

Highlight:
Nokia 2360 Flip फोन को बाजार में पेश कर दिया गया है।
इस फोन में SOS बटन, Family Assist और बच्चों के लिए पैरेंटल कंट्रोल फीचर्स हैं।
फोन Burgundy Red, Charcoal और Teal कलर में पेश किया गया है।
फोन की आधिकारिक कीमत और बिक्री की तारीख का खुलासा नहीं किया है।
Nokia 2360 Flip: स्मार्टफोन के दौर में भी कई लोग ऐसे हैं जिन्हें बड़े डिस्प्ले, इंटरनेट और ढेरों ऐप्स की जरूरत नहीं होती। इसमें खासकर बुजुर्गों और छोटे बच्चों के लिए आसान कॉलिंग और सुरक्षा ज्यादा मायने रखती है। इसी जरूरत को ध्यान में रखते हुए HMD ने नया Nokia 2360 Flip पेश किया है। यह एक फीचर फोन है जिसमें पुराने जमाने का फ्लिप डिजाइन तो मिलता ही है साथ में कुछ ऐसे फीचर्स भी दिए गए हैं जो इसे सामान्य कीपैड फोन से अलग बनाते हैं। वहीं इसमें SOS बटन, Family Assist और बच्चों के लिए पैरेंटल कंट्रोल जैसे फीचर्स शामिल हैं।
Nokia 2360 Flip के बारे में बताए तो इसकी सबसे खास बात इसका Family Assist फीचर है। इसकी मदद से परिवार के सदस्य अपने स्मार्टफोन के जरिए इस फोन की कुछ सेटिंग्स को दूर से मैनेज कर सकते हैं। जिसका सीधा मतलब है कि वे नए कॉन्टैक्ट जोड़ सकते हैं, फोन का वॉल्यूम बदल सकते हैं और रोजमर्रा के कामों के लिए रिमाइंडर सेट कर सकते हैं।
वहीं यह फीचर उन परिवारों के लिए उपयोगी हो सकता है जिनके घर में बुजुर्ग सदस्य हैं और जिन्हें फोन की सेटिंग्स समझने में परेशानी होती है। इसके अलावा बच्चों के लिए इसमें School Mode और कॉन्टैक्ट लिमिट करने जैसे पैरेंटल कंट्रोल भी दिए गए हैं।
फोन के फीचर्स को देखे तो इसमें पीछे एक डेडिकेटेड SOS बटन दिया गया है। इसे तीन सेकंड तक दबाकर रखने पर फोन पहले से तय इमरजेंसी कॉन्टैक्ट को कॉल करता है और अधिकतम पांच अन्य सेव किए गए नंबरों पर अलर्ट मैसेज भेजता है। इससे जरूरत के समय बिना कॉन्टैक्ट लिस्ट में नंबर खोजे परिवार के लोगों तक पहुंचना आसान हो सकता है। लेकिन यह फीचर नेटवर्क उपलब्धता पर निर्भर करता है और सरकारी इमरजेंसी सेवाओं का विकल्प नहीं है।
इस फोन में 2.8 इंच की मेन डिस्प्ले और 1.77 इंच की बाहरी स्क्रीन दी गई है। इसका क्लैमशेल डिजाइन फोन बंद होने पर मुख्य डिस्प्ले और कीपैड को सुरक्षित रखने में मदद करता है। वहीं इसमें 1,450mAh की रिमूवेबल बैटरी, QVGA कैमरा, 4MB इंटरनल स्टोरेज, FM रेडियो, लाउडस्पीकर और 3.5mm हेडफोन जैक मिलता है। फोन Burgundy Red, Charcoal और Teal कलर में पेश किया गया है। लेकिन इसकी एक बड़ी कमी है। यह फोन केवल 2G नेटवर्क सपोर्ट करता है। ऐसे में खरीदने से पहले अपने मोबाइल ऑपरेटर के नेटवर्क की अनुकूलता जरूर जांचनी होगी।
HMD ने अभी के लिए Nokia 2360 Flip की आधिकारिक कीमत और बिक्री की तारीख का खुलासा नहीं किया है। साथ ही भारत में इसकी लॉन्चिंग को लेकर भी अभी कोई आधिकारिक जानकारी नहीं है। ऐसे में इसकी कीमत सामने आने के बाद ही पता चलेगा कि यह दूसरे फीचर फोन के मुकाबले कितना किफायती साबित हो सकती है।