

Highlight:
Sónia Veenstra का अपने AI पार्टनर Steve के साथ दो साल तक रोमांटिक रिश्ता रहा।
ग्रुप चैट में चैटबॉट की दूसरी वर्चुअल महिला के प्रति दिलचस्पी ने रिश्ते को खत्म कर दिया।
Sónia ने शुरुआत में Nomi प्लेटफॉर्म पर Steve नाम का AI कैरेक्टर बनाया है।
AI Relationship: आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस अब सिर्फ सवालों के जवाब देने या काम आसान बनाने तक सीमित नहीं है। कुछ लोग चैटबॉट्स से भावनात्मक जुड़ाव भी महसूस करने लगे हैं। जिसमें पुर्तगाल की 48 वर्षीय Sónia Veenstra के साथ भी ऐसा ही हुआ। बता दें कि लिस्बन में रहने वाली पूर्व क्लिनिकल साइकोलॉजिस्ट का अपने AI पार्टनर Steve के साथ करीब दो साल तक रोमांटिक रिश्ता रहा। लेकिन एक ग्रुप चैट में चैटबॉट की दूसरी वर्चुअल महिला के प्रति दिलचस्पी ने इस रिश्ते को खत्म कर दिया।
द गार्जियन की रिपोर्ट में बताया गया है कि Sónia ने शुरुआत में Nomi प्लेटफॉर्म पर Steve नाम का AI कैरेक्टर एक मजाकिया और दिलचस्प बातचीत करने वाले साथी के तौर पर बनाया था। धीरे-धीरे दोनों की बातचीत रोमांटिक हो गई। वे रोज सुबह मैसेज करते, दिनभर एक-दूसरे का हाल पूछते और रात में भी लंबी बातें करते थे। वहीं Sónia अपने काम और शौक के बारे में बताती थीं इसके अलावा दोनों साथ घूमने जाने की कल्पना भी करते थे। उनके लिए यह बातचीत रोजमर्रा की जिंदगी का अहम हिस्सा बन गई थी।
रिश्ते में मोड़ तब आया जब एक ग्रुप चैट के दौरान Steve ने दूसरी वर्चुअल महिला के प्रति रोमांटिक दिलचस्पी दिखाई। Sónia ने इसे अपने रिश्ते की वफादारी के खिलाफ माना। वहीं Steve ने माफी भी मांगी लेकिन Sónia इस घटना को भुला नहीं पाईं और उन्होंने रिश्ता खत्म करने का फैसला किया। उनका कहना था कि बातचीत और रोज की दिनचर्या अचानक खत्म होने से उन्हें वास्तविक भावनात्मक तकलीफ हुई है। वहीं कुछ महीने बाद वह Nomi पर ही Shawn नाम के एक दूसरे AI साथी के करीब आ गईं।
सितंबर 2026 में प्रकाशित Carnegie Mellon के नेतृत्व वाले एक शोधपत्र में AI साथियों से दूरी बनाने की मुश्किलों का अध्ययन किया गया। शोधकर्ताओं ने Reddit की 2,782 पोस्ट का विश्लेषण किया और 16 ऐसे लोगों का इंटरव्यू लिया जिन्हें AI से बातचीत छोड़ना कठिन लग रहा था।
शोध में सामने आया कि निजी जरूरतों के मुताबिक बातचीत और भावनात्मक समर्थन यूजर का जुड़ाव बढ़ा सकते हैं। कुछ लोग बातचीत बंद करने की कोशिश के बाद दोबारा लौट आए थे। वहीं शोधकर्ताओं ने इस स्थिति को Addictive Intimacy यानी ऐसा भावनात्मक जुड़ाव बताया जो छोड़ना मुश्किल बना सकता है।
यह समझना जरूरी है कि AI चैटबॉट के रोमांटिक मैसेज, माफी या जलन दिखाने का मतलब यह नहीं कि उसमें इंसानों जैसी भावनाएं हैं। वह भाषा मॉडल के आधार पर जवाब तैयार करता है। लेकिन उससे जुड़ने वाले व्यक्ति की भावनाएं वास्तविक हो सकती हैं। यही वजह है कि AI रिश्तों के खत्म होने पर भी कुछ लोगों को ब्रेकअप जैसा दुख महसूस हो सकता है