जमानत पर बाहर आए आरोपी ने दोहरा दिया जुर्म, किशोरी का अपहरण कर किया दुष्कर्म

उत्तर प्रदेश के भदोही जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां कोइरौना थाने की पुलिस ने कथित तौर पर एक नाबालिग किशोरी का अपहरण कर उसके साथ लगातार दुष्कर्म करने के आरोपी युवक को सोमवार को गिरफ्तार कर लिया।
उत्तर प्रदेश : छात्रा को अगवा कर दुष्कर्म करने के आरोप में दो युवकों के खिलाफ मुकदमा
प्रतीकात्मक तस्वीर (सोर्स-सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के भदोही जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां कोइरौना थाने की पुलिस ने कथित तौर पर एक नाबालिग किशोरी का अपहरण कर उसके साथ लगातार दुष्कर्म करने के आरोपी युवक को सोमवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी युवक एक बार पहले भी इसी नाबालिग किशोरी के अपहरण के मामले में जेल जा चुका है, और जमानत पर छूटने के बाद दोबारा उसने यह वारदात की।

पुलिस ने बताया कि आरोपी वीरनाथ पांडेय (29) बिहार राज्य के भोजपुर जिले का रहने वाला है और यहां कोइरौना थाना इलाके में रहकर काम करता है। कोइरौना के प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) मनोज कुमार ने बताया कि थाना क्षेत्र के निवासी एक व्यक्ति ने इसी साल मई के पहले हफ्ते में सत्रह साल की नाबालिग बेटी के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी, जिसमें वीरनाथ पांडेय के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की अपहरण की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने छानबीन की थी।

किशोरी को बरामद कर मामले में विधिक प्रक्रिया पूरी कर आरोपी को जेल भेजा गया था। एसएचओ ने बताया कि पांडेय जेल से ज़मानत पर बाहर आने के बाद गत पांच अगस्त की देर शाम पीडिता किशोरी जब शौच के लिये बाहर गई थी तो उसका अपहरण कर लिया। उन्होंने बताया कि दो सितम्बर को किशोरी को जिले के जंगीगंज रेलवे स्टेशन के पास छोड़कर आरोपी फरार हो गया था। किशोरी ने उसी दिन थाना पहुंच कर आरोप लगाया कि वीरनाथ पांडेय ने अपहरण कर एक महीने तक क्रूरतम तरीके से उसके साथ दुष्कर्म किया।

पॉक्सो एक्ट के तहत दर्ज हुआ मुकदमा

कुमार ने बताया कि इस संबंध में आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की दुष्कर्म और अपहरण की संबंधित धाराओं तथा पॉक्सो अधिनियम में मुकदमा दर्ज कर किशोरी की मेडिकल जांच कराई गई है। एसएचओ ने कहा कि मेडिकल रिपोर्ट में दुष्कर्म की पुष्टि हुई और अदालत में पीडिता का कलमबंद बयान दर्ज कराकर फरार वीर नाथ पांडेय की तलाश की जा रही थी। उन्होंने बताया कि सोमवार को वीरनाथ को यहां इटहरा चौराहा से गिरफ्तार कर लिया गया और मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

-एजेंसी इनपुट के साथ

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com