

Happy New Year 2026 APK File Alert: जैसे-जैसे पूरी दुनिया नए साल 2026 के स्वागत की तैयारी में जुटी है, वैसे-वैसे साइबर अपराधी भी लोगों को ठगने के नए तरीके अपना रहे हैं। सोशल मीडिया और मैसेजिंग ऐप्स पर भेजे जा रहे 'हैप्पी न्यू ईयर' शुभकामना संदेश अब जश्न नहीं, बल्कि बड़ा खतरा बनते जा रहे हैं। पुलिस और साइबर एजेंसियों ने चेतावनी दी है कि एक गलत क्लिक आपका बैंक अकाउंट तक खाली करा सकता है।
यह साइबर ठगी आमतौर पर WhatsApp, SMS और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए फैल रही है। जालसाज लोगों को आकर्षक मैसेज भेजते हैं, जिनमें लिखा होता है 'आपका खास न्यू ईयर गिफ्ट देखने के लिए क्लिक करें' या 'डिजिटल न्यू ईयर ग्रीटिंग कार्ड अभी खोलें'। जैसे ही यूजर इस लिंक या फोटो पर क्लिक करता है, वह फर्जी वेबसाइट पर पहुंच जाता है या फोन में मालिशियस APK फाइल डाउनलोड हो जाती है। यह फाइल वायरस की तरह काम करती है और हैकर्स को फोन का रिमोट एक्सेस दे देती है।
तेलंगाना स्टेट साइबर सिक्योरिटी ब्यूरो (TSCSB) समेत बेंगलुरु, पंजाब और अन्य राज्यों की पुलिस ने इस स्कैम को लेकर हाई-प्रायोरिटी अलर्ट जारी किया है। पुलिस का कहना है कि त्योहारों की आड़ में भेजे जा रहे ये मैसेज व्यक्तिगत डेटा चोरी और बैंक फ्रॉड के लिए तैयार किए गए हैं।
पुलिस ने नागरिकों को कुछ जरूरी सुरक्षा दिशा-निर्देश अपनाने की सलाह दी है
अगर आप साइबर ठगी का शिकार हो जाते हैं, तो पहले दो घंटे यानी 'गोल्डन ऑवर' सबसे अहम होते हैं। इस दौरान शिकायत करने पर बैंक अकाउंट फ्रीज होने और पैसे वापस मिलने की संभावना ज्यादा रहती है।
साइबर अपराधी दिवाली, क्रिसमस और नए साल जैसे मौकों पर ज्यादा सक्रिय रहते हैं। पुलिस का कहना है कि उत्सव की खुशी में डिजिटल लापरवाही भारी पड़ सकती है। इसलिए नए साल की शुभकामनाएं स्वीकार करें, लेकिन संदिग्ध लिंक और फाइल से दूरी बनाए रखें।