

Highlight:
नया एयर कंडीशनर खरीदने की प्लान कर रहे हैं तो नॉर्मल और इन्वर्टर AC का नाम आता है।
इन्वर्ट AC का मतलब घर में इस्तेमाल होने वाले पावर बैकअप इन्वर्टर से नहीं है।
नॉन-इन्वर्टर AC में कंप्रेसर एक तय स्पीड पर काम करता है।
Difference Between Normal AC and Inverter AC: मौसम के हिसाब से घरों में AC की जरूरत सभी के लिए अलग हो सकती है। ऐसे में अगर आप नया एयर कंडीशनर खरीदने की प्लानिंग कर रहे हैं तो शोरूम या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर आपके सामने दो विकल्प होते है जिसमें नॉर्मल AC और इन्वर्टर AC का नाम आता है। वहीं दोनों का काम कमरे को ठंडा करना है लेकिन इनकी टेक्नोलॉजी और बिजली की खपत में काफी अंतर होता है।
इसमें खास बात यह है कि इन्वर्टर AC का मतलब घर में इस्तेमाल होने वाले पावर बैकअप इन्वर्टर से नहीं है। यहां इन्वर्टर एक ऐसी टेक्नोलॉजी है जो AC के कंप्रेसर की स्पीड को जरूरत के हिसाब से कंट्रोल करती है। ऐसे में आइए समझते हैं कि आपके घर के लिए कौन सा AC खरीदना फायदे का सौदा हो सकता है।
किसी भी एयर कंडीशनर का सबसे जरूरी हिस्सा उसका कंप्रेसर होता है। जिसमें नॉर्मल मतलब नॉन-इन्वर्टर AC में कंप्रेसर एक तय स्पीड पर काम करता है। जब कमरा आपके सेट किए गए तापमान तक ठंडा हो जाता है तो कंप्रेसर बंद हो जाता है। वहीं तापमान दोबारा बढ़ने पर यह पूरी क्षमता के साथ चालू होता है। इस प्रक्रिया के कारण कमरे के तापमान में थोड़ा उतार-चढ़ाव हो सकता है।
वहीं इन्वर्टर AC में वेरिएबल स्पीड कंप्रेसर होता है। जिसका सीधा मतलब है कि कमरा ठंडा होने के बाद कंप्रेसर पूरी तरह बंद होने के बजाय अपनी स्पीड कम कर देता है। इससे तापमान को स्थिर रखने में मदद मिलती है और कूलिंग भी ज्यादा आरामदायक माहौल भी रहता है।
बिजली की बचत के मामले में इन्वर्टर AC को आमतौर पर बढ़त मिलती है। इसकी वजह यह है कि कंप्रेसर कमरे की जरूरत के हिसाब से अपनी स्पीड बदलता रहता है। दूसरी तरफ नॉर्मल AC में बार-बार कंप्रेसर चालू और बंद होता है।
लेकिन इन्वर्टर AC कितनी बिजली बचाएगा इसका कोई एक निश्चित प्रतिशत नहीं है। यह AC की क्षमता, स्टार रेटिंग, कमरे के आकार, बाहर के तापमान और इस्तेमाल के घंटों पर निर्भर करता है। ऐसे में अगर आप रोजाना कई घंटे AC चलाते हैं तो इन्वर्टर मॉडल लंबे समय में बिजली का खर्च कम करने में मदद कर सकता है।
आमतौर पर इन्वर्टर AC की शुरुआती कीमत नॉर्मल AC से ज्यादा होती है। इसके अलावा इसमें इलेक्ट्रॉनिक PCB सर्किट बोर्ड होता है जिसके खराब होने पर मरम्मत का खर्च अधिक हो सकता है। लेकिन सही इस्तेमाल और समय पर सर्विसिंग से AC की परफॉर्मेंस बनाए रखने में मदद मिलती है। यह कहना सही नहीं होगा कि हर इन्वर्टर AC की उम्र नॉर्मल AC से ज्यादा होती है।
अगर आपका AC इस्तेमाल रोजाना ज्यादा समय तक होता है तो इन्वर्टर AC एक अच्छा विकल्प हो सकता है। वहीं कम इस्तेमाल और सीमित बजट में नॉन-इन्वर्टर AC पर विचार किया जा सकता है।
साथ ही खरीदारी से पहले BEE स्टार रेटिंग और ISEER वैल्यू जरूर देखें। ज्यादा ISEER का मतलब बेहतर ऊर्जा दक्षता है। साथ ही AC की कूलिंग क्षमता कमरे के आकार के हिसाब से चुनें। स्टेबलाइजर की जरूरत भी संबंधित मॉडल की वोल्टेज ऑपरेटिंग रेंज देखकर तय करें।