निकाह के दौरान बैठा युवक और सीएम योगी।
Shahjahanpur News: उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में 9वीं क्लास की छात्रा के मुस्लिम लड़के के साथ हो रहे निकाह को हिंदू संगठन ने रुकवा दिया। इस दौरान काफी हंगामा हुआ। आरोप है कि किशोरी का धर्म परिवर्तन कराकर निकाह करवाया जा रहा था। बारात के बीच में ही हंगामा शुरू हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है। दोनों पक्षों को हिरासत में ले लिया है।
दरअसल, रविवार को थाना सदर बाजार क्षेत्र अंतर्गत शाहवजनगर में जनता मैरिज हॉल में एक शादी कार्यक्रम चल रहा था। दुल्हन मैरिज हॉल में ऊपर की मंजिल पर बैठी हुई थी। दूल्हा सेहरा बांधे हुए नीचे बैठा था। इस दौरान हिंदूवादी संगठन के नेता राजेश अवस्थी पुलिस के साथ वहां पहुंचे। देखते ही देखते और संगठन के कार्यकर्ता भी वहां पहुंच गए। पुलिस को देखकर निकाह में शामिल होने आए बाराती वहां से भागने लगे।
पुलिस ने जब लड़की के बारे में पूछा सभी ने चुप्पी साध ली। राजेश अवस्थी ने बताया कि दो–तीन दिनों से नाबालिग हिंदू लड़की की शादी दूसरे समुदाय के लड़के से किए जाने की सूचना कार्यकर्ताओं से मिल रही थी। लड़की हिंदू है। वह नाबालिग है। अभी इंटर कॉलेज में कक्षा 9 की छात्रा है। इस दौरान पूछताछ में पहले बारातियों ने लड़की को मुस्लिम बताया। फिर जब सख्ती से पूछताछ गई तो लड़की की मां ने अपना नाम गुंजन सक्सेना बताया। उन्होंने बेटी को बालिग बताया। हालांकि, जब मार्कशीट देखी गई तो उसकी उम्र 16 साल पाई गई।
यह भी पढ़ें: जितना पढ़ा-लिखा मुसलमान…उतना बड़ा आतंकी! योगी के मंत्री का विवादित बयान
पुलिस दूल्हा–दुल्हन और दोनों पक्षों से जुड़े लोगों को अपने साथ थाने ले गई है। पुलिस ने बताया कि मामले में अब तक कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। मामले की जांच की जा रही है। इसके बाद इसमें विधिकपूर्वक कार्रवाई की जाएगी। लड़की की उम्र 16 साल है, उसने अपने बयान में अपनी उम्र 17 साल बताई है। इन लोगों को कानून का भय नहीं है। वहीं, हिंदू संगठन के सदस्यों ने कहा कि इन पर धर्मांतरण, लव जिहाद ऐसी धाराएं लगानी चाहिए। ऐसे लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होनी चाहिए।