीन को लेकर उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन के साथ बाकायदा एग्रीमेंट हुआ था।
इसमें कई शर्तें निर्धारित की गई थीं, लेकिन मेट्रो प्रशासन उन शर्तों का अनुपालन नहीं कर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कॉलेज को जो मुआवजा दिया जाना था, वह भी अभी तक नहीं मिला है। प्राचार्य का कहना है कि मेट्रो द्वारा कॉलेज की जमीन पर अवैध कब्जा किया जा रहा है, जबकि यह विद्यार्थियों का खेल मैदान है।
जमीन और निर्माण को लेकर चल रहे विवाद के बीच गुरुवार को कॉलेज के एक प्रोफेसर के साथ मेट्रो कर्मचारियों द्वारा अभद्रता किए जाने का मामला भी सामने आया। इस घटना ने कॉलेज के शिक्षकों और छात्रों की नाराजगी को और बढ़ा दिया। कॉलेज प्रशासन की ओर से संबंधित मामले में थाने में शिकायत दी गई है।
इसके साथ ही घटना से जुड़े वीडियो और फोटो भी पुलिस को सौंपे गए हैं। प्राचार्य डॉ. सीके गौतम ने बताया कि पूरे मामले की जानकारी जिलाधिकारी मनीष बंसल और मंडलायुक्त नागेंद्र प्रताप को भी दी गई है।
आगरा कॉलेज की जमीन और मेट्रो के साथ हुए अनुबंध को लेकर जिलाधिकारी मनीष बंसल ने जांच कमेटी गठित की है। इस कमेटी का अध्यक्ष एडीएम ई को बनाया गया है। प्राचार्य के मुताबिक, कमेटी की निगरानी में पूरे मामले की जांच चल रही है। कॉलेज प्रशासन चाहता है कि अनुबंध में तय शर्तों का पालन कराया जाए, जमीन और मुआवजे से जुड़े विवाद का निस्तारण हो तथा विद्यार्थियों का खेल मैदान सुरक्षित रहे।
शुक्रवार को कॉलेज के छात्र और शिक्षक अपनी मांगों को लेकर सड़क पर उतर आए। करीब 1000 छात्रों ने मेट्रो प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विरोध दर्ज कराया। छात्रों और शिक्षकों का आरोप है कि उनके खेल मैदान पर कब्जा कर निर्माण किया जा रहा है। शिक्षकों की मांग है कि कथित अतिक्रमण हटाया जाए, खेल मैदान वापस मिले और कॉलेज प्रशासन की अनुमति के बिना कोई निर्माण कार्य न कराया जाए।
आंदोलन के बीच जिलाधिकारी से बातचीत हुई। प्रशासन ने छात्रों और शिक्षकों को समझाया कि एग्रीमेंट में निर्धारित सभी शर्तों का मेट्रो प्रशासन से अनुपालन कराया जाएगा। साथ ही आश्वासन दिया गया कि कॉलेज के खेल मैदान के साथ किसी प्रकार की मनमानी नहीं होगी और किसी छात्र-छात्रा या कर्मचारी के साथ मेट्रो का कोई अधिकारी अथवा कर्मचारी अभद्रता नहीं करेगा।
दूसरी तरफ उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन के प्रोजेक्ट मैनेजर अरविंद कुमार राय ने मीडिया से बातचीत में कॉलेज प्रशासन के आरोपों पर अपना पक्ष रखा। अधिकारियों का कहना है कि गुरुवार को आगरा मेट्रो का कुछ निर्माण कार्य चल रहा था। इस दौरान आगरा कॉलेज प्रबंधन को आशंका हुई कि उनकी जमीन पर अवैध अतिक्रमण किया जा रहा है, जबकि ऐसा कुछ नहीं है। मेट्रो प्रशासन कॉलेज के साथ हुए अनुबंध के अनुसार ही निर्माण कार्य करा रहा है। अधिकारियों ने कहा कि जिस तरह आगरा कॉलेज एक सरकारी शिक्षण संस्थान है, उसी तरह उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन भी एक सरकारी संस्था द्वारा संचालित है। दोनों संस्थानों के बीच बातचीत चल रही है और बैठकर इस विवाद का हल निकाल लिया जाएगा।
उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कारपोरेशन के आगरा प्रोजेक्ट मैनेजर अरविंद कुमार राय ने भी स्पष्ट किया कि किसी अनाधिकृत जमीन पर कब्जा नहीं किया गया है। कॉलेज प्रशासन की शिकायत मिलने पर उसके साथ बैठकर बातचीत की जाएगी। वहीं, प्रोफेसर के साथ अभद्रता करने के आरोप में संबंधित कर्मचारी को तत्काल प्रभाव से हटा दिया गया है।
आगरा में मेट्रो परियोजना शहर के सार्वजनिक परिवहन को नई दिशा देने वाली महत्वपूर्ण परियोजना है, लेकिन आगरा कॉलेज की जमीन को लेकर उठा विवाद अब कई सवाल खड़े कर रहा है। एक तरफ कॉलेज प्रशासन एग्रीमेंट की शर्तों, मुआवजे और विद्यार्थियों के खेल मैदान की बात कर रहा है, तो दूसरी तरफ मेट्रो प्रशासन अनुबंध के मुताबिक निर्माण कराने का दावा कर रहा है।
ऐसे में अब निगाहें जिलाधिकारी की ओर से गठित जांच कमेटी पर टिकी हैं। जांच में यह स्पष्ट होना जरूरी है कि जमीन को लेकर हुए एग्रीमेंट में क्या शर्तें तय की गई थीं, उनका कितना अनुपालन हुआ और कॉलेज के खेल मैदान को लेकर दोनों संस्थानों के अधिकारों की वास्तविक स्थिति क्या है। फिलहाल दोनों संस्थानों के बीच बातचीत से विवाद का समाधान निकालने की कोशिश की जा रही है।