आगरा से अखिलेश यादव करेंगे 2027 का चुनावी शंखनाद, दलित महासम्मेलन के बहाने सपा की नजर वोट बैंक पर

Agra Dalit Convention: सवाल है कि क्या समाजवादी पार्टी दलित समाज को बड़ी संख्या में महासम्मेलन तक पहुंचाने में सफल होगी? क्या आगरा से अखिलेश यादव दलित राजनीति के नए समीकरण का संदेश देने में सफल होंगे?
Akhilesh Yadav Agra Campaign
अखिलेश यादव(सोर्स: सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Highlights:

  • 15 नवंबर को जीआईसी मैदान में सपा का शक्ति प्रदर्शन

  • इसे 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले सपा के चुनावी शंखनाद के तौर पर देखा जा रहा

  • रामजीलाल सुमन बोले- ओवैसी और चंद्रशेखर का गठजोड़ फ्लॉप फिल्म साबित होगा

Agra Samajwadi Party: कल कल बहती कालिंदी और उसके किनारे बसा ताजमहल का शहर आगरा, जो दलितों की राजधानी भी कहा जाता है। अब यही दलितों की राजधानी विधानसभा चुनाव 2027 में उत्तर प्रदेश की सियासत का बड़ा केंद्र बनती हुई दिखाई दे रही है। उत्तर प्रदेश में प्रमुख विपक्षी पार्टी आगरा की धरती से 2027 का बिगुल फूकने जा रही है। वही आगरा जहां पर कई बार डॉक्टर भीमराव अंबेडकर ने पहुंचकर दलितों को संबोधित किया है। इस दलितों की राजधानी में सपा प्रमुख अखिलेश यादव पश्चिमी उत्तर प्रदेश का दलित महासम्मेलन मुख्य अतिथि के तौर पर पहुंच रहे हैं, जहां से वह उत्तर प्रदेश के दलितों को बड़ा संदेश देने के साथ-साथ उन्हें अपने पक्ष में करने का प्रयास करेंगे।

दलितों की राजधानी कहे जाने वाले आगरा में 15 नवंबर को समाजवादी पार्टी दलित महासम्मेलन के बहाने अपनी राजनीतिक ताकत दिखाने की तैयारी में है। जीआईसी मैदान में आयोजित होने वाले इस महासम्मेलन में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव शिरकत करेंगे। इसे 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी के चुनावी शंखनाद के तौर पर देखा जा रहा है। पार्टी की रणनीति आगरा सहित पश्चिमी उत्तर प्रदेश में दलित समाज को अपने साथ जोड़ने और नए राजनीतिक समीकरण तैयार करने की है।

सपा को दलित समाज का मिल रहा समर्थन

महासम्मेलन की तैयारियों का जायजा लेने के लिए गुरुवार को कार्यक्रम के संयोजक, राज्यसभा सांसद एवं सपा के राष्ट्रीय महासचिव रामजीलाल सुमन करीब साढ़े तीन बजे जीआईसी मैदान पहुंचे। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया और तैयारियों की जानकारी ली। नवभारत से विशेष बातचीत में रामजीलाल सुमन ने दावा किया कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सभी जिलों में पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता लगातार जनसंपर्क कर रहे हैं। वह स्वयं भी विभिन्न जिलों का दौरा कर दलित समाज के लोगों से मिल चुके हैं। उनके मुताबिक, दलित समाज का समाजवादी पार्टी को अच्छा समर्थन मिल रहा है।

हालांकि, इस समर्थन की वास्तविक तस्वीर 15 नवंबर को जीआईसी मैदान में दिखाई देगी। बड़ा सवाल यही है कि क्या समाजवादी पार्टी दलित समाज को बड़ी संख्या में महासम्मेलन तक पहुंचाने में सफल होगी? क्या आगरा से अखिलेश यादव दलित राजनीति के नए समीकरण का संदेश देने में कामयाब होंगे?

