

Ayodhya Deepotsav 2025: छोटी दीवाली के मौके पर भगवान राम की नगरी अयोध्या को दुल्हन की तरह सजाया गया, क्योंकि यहां 9वां अयोध्या दीपोत्सव मनाया गया। राम की पैड़ी और सरयू तट के 56 घाटों पर कुल 28 लाख दीप जलाए गए, जिसमें 26,17,215 दीप एक साथ जलाकर नया वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया गया। इसके साथ ही 2,128 अर्चकों ने सरयू तट पर महाआरती की, जो दूसरा वर्ल्ड रिकॉर्ड बन गया। गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड की टीम मौके पर मौजूद थी और ड्रोन से दीपों की गिनती की गई। इससे पहले यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अयोध्या पहुंचे।
गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड की टीम इस कीर्तिमान को दर्ज करने के लिए खुद अयोध्या में मौजूद रही। टीम ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को गिनीज रिकॉर्ड का प्रमाण पत्र सौंपा। इस दौरान पर्यटन-संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह और प्रमुख सचिव अमृत अभिजात भी मौजूद रहें। दीपोत्सव के दौरान 1100 ड्रोन से विशेष लाइट शो भी किया गया।
वहीं इस मौके पर रामलला का मंदिर फूलों से सजाया गया। सीएम योगी आदित्यनाथ ने शाम को रामलला की भी आरती की। राम की पैड़ी पर लेजर लाइट शो का भी आयोजन किया गया, जिसे देखने के लिए देश-विदेश से श्रद्धालु पहुंचे थे। इससे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अयोध्या पहुंचे। उन्होंने यहां पुष्पक विमान रूपी हेलीकॉप्टर से राम, लक्ष्मण, सीता और हनुमान के स्वरूपों की रामकथा पार्क हेलीपैड पर अगवानी की। इस दौरान रामकथा पार्क में श्रीराम का राजतिलक और भरत मिलाप भी हुआ।
इस आयोजन में 33,000 स्वयंसेवकों ने दीप सजाने और जलाने में सहयोग किया। राम की पैड़ी सहित सरयू के 56 घाटों पर 28 लाख से अधिक दीयों को सजाने के बाद उसमें तेल और बाती को लगाने का कार्य शाम तक कर लिया गया। अवध विश्वविद्यालय और स्वयं सेवी संस्थाओं के 33 हजार वॉलिंटियर्स ने इस कार्य को संपन्न किया।
इस अवसर पर अयोध्या का हर चौक-चौराहा सजाया गया, रंगोलियां बनाई गईं और त्रेता युग की भव्यता का अहसास कराया गया। पूरे शहर में जय श्री राम के उद्घोष से वातावरण भक्तिमय रहा।