

Highlight:
Nothing का Nothing OS 5.0 सिस्टम रोलआउट होना शुरू हो गया है।
इसको सबसे पहले Nothing Phone 3 के लिए 12 अक्टूबर को अपडेट किया गया।
अब QR से Android से iPhone में फाइल भेजी जा सकती है।
Nothing OS 5.0 Update: Nothing ने Android 17 पर आधारित अपने नए ऑपरेटिंग सिस्टम Nothing OS 5.0 का रोलआउट शुरू कर दिया है। बता दें कि कंपनी ने 12 अक्टूबर 2026 को भारत में सबसे पहले Nothing Phone 3 के लिए यह अपडेट जारी करना शुरू किया था। ऐसे में आने वाले महीनों में इसे दूसरे Nothing और CMF स्मार्टफोन तक भी पहुंचाया जाएगा। जिसको लेकर कंपनी का कहना है कि इस अपडेट में डिजाइन, पर्सनलाइजेशन, परफॉर्मेंस और AI से जुड़े 80 से ज्यादा बदलाव शामिल किए गए हैं।
वहीं इस अपडेट का फोकस सिर्फ फोन का लुक बदलने पर नहीं है। इसमें रोजमर्रा के काम आसान बनाने, नोटिफिकेशन मैनेज करने और दूसरे डिवाइस के साथ फाइल शेयर करने के तरीके में भी बदलाव किए गए हैं।
Nothing OS 5.0 के बारे में बताए तो इसमें होम स्क्रीन को नया डिजाइन दिया गया है। जिसके बाद अब विजेट्स और सर्च बार में ट्रांसपेरेंट एलिमेंट्स देखने को मिलेंगे। इसके अलावा नया अडैप्टिव कलर सिस्टम फोन के वॉलपेपर के रंगों के आधार पर इंटरफेस को पर्सनल टच देगा। वहीं कंपनी ने माइक्रोग्राफिक्स क्लॉक फेस भी पेश किया है जहां समय, तारीख, मौसम और आने वाली मीटिंग की जानकारी एक नजर में देखी जा सकती है।
इसमें होम स्क्रीन एडिटिंग को भी आसान बनाया गया है। जिसके बाद अब यूजर एक साथ कई ऐप्स और विजेट्स को चुनकर दूसरी जगह ले जा सकते है। वहीं एक और बड़ा बदलाव नोटिफिकेशन और क्विक सेटिंग्स पैनल में हुआ है। जहां अब स्क्रीन के बाईं ओर से नीचे स्वाइप करने पर नोटिफिकेशन और दाईं ओर से स्वाइप करने पर क्विक सेटिंग्स खुलेंगी। इससे दोनों पैनल अलग-अलग इस्तेमाल किए जा सकते है।
Nothing में आने वाले खास Glyph Interface के लिए अब एक अलग ऐप दिया जा रहा है। जिसमें Glyph से जुड़े फीचर्स, साउंड, रिंगटोन और शेड्यूल एक ही जगह मैनेज किए जा सकते है। वहीं नया Glyph Timer विजेट होम स्क्रीन से टाइमर शुरू करने की सुविधा देगा जबकि फोन के पीछे मौजूद Glyph लाइट बचा हुआ समय दिखाएगी। इसके अलावा Essential Space में भी सुधार किए गए हैं। जिसमें नया Collector विजेट यूजर्स को कैमरा या गैलरी से पसंदीदा चीजों की तस्वीरों का कलेक्शन बनाने और उसे होम स्क्रीन या लॉक स्क्रीन पर दिखाने की सुविधा दी जा रही है। इससे यूजर अपनी पसंद के मुताबिक फोन को और ज्यादा पर्सनलाइज कर सकता है।
Nothing का दावा है कि OS 5.0 में टच रिस्पॉन्स, बैकग्राउंड ऐप्स को मेमोरी में बनाए रखने और सिस्टम रिसोर्स मैनेजमेंट को बेहतर किया गया है। इसका फायदा मल्टीटास्किंग के दौरान मिल सकता है क्योंकि फोन इस्तेमाल में चल रहे ऐप को प्राथमिकता देने और मेमोरी पर दबाव पड़ने पर रुकावटें कम करने की कोशिश करेगा। इसके अलावा क्विक सेटिंग्स में Bluetooth कंट्रोल को नया डिजाइन मिला है जिससे आसपास के डिवाइस से कनेक्ट या डिस्कनेक्ट करना आसान होगा।
वहीं अब कैमरा पहचाने गए QR कोड को स्क्रीन पर स्थिर रखेगा ताकि यूजर को उसे स्कैन करने के लिए बार-बार कैमरा पॉइंट न करना पड़े। इसके साथ ही एक अहम बदलाव Quick Share में भी है। जहां अब QR कोड के जरिए Android और iPhone के बीच फाइल शेयर की जा सकती है। जिसमें iPhone पर फाइल पाने के लिए अलग ऐप इंस्टॉल करने की जरूरत नहीं होगी यह फाइल सुरक्षित वेब लिंक के जरिए डाउनलोड की जा सकेगी।
Nothing Phone 3 यूजर्स अपने फोन में Settings > System > System updates पर जाकर अपडेट की उपलब्धता चेक कर सकते हैं। वहीं ध्यान रहे कि अपडेट चरणों में जारी किया जा रहा है इसलिए सभी यूजर्स को यह एक ही समय पर नहीं मिलेगा। इसको लेकर कंपनी के आधिकारिक रोडमैप में बताया गया है कि दूसरे Nothing और CMF स्मार्टफोन के लिए रोलआउट आने वाले महीनों में आगे बढ़ेगा। लेकिन अपडेट मिलने की तारीख डिवाइस के हिसाब से अलग हो सकती है। इसलिए फोन में अपडेट उपलब्ध होने पर ही उसे इंस्टॉल करें और सलाह दी जाती है कि प्रक्रिया शुरू करने से पहले जरूरी डेटा का बैकअप रखना ना भुले।