ओवैसी-चंद्रशेखर का गठजोड़ सपा के लिए चुनौती

दूसरी ओर असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद के राजनीतिक गठजोड़ को समाजवादी पार्टी के लिए नई चुनौती के रूप में देखा जा रहा है। दलित और मुस्लिम मतदाताओं के बीच अपनी राजनीतिक पकड़ मजबूत करने की कोशिश में जुटी सपा के सामने यह गठजोड़ चुनावी समीकरणों को प्रभावित कर सकता है। इस मुद्दे पर रामजीलाल सुमन ने दो टूक जवाब दिया। उन्होंने चंद्रशेखर आजाद की राजनीतिक क्षमता पर सवाल उठाते हुए कहा कि वह अभी इतने बड़े नेता नहीं हैं कि दलित वोटों को अपने पक्ष में साध सकें। उन्होंने ओवैसी और चंद्रशेखर के गठजोड़ को फ्लॉप फिल्म करार दिया।

रामजीलाल सुमन ने दोनों नेताओं पर भाजपा की बी टीम होने का आरोप भी लगाया। उनका दावा है कि ओवैसी और चंद्रशेखर के राजनीतिक प्रयासों के बावजूद मुस्लिम और बहुजन समाज समाजवादी पार्टी के साथ बना रहेगा। उन्होंने कहा कि दलित और मुस्लिम समाज के लोग केवल सपा से जुड़ ही नहीं रहे, बल्कि प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने में भी भूमिका निभाएंगे।

Akhilesh Yadav Agra Campaign
नवभारत विशेष: यूपी में मतदाता सूचियों में 3.38 करोड़ वोटरों का बड़ा अंतर, बीजेपी-सपा आई आमने-सामने

बसपा के घटते जनाधार को सपा अपनी ताकत मान रही

रामजीलाल सुमन ने बातचीत में बहुजन समाज पार्टी के पारंपरिक दलित वोट बैंक का भी जिक्र किया। उन्होंने दावा किया कि कभी बसपा के साथ रहने वाला करीब 30 प्रतिशत दलित वोट बैंक लोकसभा चुनाव 2024 तक घटकर लगभग नौ प्रतिशत रह गया। उनके मुताबिक, बसपा से दूर हुए दलित मतदाताओं का बड़ा हिस्सा समाजवादी पार्टी के पक्ष में आया, जिसका फायदा पार्टी को लोकसभा चुनाव में मिला।

उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी किसी एक जाति या वर्ग की राजनीति नहीं करती, बल्कि सभी वर्गों और समाज के प्रत्येक व्यक्ति के हितों के लिए काम करती है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव आगरा की धरती से दलित समाज को साथ जोड़ने का संदेश देंगे।

अखिलेश के भाषण और घोषणा पर टिकी निगाहें

15 नवंबर को जीआईसी मैदान में होने वाले महासम्मेलन को लेकर राजनीतिक हलकों में कई तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। माना जा रहा है कि अखिलेश यादव अपने संबोधन में भाजपा पर बड़ा राजनीतिक हमला बोल सकते हैं। इसके साथ ही दलित समाज को लेकर किसी नई राजनीतिक पहल या बड़ी घोषणा की संभावना भी जताई जा रही है। हालांकि, पार्टी की ओर से अभी किसी विशेष घोषणा की पुष्टि नहीं की गई है।

फिलहाल आगरा में समाजवादी पार्टी का यह महासम्मेलन केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले दलित वोट बैंक पर पकड़ मजबूत करने की बड़ी कोशिश के रूप में देखा जा रहा है। अब सबकी निगाहें 15 नवंबर पर टिकी हैं। जीआईसी मैदान में जुटने वाली भीड़, अखिलेश यादव का संबोधन और पार्टी की ओर से दिए जाने वाले राजनीतिक संदेश से काफी हद तक स्पष्ट होगा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में सपा की दलित रणनीति कितनी मजबूत है।

Akhilesh Yadav Agra Campaign
2027 से पहले BJP का यूपी में बड़ा ऑपरेशन, हर सीट पर प्रभारी, अमित शाह बनाएंगे चुनावी चक्रव्यूह