

Highlight:
कप्तान शुभमन गिल के माथे पर लगा डिवाइस यूजर्स का ध्यान खींच रहा है।
डिवाइस Temple है जो जोमैटो के को-फाउंडर दीपिंदर गोयल ने विकसित किया है।
शरीर पर पड़ने वाले फिजिकल और फिजियोलॉजिकल संकेत समझा जा सकता है।
BrainFlow Technology: भारत और न्यूजीलैंड के बीच ऑकलैंड के ईडन पार्क में खेले गए पहले वनडे मुकाबले में कप्तान शुभमन गिल सिर्फ अपने खेल ही नहीं बल्कि एक खास गैजेट की वजह से भी चर्चा में रहे। बता दें कि गिल के माथे के एक तरफ चिपका छोटा-सा डिवाइस कैमरे और सोशल मीडिया यूजर्स का ध्यान खींचता नजर आया। इस डिवाइस का नाम Temple है जिसे जोमैटो के को-फाउंडर दीपिंदर गोयल से जुड़ी टीम ने विकसित किया है। इसकी खासियत यह है कि यह सामान्य स्मार्टवॉच की तरह कलाई पर नहीं बल्कि माथे के किनारे लगाया जाता है।
Temple एक हेल्थ और फिटनेस ट्रैकिंग वियरेबल है। इसे माथे के कनपटी वाले हिस्से के पास लगाया जाता है। इसका मकसद दिमाग में ब्लड फ्लो मतलब रक्त प्रवाह में होने वाले बदलावों और शरीर से जुड़े कुछ दूसरे संकेतों को ट्रैक करना है। इसमें ऑप्टिकल सेंसर और BrainFlow नाम की तकनीक इस्तेमाल की गई है। आसान भाषा में समझें तो सेंसर रोशनी की मदद से ऐसे संकेत पढ़ते हैं जिनसे दिमाग की ओर होने वाले रक्त प्रवाह में बदलाव का अंदाजा लगाया जा सके। साथ ही कंपनी का उद्देश्य इन जानकारियों के जरिए शारीरिक गतिविधि और मानसिक मेहनत के दौरान शरीर की प्रतिक्रिया समझना है।
Temple में Entropy नाम का एक स्कोर भी मिलता है। इसे शरीर पर पड़ने वाले फिजिकल और फिजियोलॉजिकल दबाव का संकेत समझा जा सकता है। एक्सरसाइज, नींद और तनाव जैसी चीजें इस स्कोर को प्रभावित कर सकती हैं। जिसका सीधा मतलब है कि यह किसी एक बीमारी या समस्या की पहचान करने वाला आंकड़ा नहीं है बल्कि अलग-अलग परिस्थितियों में शरीर की प्रतिक्रिया को समझने का प्रयास करता है। इस तरह का डेटा खिलाड़ियों को ट्रेनिंग और रिकवरी के दौरान अपने शरीर के पैटर्न समझने में मददगार हो सकता है। लेकिन इसे मेडिकल जांच या डॉक्टर की सलाह का विकल्प नहीं मानना चाहिए।
शुभमन गिल को न्यूजीलैंड दौरे के ट्रेनिंग सेशन में भी Temple पहने देखा गया था। इससे पहले भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु भी अगस्त में दिल्ली में हुई वर्ल्ड चैंपियनशिप के दौरान इसे पहने नजर आई थीं। लेकिन गिल ने सार्वजनिक रूप से यह नहीं बताया है कि वह इसे किस खास उद्देश्य से इस्तेमाल कर रहे हैं या यह भारतीय टीम के आधिकारिक फिटनेस प्रोग्राम का हिस्सा है।
Temple के पहले बैच के लिए प्री-ऑर्डर शुरू हो चुके हैं। शुरुआती जानकारी में बताया गया है कि इसकी कीमत करीब 85,000 रुपये रखी गई है। यह कीमत इसे आम फिटनेस बैंड और स्मार्टवॉच से अलग प्रीमियम कैटेगरी में रखती है। लेकिन अभी के लिए इसकी पूरी उपलब्धता और तकनीकी क्षमताओं को लेकर जानकारी सीमित है।