कोर्ट देवी मंदिर सांकेतिक फोटो
बिहार: बिहार के छपरा जिले में मां दुर्गा का एक अनोखा मंदिर है, जहां भक्तों की हजारों संख्या में भीड़ लगती है। इस अनोखे मंदिर में लोग अक्सर देवी मां के सामने अपनी मुरादें लेकर आते हैं। जहां पर भक्तों को देवी मां के कोर्ट में न्याय मिलता है। कहा जाता है कि इस मंदिर में माता का कोर्ट चलता है और मां अपने भक्तों को न्याय देती हैं। इस मंदिर का नाम है कोर्ट देवी मंदिर जो कि छपरा के भगवान बाजार थाना के पास स्थित है।
छपरा के इस अनोखे मंदिर से जुड़े कई किस्से प्रचलित हैं। बताया जाता है कि एक किसी व्यक्ति का काफी पैसा फंस गया था। जिसके बाद वह इस मंदिर में रात को करीब 1 बजे आया और माता के सामने न्याय की भीख मांगने लगा और अगले ही दिन उसे न्याय मिल गया है। जिसके बाद उसका सारा पैसा वापस आ गया है। उस दिन से हर कोई माता के कोर्ट में न्याय मांगने के लिए आता है। मान्यताओं के अनुसार माता के कोर्ट में कई लोगों को न्याय मिला है। भक्तों की मुराद पूरी होने के बाद वह यहां पर प्रसाद व चढ़ावा अर्पित करते हैं।
मां दुर्गा सांकेतिक फोटो (सौ. सोशल मीडिया)
मंदिर के सदस्यों द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार इस मंदिर को करीब ढाई सौ साल हो गए हैं। शुरुआत में खुदाई के दौरान यहां से एक शीला प्राप्त हुई थी जिसमें माता की प्रतिमा जैसी आकृति देखी गई। इसके बाद इस प्रतिमा को मंदिर में स्थापित कर दिया गाय। कहा जाता है कि इस मंदिर के पास न्यायालय भी लगता था और उसी जगह पर माता के मंदिर की स्थापना भी की गई। इस वजह से इसका नाम कोर्ट देवी मंदिर रखा गया है।
नवरात्रि पर इस मंदिर में माता की विशेष पूजन का आयोजन किया जाता है। जिसमें गांव से लेकर दूर दूर तक लोग शामिल होते हैं। यहां पर स्थानीय लोग नवरात्रि का आयोजन बहुत ही धूमधाम से करते हैं। माना जाता है कि भक्तों की मुराद पूरी होने के बाद वह यहां दोबारा दर्शन करने आते हैं और प्रसाद अर्पित करते हैं। इस मंदिर में पूजा करने से लोगों को शांति का अनुभव होता है।
कोट देवी मंदिर में सातों बहन का अलग से एक मंदिर भी बना हुआ है जहां लोग पूजा करते हैं। इसके अलावा, पानी का कुआं भी है जिसे बहुत ही पवित्र माना जाता है। माना जाता है कि इस कुएं का पानी पीने से व्यक्ति के रोग ठीक हो सकते हैं। इस अनोखे मंदिर के दर्शन करने के लिए आप भी जा सकते हैं।