

पैसे के लालच में बच्चे को बाइक पर घुमाने के बहाने ले गया था आरोपी
गला दबाकर हत्या के बाद जंगल में छिपाया था शव
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों पैरों में लगी गोली
Mirzapur Crime News: विंध्याचल थाना क्षेत्र के सेमरी गांव से अपहृत 12 वर्षीय प्रिंस बिंद की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने अपहरण और हत्या के आरोपी पिंटू उर्फ शैलेंद्र को बुधवार को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने बच्चे की गला दबाकर हत्या करने के बाद शव को कुशियारा जंगल में छिपा दिया था। बुधवार को वह शव को ठिकाने लगाने जा रहा था, तभी पुलिस ने उसे घेर लिया। इस दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में उसके दोनों पैरों में गोली लगी।
पुलिस के मुताबिक, 10 नवंबर को केशव बिंद निवासी सेमरी ने अपने 12 वर्षीय पुत्र प्रिंस के अपहरण की सूचना विंध्याचल थाने में दी थी। इस संबंध में मुकदमा संख्या 313/2026 धारा 137(2) बीएनएस के तहत दर्ज कर बच्चे की तलाश शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अपहृत बच्चे की बरामदगी और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तीन पुलिस टीमों का गठन किया था।
अपर पुलिस अधीक्षक नगर और क्षेत्राधिकारी नगर के नेतृत्व में पुलिस टीमें तलाश में जुटी थीं। इसी दौरान सूचना मिली कि घटना से संबंधित आरोपी लालगंज की ओर से आ रहा है। पुलिस ने गैपुरा-विजयपुर से लालगंज जाने वाले मार्ग पर चेकिंग शुरू की। इसी दौरान संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार को रोकने का प्रयास किया गया तो वह बाइक कुशियारा जंगल की ओर मोड़कर कुछ दूर बाद वाहन छोड़कर जंगल में भागने लगा। आरोप है कि उसने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से गोली चलाई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी घायल होकर गिर पड़ा।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम पिंटू उर्फ शैलेंद्र निवासी विंध्याचल क्षेत्र बताया। पुलिस के अनुसार, उसने स्वीकार किया कि नौ नवंबर को शाम करीब चार बजे बच्चे को पैसे के लालच में बाइक चलाने के बहाने अपने साथ ले गया था। उसी दिन शाम करीब साढ़े छह बजे गला दबाकर उसकी हत्या कर दी और शव को कुशियारा जंगल में छिपा दिया।
आरोपी के कब्जे से .315 बोर का एक अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस बरामद किए गए। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल और एक मोबाइल फोन भी पुलिस ने बरामद किया है। घायल आरोपी को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। वहीं, बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया गया है। मामले में थाना लालगंज में भी अभियोग पंजीकृत कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ हत्या, लूट, चोरी, धोखाधड़ी, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस और गैंगस्टर एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में मीरजापुर और प्रयागराज सहित अन्य जनपदों में मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक अजीत सिंह, चौकी प्रभारी गैपुरा उपनिरीक्षक विजय कुमार राय, चौकी प्रभारी अष्टभुजा उपनिरीक्षक चंद्रभान सिंह और चौकी प्रभारी धाम सुरक्षा उपनिरीक्षक अजय मिश्रा सहित पुलिसकर्मी शामिल रहे।