

Aadhaar Document Update : आधार कार्ड धारकों के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है। अगर आप लंबे समय से अपने आधार से जुड़े दस्तावेज अपडेट करने की सोच रहे थे लेकिन किसी कारण से यह काम टाल रहे थे, तो अब आपके पास अतिरिक्त समय है। भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) ने आधार से जुड़े दस्तावेजों को मुफ्त में ऑनलाइन अपडेट करने की सुविधा को एक साल के लिए और बढ़ा दिया है।
अब आधार कार्ड धारक 14 जून 2027 तक बिना किसी शुल्क के अपने दस्तावेज अपडेट कर सकेंगे। इससे पहले यह सुविधा जून 2026 तक उपलब्ध थी। UIDAI ने बताया कि लोगों की सकारात्मक प्रतिक्रिया को देखते हुए इस सुविधा की अवधि बढ़ाने का फैसला लिया गया है।
यह मुफ्त सुविधा केवल myAadhaar पोर्टल के माध्यम से उपलब्ध होगी और यह पहचान प्रमाण (Proof of Identity - PoI) तथा पते के प्रमाण (Proof of Address - PoA) से जुड़े दस्तावेजों पर लागू होगी। यदि आधार प्रोफाइल में मौजूद जानकारी को अपडेट या दोबारा सत्यापित करना है, तो उपयोगकर्ता घर बैठे यह प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।
इसके लिए सबसे पहले myAadhaar पोर्टल पर आधार नंबर और OTP की मदद से लॉगिन करना होगा। इसके बाद जरूरी दस्तावेजों की स्कैन कॉपी अपलोड करनी होगी और आवेदन जमा करना होगा। आवेदन जमा होने के बाद 14 अंकों वाला Update Request Number (URN) मिलेगा, जिससे आवेदन की स्थिति ट्रैक की जा सकेगी।
UIDAI ने यह भी जानकारी दी है कि मौजूदा mAadhaar ऐप को जल्द ही बंद किया जाएगा और उसकी जगह नया Aadhaar App लाया जाएगा। नए ऐप में QR आधारित आधार शेयरिंग, बेहतर प्राइवेसी सेटिंग और आसान डिजिटल सेवाओं जैसी सुविधाएं दी जाएंगी।
हालांकि ध्यान देने वाली बात यह है कि मुफ्त सुविधा सिर्फ ऑनलाइन अपडेट के लिए है। अगर कोई व्यक्ति आधार सेवा केंद्र पर जाकर दस्तावेज अपडेट करवाता है, तो उसे 75 रुपये शुल्क देना होगा। ऐसे में आधार धारकों के लिए यह अच्छा मौका है कि वे समय रहते अपने रिकॉर्ड अपडेट कर लें।