Ration Card New Rules: राशन कार्ड बनवाने के नियम हुए सख्त, अब घर की फोटो समेत ये 6 डॉक्यूमेंट्स होंगे जरूरी

Ration Card Rules: खाद्य आपूर्ति विभाग ने नया राशन कार्ड बनवाने और नाम सुधारने के नियमों को सख्त कर दिया है। अब घर की फोटो, E-KYC तथा 6 जरूरी दस्तावेजों के बिना आवेदन फॉर्म जमा नहीं होगा।
Ration Card New Application Rules
राशन कार्ड(सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Ration Card New Application Rules: खाद्य आपूर्ति विभाग ने नया राशन कार्ड बनवाने और पुराने कार्ड में संशोधन की प्रक्रिया में बड़े बदलाव किए हैं। अब केवल आधार कार्ड या साधारण पते के प्रमाण से नया राशन कार्ड बनवाना किसी भी आवेदक के लिए संभव नहीं होगा।

फर्जीवाड़े को रोकने और केवल पात्र परिवारों तक राशन पहुंचाने के लिए विभाग ने घर की फोटो समेत कुल 6 दस्तावेज अनिवार्य कर दिए हैं। नए डिजिटल पोर्टल पर इन सभी आवश्यक दस्तावेजों को अपलोड करने और ईकेवाईसी सत्यापन के बाद ही आवेदन फॉर्म स्वीकार किया जाएगा।

राशन कार्ड के लिए 6 दस्तावेज जरूरी

नए राशन कार्ड के आवेदन के दौरान कुल 6 जरूरी दस्तावेज जमा करने होंगे। इनमें आवेदक के घर की फोटो, आधार कार्ड, वैध निवास प्रमाण पत्र और आय प्रमाण पत्र शामिल हैं।

इसके अलावा बैंक पासबुक का पूरा विवरण और नवीनतम पासपोर्ट साइज फोटो भी आवेदन के साथ अपलोड करनी होगी। इनमें से किसी जरूरी दस्तावेज की कमी होने पर ऑनलाइन पोर्टल आवेदन फॉर्म स्वीकार नहीं करेगा।

विभाग के अपडेट किए गए पोर्टल पर सभी दस्तावेजों की जानकारी और जरूरी प्रमाण अपलोड करने के बाद ही आवेदन प्रक्रिया आगे बढ़ सकेगी।

परिवार के सदस्य का नाम जोड़ने पर भी सख्ती

राशन कार्ड में किसी नए सदस्य का नाम जोड़ने के लिए भी अतिरिक्त दस्तावेज जरूरी होंगे। जिस सदस्य का नाम कार्ड में शामिल किया जाना है, उसका जन्म प्रमाण पत्र अपलोड करना होगा।

अगर जन्म प्रमाण पत्र उपलब्ध नहीं है तो 10वीं कक्षा का अंकपत्र या प्रमाण पत्र मान्य दस्तावेज के तौर पर इस्तेमाल किया जा सकेगा। इसके साथ आवेदन में परिवार के प्रत्येक सदस्य का सक्रिय मोबाइल नंबर दर्ज करना जरूरी होगा। मोबाइल नंबर पर भेजे गए वन टाइम पासवर्ड यानी OTP का सत्यापन होने के बाद ही आवेदन की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।

मकान और आय की जानकारी भी देनी होगी

आवेदन के दौरान परिवार की आर्थिक स्थिति और संपत्ति से जुड़ी जानकारी भी देनी होगी। आवेदक को अपनी आजीविका और कमाई के मुख्य स्रोत की जानकारी फॉर्म में दर्ज करनी होगी।

इसके अलावा पक्के मकान में कितने कमरे हैं, इसका विवरण भी देना होगा। आवेदक को यह स्वघोषणा करनी होगी कि वह आयकर का भुगतान करता है या नहीं। इन जानकारियों का उद्देश्य पात्रता की जांच को अधिक प्रभावी बनाना है।

राशन डीलर के पास eKYC जरूरी

ऑनलाइन आवेदन से पहले संबंधित राशन डीलर के पास जाकर परिवार के सभी सदस्यों की eKYC करानी होगी। eKYC पूरी होने के बाद ही आवेदन की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा सकेगी।

फॉर्म जमा होने के बाद खाद्य आपूर्ति विभाग की ओर से दिए गए पते का भौतिक सत्यापन भी किया जाएगा। अधिकारी आवेदक के घर जाकर पते और आवेदन में अपलोड की गई घर की फोटो की जांच करेंगे।

Ration Card New Application Rules
दिल्ली सरकार का बड़ा फैसला: आशा वर्करों का मानदेय हुआ दोगुना, अब 3000 की जगह मिलेंगे 6000 रुपये

सत्यापन के बाद जारी होगा राशन कार्ड

ऑनलाइन आवेदन, दस्तावेजों की जांच, eKYC और फील्ड वेरिफिकेशन पूरा होने के बाद ही नया राशन कार्ड जारी किया जाएगा। इससे आवेदन में दी गई जानकारी की वास्तविकता की जांच की जा सकेगी।

नए नियमों के तहत आवेदकों को आवेदन से पहले सभी जरूरी दस्तावेज तैयार रखने और परिवार के प्रत्येक सदस्य की eKYC पूरी कराने की जरूरत होगी। प्रक्रिया सख्त होने से अपात्र लोगों के राशन योजना का लाभ लेने पर रोक लगाने की कोशिश की जा रही है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com