अयोध्या राम मंदिर के मुख्य शिखर पर स्थापित हुआ भव्य कलश
अयोध्या: रामनगरी अयोध्या में भव्य श्रीराम मंदिर के निर्माण ने सोमवार को एक और ऐतिहासिक पड़ाव पार कर लिया है। यहां ब्राह्मणों की उपस्थिति में वैदिक विधि-विधान के साथ मंदिर के मुख्य शिखर पर कलश स्थापित किया गया। यह पवित्र कार्य सोमवार को सुबह सवा नौ बजे शुरू हुआ और साढ़े दस बजे शिखर पर कलश की स्थापना पूरी हुई।
इस अवसर पर समूची अयोध्या में उत्सव का माहौल देखने को मिला, तो वहीं, स्थानीय लोगों ने इसे ऐतिहासिक क्षण बताया। राम मंदिर के निर्माण और अयोध्या के कायाकल्प से न केवल उत्तर प्रदेश, बल्कि पूरे देश में रामभक्ति की लहर और मजबूत हो रही है।
श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने बताया कि वैशाखी और बाबा साहेब भीम राव अंबेडकर की जन्म जयंती के शुभ अवसर पर यह कार्य संपन्न हुआ। अब मंदिर के मुख्य शिखर पर ध्वजदंड स्थापना की प्रक्रिया शुरू होगी। मंदिर निर्माण प्रगति पर है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता जताते हुए कहा कि राम मंदिर का निर्माण न केवल आध्यात्मिक, बल्कि सांस्कृतिक और सामाजिक एकता का प्रतीक है।
अयोध्या में प्रभु राम के मंदिर के मुख्य शिखर पर कलश स्थापित किया गया है।
ये भी कभी ऐसा लगता था जैसे कभी नहीं होगा, जो आज असंभव लगता है सनातन के वो सभी काम एक दिन जरूर होंगे। pic.twitter.com/ra6zA2lOeU
— Baliyan (@Baliyan_x) April 14, 2025
उन्होंने कहा की अयोध्या में भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर का निर्माण देशवासियों की आस्था और संकल्प का परिणाम है। यह भारत की सनातन संस्कृति को विश्व पटल पर और सशक्त करेगा। योगी ने ट्रस्ट और निर्माण कार्य से जुड़े सभी लोगों की सराहना की और इसे ‘नए भारत’ की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
उत्तर प्रदेश से संबंधित सभी बड़ी ख़बरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
उन्होंने यह भी कहा कि राम नगरी अयोध्या को विश्वस्तरीय तीर्थस्थल बनाने के लिए राज्य सरकार हर संभव प्रयास कर रही है। सड़क के साथ-साथ रेल और हवाई संपर्क को सुगम बनाया जा रहा है। पर्यटकों और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।
चंपत राय ने जानकारी दी कि मंदिर परिसर से अब निर्माण मशीनें हटाई जाएंगी। प्रथम तल पर राजा राम, परकोटे और सप्तऋषियों के मंदिरों में मूर्तियों की प्रतिष्ठा का कार्य भी शीघ्र शुरू होगा। मंदिर का निर्माण कार्य निर्धारित समय पर आगे बढ़ रहा है, जिससे भक्तों में उत्साह है।