

Sony AI Powered Active Noise Cancellation Headphones India: टेक कंपनी Sony ने भारतीय संगीत प्रेमियों और गैजेट प्रेमियों के लिए अपने दो सबसे प्रतीक्षित ऑडियो प्रोडक्ट्स 1000X The Collexion हेडफोन्स और WF-1000XM6 वायरलेस ईयरबड्स को भारत में लॉन्च कर दिया है। इन प्रीमियम डिवाइसेज की सबसे बड़ी खासियत इनका AI-पावर्ड परफॉर्मेंस और Google Gemini इंटीग्रेशन है जो यूजर्स को एक स्मार्ट लिसनिंग एक्सपीरियंस देता है।
Sony ने अपने इन दोनों फ्लैगशिप मॉडल्स की कीमतों से पर्दा उठा दिया है। प्रीमियम 1000X The Collexion की कीमत 59,990 रुपये रखी गई है जबकि Sony WF-1000XM6 ईयरबड्स 29,990 रुपये के दाम पर उपलब्ध होंगे।
कलर ऑप्शंस की बात करें तो हेडफोन्स ब्लैक और प्लेटिनम कलर्स में मिलेंगे और ईयरबड्स ब्लैक और प्लेटिनम सिल्वर विकल्पों में उपलब्ध होंगे। इन दोनों की बिक्री 7 अगस्त से Amazon, Flipkart, Croma, Reliance Digital और Sony Centre जैसे प्रमुख प्लेटफॉर्म्स पर शुरू होगी।
Sony की मशहूर 1000X सीरीज की 10वीं एनिवर्सरी के मौके पर लॉन्च किए गए ये हेडफोन्स 30mm के कस्टम डायनामिक ड्राइवर्स के साथ आते हैं। इनका डिजाइन काफी हल्का (लगभग 320 ग्राम) है और इसमें चौड़े कुशन वाला हेडबैंड दिया गया है, ताकि लंबे समय तक इस्तेमाल करने पर भी आराम मिले।
साउंड क्वालिटी को बेहतरीन बनाने के लिए इसमें HD Noise Cancelling Processor QN3 और Integrated Processor V3 का इस्तेमाल किया गया है। एक्टिव नॉइज कैंसिलेशन (ANC) के लिए इसमें 12 माइक्रोफोन्स और मल्टी-नॉइज सेंसर टेक्नोलॉजी दी गई है।
ईयरबड्स सेगमेंट में Sony WF-1000XM6 एक नई क्रांति लेकर आया है। कंपनी का दावा है कि ये पुराने मॉडल WF-1000XM5 की तुलना में 25 प्रतिशत तक बेहतर ANC प्रदान करते हैं। इनमें 8.4mm के ड्राइवर्स और विशेष QN3e प्रोसेसर दिया गया है। बेहतर कॉल क्वालिटी के लिए इसमें AI-बैकड बीमफॉर्मिंग और बोन कंडक्शन सेंसर का उपयोग किया गया है, जो बैकग्राउंड शोर को कम करके आवाज को स्पष्ट बनाते हैं।
इन दोनों ही डिवाइसेज में Google Gemini का सपोर्ट मिलता है, जिससे आप वॉयस कमांड के जरिए अपनी दिनचर्या को आसान बना सकते हैं। इसके अलावा, इनमें Speak to Chat, वियरिंग डिटेक्शन और हेड जेस्चर कंट्रोल्स जैसे इंटेलिजेंट फीचर्स दिए गए हैं। गेमर्स के लिए इसमें 10-बैंड इक्वलाइज़र और Game EQ जैसे मोड भी शामिल हैं।
बैटरी के मामले में 1000X The Collexion हेडफोन्स ANC ऑन रहने पर 24 घंटे और ऑफ रहने पर 32 घंटे तक का बैकअप देते हैं। वहीं, WF-1000XM6 ईयरबड्स केस के साथ कुल 24 घंटे की बैटरी लाइफ प्रदान करते हैं। खास बात यह है कि ईयरबड्स में सिर्फ 5 मिनट की क्विक चार्जिंग से 50 मिनट का प्लेबैक मिलता है और इन्हें पानी की बौछारों से बचाने के लिए IPX4 रेटिंग भी दी गई है।